*श्रद्धालुओं ने दिया डूबते सूर्यदेव को अर्घ्य*
सुल्तानपुर,लोक आस्था के महापर्व छठपूजा के आज तीसरे दिन सीताकुण्ड घाट समेत सभी छठ घाटों पर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा पड़ा। गोमती नदी घाट,धोपाप धाम घाट समेत पोखरों के तट भक्ति गीतों और दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठे। व्रतधारियों महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज की मंगलकामना के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर पूजा अर्चना की,वहीं पुरुषों और बच्चों ने श्रद्धा भाव से पूर्ण सहयोग किया। सीताकुण्ड घाट पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल और केंद्रीय पूजा समिति अध्यक्ष ओम प्रकाश पाण्डेय पहुंचे। सभी प्रोटोकॉल के साथ लोगों ने छठ पूजा के अवसर पर सेल्फी लेते हुए भी दिखे। वहीं भारी संख्या में भीड़ में सभी साथ में घूमते नजर आए। वही सुल्तानपुर में भी छठपूजा कि रही धूम। आज सुल्तानपुर में धूमधाम से छठ महापर्व मनाया जा रहा है। सभी घाटों पर श्रद्धालु पहुंचे हैं। व्रती महिलाएं जल में खरी होकर छठी मैय्या की आराधना कर रही हैं। शहर का स्वर्ण सामाज गोमती नदी सीताकुण्ड घाट श्रद्धालुओं से पट चुका है। श्रद्धालु दूध और जल से भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य दे रहे हैं। सुल्तानपुर के विभिन्न इलाकों सहित सीताकुण्ड घाट गोमती नदी घाट पर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। घाटों पर भी सुंदर साज-सज्जा और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। दीपों और झालरों की चमक से पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग गया है। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर पूरे नियम-निष्ठा के साथ 36 घंटे का निर्जला जल व्रत निभाते हुए अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रही हैं। छठ घाटों पर गूंजते पारंपरिक गीत माहौल को और अधिक भक्तिमय बना रहे हैं।
*धैर्य,समर्पण और सही तैयारी ही सफलता की कुंजी है-लेफ्टिनेंट कर्नल अरविंद सिंह यादव*
सुल्तानपुर,राणा प्रताप पी जी कॉलेज में 18 यूपी बटालियन एनसीसी प्रतापगढ़ के त्रिजनपदीय वार्षिक 10 दिवसीय शिविर सी ए टी- 75 के षष्टम दिन की शुरुआत पी टी और योगा से हुई। उसके बाद फायरिंग, गार्ड माउंटिंग ड्रिल, सेटिंग मैप, फाइंडिंग नार्थ एंड ओन पोजीशन पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया । एसएसबी साक्षात्कार हेतु कैडेटस को मार्गदर्शित करते हुए कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अरविंद सिंह यादव कहा कि एसएसबी एक परीक्षा नहीं, बल्कि एक चयन प्रक्रिया है जो आपको अफसर बनाने की क्षमता तलाशती है। कृत्रिम व्यक्तित्व की बजाय अपने वास्तविक, अनुशासित और सकारात्मक व्यक्तित्व को प्रस्तुत करें। धैर्य, समर्पण और सही तैयारी ही सफलता की कुंजी है। सिविल डिफेंस ऑर्गनाइजेशन एंड एनडीएमआर पर रक्षा सेवाओं में अवसर और संभवानाएं पर कैडेट्स की जिज्ञासाओं का समाधान किया और विस्तृत जानकारी देते हुए कर्नल एस के मोर ने कहा कि रक्षा सेवाएं सिर्फ एक नौकरी नहीं बल्कि राष्ट्र को समर्पित जीवन का संकल्प हैं। इसमें करियर की असंख्य संभावनाएं हैं, बशर्ते युवा इसके प्रति जुनून, समर्पण और देशभक्ति की भावना लेकर आगे बढ़ें। आज का युवा यदि अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता के साथ देश की सेवा का संकल्प लेता है, तो रक्षा सेवाएं उसके लिए एक उज्ज्वल, सम्मानजनक और गौरवपूर्ण भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती हैं। प्रशिक्षण के अवसर पर डिप्टी कैम्प कमांडेंट सूबेदार मेजर इकबाल सिंह, ट्रेनिंग इंचार्ज लेफ्टिनेंट इम्तियाज खान,कैप्टन विनोद सिंह, लेफ्टिनेंट एस के मिश्र, सेकेंड आफिसर आर बी सिंह,दिग्विजय सिंह, महाविद्यालय अध्यक्ष संजय सिंह, प्रबंधक बालचंद्र सिंह, प्राचार्य प्रो ड़ी के त्रिपाठी, महाविद्यालय एनसीसी अधिकारी डॉ आलोक कुमार के साथ डॉ अखिलेश सिंह, बृजेश कुमार सिंह, डॉ संतोष अंश, दिलीप सिंह, विनय सिंह आदि उपस्थित रहे।
*अर्ध संध्या पर डूबते सूर्य को जल देने की परंपरा*
आज छठ पूजा के दौरान अर्ध संध्या पर डूबते सूर्य को जल देने की परंपरा है। इस पूजा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है,जिसमें सूर्य देवता को जल अर्पित किया जाता है। इस दौरान भक्त व्रत रखते हैं और सूर्य देवता की पूजा अर्चना करते हैं। अर्ध संध्या पर जल देने का एक अलग महत्व होता है। इसलिए सूर्य देवता को अर्ध संध्या पर जल देने से सूर्य देवता प्रसन्न होते है, जो जीवन को ऊर्जा और शक्ति प्रदान करते हैं।
जल अर्पित करने से आध्यात्मिक शुद्धि होती है और आत्मा को शांति मिलती है। अर्ध संध्या पर जल देने के लिए नदी या जलाशय में खड़े होकर सूर्य देवता को जल अर्पित किया जाता है। जल अर्पित करते समय सूर्य देवता की स्तुति की जाती है और उनकी कृपा की प्रार्थना की जाती है।
*मासूम बेटे के सामने मां की मौत,मायके से घर लौटते समय पति की बाइक को DCM ने मारी टक्कर,अमेठी का रहने वाला है परिवार*
सुल्तानपुर में एक मासूम बेटे के सामने उसकी मां ने दम तोड़ दिया। महिला पति के साथ बाइक से मायके से सुसराल जा रही थी। हादसा लखनऊ- वाराणसी हाइवे पर बंधुआकला थाना क्षेत्र के दादूपुर के पास देर शाम को हुआ है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया है। पीपरपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर के भादाओ निवासी रमेश (28वर्ष) पत्नी रानी (24वर्ष) और बेटा अनिरुद्ध (2वर्ष) को बाइक से लेकर सुबह सुसराल कुड़वार थाना क्षेत्र मगदुमपुर लेकर गया था। वहां से शाम 5 बजे परिवार को वो घर लेकर लौट रहा था। जब वे लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर बंधुआ कला के दादूपुर के पास पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रक में टक्कर मार दिया। इससे पत्नी रानी सड़क पर जा गिरी और उसे हेड इंजरी हो गई। जबकि पति व बच्चा बाल बाल बच गए। स्थानीय लोग उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचायत नामा भर कर शव को पोस्टमार्टम में भेज कर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर जैसे ही घटना की सूचना रानी के मायके पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे और बेटी का चेहरा देखकर फूट फूटकर रोने लगे। थाना प्रभारी बंधुआकला धर्मवीर सिंह ने बताया कि ट्रक को पकड़ कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवार से तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
*कांग्रेस में करना पड़ता है एक परिवार की चमचागिरी,बिहार CM फेस पर बोले,नीतीश कुमार के नेतृत्व में हो रहा चुनाव*
सुल्तानपुर में 'सशक्त नारी-सशक्त भारत' के संकल्प कार्यक्रम जिला कार्यालय पर आयोजित हुआ। जिसमें राज्यसभा सांसद व प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्या पहुंचे। मीडिया से बात में NDA के बिहार सीएम फेस पर बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने कहा है पार्टी 100 परसेंट जीतेगी। वहां पर भारतीय जनता पार्टी एनडीए की सरकार है, मुख्यमंत्री वहां पर ऑलरेडी नीतीश कुमार जी हैं। उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव हो रहा है, तो अन्य विषय कोई है ही नहीं। वही कांग्रेस पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा देखिए देश की आजादी के बाद जो महिलाओं की भूमिका कांग्रेस सरकार को करनी चाहिए थी उन्होंने सिर्फ परिवार और रिश्तेदार तक उन्होंने सीमित कर दिया था। नरेंद्र मोदी ने उन गरीब परिवार की महिलाओं,बहन- बेटियों को भी भारत देश के हर काम में आगे आने का अधिकार दिया है और उसी की कड़ी में हम जो हैं नारी शक्ति को आगे ले जा रहे हैं। देश की राष्ट्रपति जो हैं एक गरीब परिवार की बेटी हैं, किसी नामदार कि नहीं हैं एक गरीब परिवार की बेटी, आदिवासी समाज से निकल करके राष्ट्रपति के पद पर हैं। एक गरीब परिवार के जन्मे आज देश के प्रधानमंत्री हैं। यह भारत में बदलाव दिख रहा है, यह बदलाव भारत में 70 सालों कांग्रेस नहीं कर सकी थी। वहां तो एक परिवार की चमचागिरी करना का पड़ता है। खेसारी लाल के चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा यह लोकतंत्र है, लोकतंत्र में किसी को चुनाव लड़ने नहीं लड़ने का प्रश्न नहीं है। भारत में लोकतंत्र है और सबको चुनाव लड़ने का अधिकार है नीतियों के साथ में चुनाव लड़ने का। जनता के विकास के लिए, जनता के रोजगार के लिए, देश के लिए। और यह भारतीय जनता पार्टी एनडीए की सरकार करती है। उन्होने कहा भारत के विकसित राष्ट्र का संकल्प जब मातृ शक्ति आगे आएगी तो 100% पूरा होगा। नरेंद्र मोदी की योजनाएं आपने देखा होगा, स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का हो या कोई उद्यम शुरू करने का यह सब योजनाएं प्रधानमंत्री ने प्रारंभ किया।
*प्रभारी सीएमएस के बिगड़े बोल,आप कार्यकर्ताओं से कहा-हमारी नहीं, सरकार की अर्थी निकालो*
सुल्तानपुर के बिरसिंहपुर अस्पताल के प्रभारी सीएमएस का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं से अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर बात करते हुए कह रहे हैं कि अगर अर्थी निकालनी है तो सरकार या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निकालें, उनकी या सीएमओ की क्यों। यह घटना तब हुई जब आप कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की बदहाली पर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याएं ठीक नहीं हुईं, तो वे प्रभारी सीएमएस और सीएमओ की अर्थी बिरसिंहपुर बाजार में निकालेंगे। इसके जवाब में प्रभारी सीएमएस डॉ. भास्कर ने यह टिप्पणी की। आप कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में कई गंभीर अव्यवस्थाएं गिनाईं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा हफ्ते में केवल एक दिन उपलब्ध है, जिसके लिए प्रभारी सीएमएस ने एडी के आदेश का हवाला दिया। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मरीजों को मुख्य पर्ची पर एक दवा लिखकर, बाकी 8-10 दवाएं अलग से एक 'खर्रे' पर दी जाती हैं, जिनका कोई विकल्प अस्पताल में उपलब्ध नहीं होता। इसके अलावा, एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी नदारद हैं। बातचीत के दौरान, प्रभारी सीएमएस ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और अस्पताल के सीएमएस होने के नाते वे ही निर्णय लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सीएमएस और सीएमओ के हाथ में सब कुछ नहीं है, और अस्पताल के 'गार्जियन' के तौर पर सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जिम्मेदारी बनती है।
*डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत*
सुल्तानपुर,गोसाईगंज थाना क्षेत्र के टांडा-बांदा हाईवे पर मोतीगंज बाजार में बेकाबू डंपर की चपेट में आने से प्राइवेट कर्मी अलहदादपुर निवासी की मौत हो गई। पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक सड़क पार कर रहा था, तभी हादसा हुआ। गोसाईगंज थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटना करीब सात बजे के आसपास हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नीरज पाल पुणे में रहकर प्राइवेट फर्म में नौकरी करता था। दीपावली में घर आया था।
*कैशबैक का झांसा देकर लाखों की ठगी, पीड़ित कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज*
सुल्तानपुर में पेटीएम से कैशबैक का झांसा देकर साइबर ठग ने एक व्यक्ति के खाते से लगभग 75 हजार रुपये की धनराशि निकाल लिया। पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाने पुलिस लाइन में केस दर्ज किया गया है। शहर के नरायनपुर निवासी अमित सिंह  की माने तो उनका बैंक खाता पयागीपुर बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में संचालित है। खाते से उनका मोबाइल नंबर लिंक है। आरोप है कि गत दिनों उनके मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अमित को बताया कि आपको पेटीएम से कैश बैक मिला है। उसको पाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करना होगा। उसके झांसे में आकर अमित ने मोबाइल पर आए लिंक पर जैसे क्लिक किया। इसके बाद उनके खाते से 75,000 रुपये धनराशि कट गई। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
*पूनम फोगाट ने नागपुर पहलवान संजय को हराया*
सुल्तानपुर,भदैयाँ ब्लॉक के मिश्रपुर पुरैना ग्राम पंचायत में आयोजित राष्ट्रीय विराट दंगल में राष्ट्रीय व स्थानीय पहलवानों ने अपना दम-ख़म दिखाया। कॉमनवेल्थ गेम विजेता हरियाणा के हिसार की पूनम फोगाट और नागपुर के संजय पहलवान के बीच कुश्ती मुकाबला हुआ। इसमें पूनम फोगाट ने संजय पहलवान को पटकनी दे डाली। चल रही कुश्ती प्रतियोगिता में हरियाणा की अंशु मलिक ने चित्रकूट के कृष्ण पहलवान को हराकर विजेता बनीं। मथुरा के राहुल और गाजियाबाद के लालू के बीच आठ मिनट की हुई कुश्ती बराबरी पर छूटी। महाराष्ट्र की मनीषा ने कंचन को पटखनी दी। हरियाणा के सोनू ने कानपुर के सोनू को हराया।
*अगर सपने बड़े हैं, तो रास्तों की मुश्किलों से डरना नहीं- रविंद सिंह*
सुल्तानपुर,राणा प्रताप पी जी कॉलेज में 18 यूपी बटालियन एनसीसी प्रतापगढ़ के त्रिजनपदीय वार्षिक 10 दिवसीय शिविर सी ए टी- 75 के पंचम दिन की शुरुआत पी टी से हुई। आठ बजे से ड्रिल प्रैक्टिस ,मिलट्री सिंबल कंविंसल साइन, जजिंग डिस्टेंस , 5.56 एम एम इन सास की जानकारी कैडेट्स को दी गयी। स्पोर्ट्स के अंतर्गत वालीबॉल, कब्ड्डी, खोखो की प्रतियोगिता हुई। कैडेटस ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का अभ्यास किया। लेफ्टिनेंट कर्नल अरविंद सिंह यादव ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व के कई प्रकार माने जाते हैं, जो लीडर के व्यवहार, निर्णय लेने की शैली और अनुयायियों पर प्रभाव के आधार पर निर्धारित होते हैं। हर नेतृत्व शैली की अपनी विशेषताएँ होती हैं। एक आदर्श लीडर वह है जो परिस्थिति के अनुसार अपनी नेतृत्व शैली को परिवर्तित कर सके। यातायात पुलिस इंस्पेक्टर राम निरंजन ने यातायात नियमों पर कैडेटस से चर्चा करते हुए कहा कि यातायात नियम सड़क पर सुरक्षा, अनुशासन और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं। इनका पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जीवन सुरक्षित रहे। सेकेंड आफिसर रविन्द्र सिंह ने मोटिवेशन पर कैडेटस को बताया कि अगर सपने बड़े हैं, तो रास्तों की मुश्किलों से डरना नहीं क्योंकि कठिन रास्ते ही अक्सर शानदार मंज़िलों तक ले जाते हैं। बस पहला कदम हिम्मत से उठाइए, रास्ते खुद बनते जाएंगे। इसके पश्चात रोल कॉल में कैंप कमांडेंट अरविंद सिंह यादव द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के अवसर पर डिप्टी कैम्प कमांडेंट सूबेदार मेजर इकबाल सिंह, ट्रेनिंग इंचार्ज लेफ्टिनेंट इम्तियाज खान,कैप्टन विनोद सिंह,लेफ्टिनेंट एस के मिश्र,सेकेंड आफिसर आर बी सिंह, दिग्विजय सिंह,महाविद्यालय अध्यक्ष संजय सिंह,प्रबंधक बालचंद्र सिंह, प्राचार्य प्रो ड़ी के त्रिपाठी,महाविद्यालय एनसीसी अधिकारी डॉ आलोक कुमार के साथ डॉ संतोष अंश,डॉ संतोष सिंह, दिलीप सिंह,विनय सिंह अशोक, आशुतोष,संजय कुमार, राजेश कुमार, आदि उपस्थित रहे।