सहारनपुर: आतंक का पर्याय बना एक लाख का इनामी इमरान पुलिस मुठभेड़ में ढेर, संगीन धाराओं में दर्ज थे मुकदमे
लखनऊ/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में काफी समय से आतंक का पर्याय बने कुख्यात बदमाश एक लाख का इनामी इमरान को पुलिस ने रविवार देर रात में सहारनपुर जिले में मुठभेड़ के दौरान ढ़ेर कर दिया।
लूट, डकैती व हत्या समेत कई घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहा बदमाश पुलिस के लिए चुनौती बन चुका था।
पुलिस का दावा है कि कुख्यात बदमाश मोटरसाइकिल लूटकर भाग रहा था। मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश के खिलाफ पूर्व में मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली सहित अन्य जिलों के थानों में एक दर्जन से अधिक संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।

मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर गागलहेड़ी के हाथ में गोली लगने से घायल हुए हैं। डीआईजी अभिषेक सिंह, एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी ग्रामीण सागर जैन समेत आला अफसरों ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। मूल रूप से शामली जिले के थाना भवन क्षेत्र स्थित रसूलपुर गांव निवासी बदमाश इमरान पर डकैती व लूट की कई वारदातों में मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि इमरान सहारनपुर जिले में एक मोटरसाइकिल लूटकर भाग रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे दबोचने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया। पुलिस के आलाधिकारियों ने इसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
डीआईजी अभिषेक सिंह के के मुताबिक इनामी बदमाश इमरान की तलाश पुलिस के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था।

उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में लगाई गई पुलिस की टीमें रविवार देर रात  क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी कि उसी समय कुख्यात बदमाश इमरान और पुलिस का आमना-सामना हो गया। पुलिस ने उसको रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने अपने बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह वहीं पर ढेर हो गया।
पुलिस और बदमाश के बीच हो रही मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीआईजी अभिषेक सिंह, एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी ग्रामीण सागर जैन सहित कई पुलिस के अफसर मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी।
*पत्रकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सुप्रीम कोर्ट का संरक्षण: सरकार की आलोचना अपराध नहीं*

*पत्रकारों पर आपराधिक मामला दर्ज करना अब आसान नहीं*

लखनऊ/ नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक अहम फैसले में यह स्पष्ट कर दिया है कि केवल सरकार की आलोचना करने के आधार पर किसी पत्रकार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया जा सकता। यह निर्णय वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक उपाध्याय की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए दिया गया है, जिससे देश में प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है।

इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने अभिषेक उपाध्याय के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए यूपी पुलिस को नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा कि पत्रकारों को विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत प्राप्त है और यह किसी भी लोकतंत्र की मूल आत्मा है।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि कोई पत्रकार शांतिपूर्ण और तथ्यपरक तरीके से सरकार की आलोचना करता है, तो वह अपराध नहीं माना जा सकता। यह संविधान के मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ होगा।

इस निर्णय को प्रेस की आज़ादी और पत्रकारों के अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। देशभर के पत्रकार संगठनों और स्वतंत्र विचारकों ने कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे सत्ता के दबाव में की जाने वाली मनमानी कार्रवाइयों पर लगाम लगेगी।

सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला स्पष्ट संकेत देता है कि लोकतंत्र में सत्ता की आलोचना एक अधिकार है, न कि अपराध।
*बेटियों में आत्मविश्वास और साहस का संचार, सेल्फ डिफेंस कार्यशालाओं से बढ़ी सुरक्षा की शक्ति: अपर मुख्य सचिव*

लखनऊ। महिला एवं बाल विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह (3 से 11 अक्टूबर) थीम के तहत आज प्रदेश की सभी बाल देखरेख संस्थाओं में विशेष सेल्फ डिफेंस कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य संस्थाओं में रह रही बालिकाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल सिखाना और उनमें आत्मविश्वास तथा सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यशालाओं के दौरान प्रशिक्षकों ने बालिकाओं को विभिन्न प्रकार की सरल और प्रभावी आत्मरक्षा तकनीकें सिखाईं। इनमें ऐसे उपायों पर विशेष बल दिया गया जिन्हें किसी भी संकटपूर्ण स्थिति में तुरंत अपनाकर स्वयं की रक्षा की जा सके। इसके साथ ही मानसिक साहस, सजगता और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। बालिकाओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए सीखा कि कठिन परिस्थितियों में घबराने के बजाय साहस और आत्मविश्वास के साथ कैसे प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

इन कार्यशालाओं का महत्व केवल शारीरिक सुरक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को बढाने का माध्यम भी बना। बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि वे स्वयं को कमजोर न समझें और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए जीवन में आगे बढ़ें।

महिला एवं बाल विकास विभाग, उत्तर प्रदेश की अपर मुख्य सचिव लीना जोहरी ने कहा, "बाल देखरेख संस्थाओं में आवासित बालिकाएँ पूर्व में ही विपरीत परिस्थितियों का सामना कर चुकी हैं, उन्हें आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना केवल सुरक्षा का कवच प्रदान करना नहीं है, बल्कि उनके मनोबल और आत्मविश्वास को वापस बढाना भी है। मिशन शक्ति का यही लक्ष्य है कि हर बालिका निर्भय होकर अपने सपनों की ओर बढ़ सके।"

आज आयोजित इन कार्यशालाओं ने यह स्पष्ट किया कि आत्मरक्षा की कला बालिकाओं के जीवन में सुरक्षा कवच की तरह कार्य करती है। मिशन शक्ति के इस प्रयास से बाल देखरेख संस्थाओं की बालिकाओं में आत्मबल और साहस का विकास होगा तथा उनकी सुरक्षा को और अधिक सशक्त आधार मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा उक्त कार्यक्रमों के माध्यम से मिशन शक्ति के 5वें चरण में दिनांक 22 सितम्बर - 05 अक्टूबर, 2025 के मध्य कुल 13.58 लाख व्यक्तियों को जागरूक किया गया है जिसमें महिलायें पुरूष, बालक और बालिकायें सभी शामिल हैं।
*थानेदार ही बना प्रेम कहानी का किरदार: महिला सिपाही संग हुआ फरार , पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत*


लखनऊ/नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जहां थाने में तैनात दरोगा नीरज सिंह अपनी ही महिला सिपाही के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। इस पूरे मामले ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, दरोगा नीरज सिंह और महिला सिपाही दोनों बीते कुछ दिनों से ड्यूटी पर अनुपस्थित हैं। दोनों के फोन भी बंद आ रहे हैं, जिससे मामला और ज्यादा संदिग्ध बन गया है। इस बीच, दरोगा की पत्नी ने खुद थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि दरोगा का अपनी ही महिला सिपाही के साथ अवैध संबंध है और इसी वजह से वह अकसर घर देर से आता था, शराब पीकर झगड़ा करता था और जान से मारने की धमकी भी देता था।

पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दरोगा नीरज सिंह के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही दोनों कर्मचारियों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।

थाने के दो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के इस तरह से गायब हो जाने और उनके संबंधों को लेकर उठ रहे सवालों ने पूरे विभाग की छवि को धूमिल कर दिया है। विभागीय स्तर पर भी इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
वहीं, स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी भी इस मामले को लेकर हैरान हैं कि कानून का रक्षक ही इस तरह की हरकत करेगा तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा।

पुलिस प्रशासन इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहा है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही दोनों की लोकेशन का पता चल जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेशभर के मंदिरों में होंगे विविध आयोजन -जयवीर सिंह


लखनऊ। महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर कल 07 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में भक्ति और संस्कृति के संगम के रूप में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेशभर के देव मंदिरों और महर्षि वाल्मीकि से संबंधित स्थलों पर रामचरित मानस पाठ, अखण्ड रामायण पाठ, वाल्मीकि रामायण पाठ, सुन्दरकाण्ड, भजन-कीर्तन, दीप प्रज्ज्वलन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भारतीय  संस्कृति, परंपरा और अध्यात्म के संवर्धन के लिए निरंतर कार्यरत है। इसी क्रम में कल 07 अक्टूबर को सभी 75 जनपदों में एक साथ यह आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक जनपद को एक लाख की दर से कुल 75 लाख रूपये की धनराशि जिला पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत परिषद के खाते में उपलब्ध कराई जाएगी। यह राशि कलाकारों के मानदेय और कार्यक्रम के आयोजन हेतु खर्च की जाएगी।

जयवीर सिंह ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जी ने हमें यह सिखाया कि जीवन का सबसे बड़ा धर्म है, मानवता की सेवा और सत्य के मार्ग पर चलना। सरकार उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मंदिरों और महर्षि वाल्मीकि से संबंधित स्थलों पर रामचरित मानस, वाल्मीकि रामायण और भजन-कीर्तन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है। यह आयोजन हमारी आस्था को संस्कारों से जोड़ने और संस्कृति के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का संकल्प है। यह पहल न केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है, बल्कि संस्कृति से समाज सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के संकल्प को भी दर्शाती है।

महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली लालापुर, चित्रकूट में भी वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा तुलसीदास आश्रम, राजापुर चित्रकूट, वाल्मीकि आश्रम बिठूर (कानपुर), वाल्मीकि आश्रम श्रावस्ती, अयोध्या और प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश के देव मंदिरों में रामायण पाठ और भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक जनपद में आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं और कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के साथ जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया गया है।

हर आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, ध्वनि, प्रकाश और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। यह सुनिश्चित किया गया है कि श्रद्धालुओं और दर्शकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में कार्यक्रम का अनुभव मिले। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में आयोजित रामचरित मानस, वाल्मीकि रामायण, सुन्दरकाण्ड और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम न केवल श्रद्धा और भक्ति को प्रकट करेंगे, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह पहल समाज को संस्कारों और भक्ति के माध्यम से सशक्त बनाने के साथ-साथ कलाकारों को प्रोत्साहन देने का अवसर भी प्रदान करती है। यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का प्रेरक प्रयास है।
*समाज कल्याण विभाग ने वर्ष 2024 -25 के छूटे छात्रों को छात्रवृति के लिए जारी की समय-सारिणी*

*10 से 14 अक्टूबर तक लॉक करना होगा मास्टर डाटा*

*15 अक्टूबर से 18 अक्टूबर मास्टर डाटा का सत्यापन*

लखनऊ। समाज कल्याण विभाग ने वर्ष 2024-25 के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की समय-सारिणी जारी कर दी है। इस योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य तथा अल्पसंख्यक वर्ग के ऐसे छात्र जिन्हें गत वर्ष छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई थी, उन्हें आवेदन का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। इसके अनुसार, शैक्षणिक संस्थानों द्वारा मास्टर डेटा लॉक करने की प्रक्रिया 10 से 14 अक्टूबर 2025 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद विश्वविद्यालय/एफिलेटिंग एजेंसी द्वारा मास्टर डाटा का सत्यापन किया जाएगा। 26 अक्टूबर तक जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा सीटों और शुल्क का सत्यापन करते हुए लॉक किया जाएगा। *27 से 31 अक्टूबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन* छात्रों के ऑनलाइन आवेदन और रजिस्ट्रेशन की अवधि 27 से 31 अक्टूबर तक निर्धारित है। छात्रों को आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर संस्थान में 1 नवम्बर 2025 तक जमा करना होगा। संस्थान द्वारा ऑनलाइन सत्यापन 2 नवम्बर तक और विश्वविद्यालयों/ एफिलेटिंग एजेंसी द्वारा डाटा सत्यापन 3 से 6 नवम्बर तक किया जाएगा। *8 से 11 नवम्बर तक मिलेगा त्रुटि सुधार का अवसर* छात्रों को आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 8 से 11 नवम्बर तक अवसर दिया जाएगा। संशोधित आवेदन को 12 नवम्बर तक संस्थान द्वारा अग्रसारित किया जाएगा। 25 नवम्बर तक जिले स्तर पर डाटा सत्यापन एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा डिजिटल सिग्नेचर लॉकिंग की जाएगी। *28 नवम्बर को छात्रों के खातों में पहुंचेगी छात्रवृत्ति* 28 नवम्बर 2025 को पात्र छात्रों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरित कर दी जाएगी। विभाग ने सभी शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों और छात्रों से निर्धारित तिथियों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है ताकि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रह जाए।
पदोन्नति से बने 82 उपाधीक्षकों का तबादला, मिली नई तैनाती

लखनऊ। इंस्पेक्टर से उपाधीक्षक बने 82 अफसरों का आज शासन ने तबादला कर दिया गया है। यह तबादला शासन ने अधिकारियों को उनके पदोन्नति के बाद अलग-अलग स्थानों पर किया है। शासन की ओर से जारी हुई सूची के अनुसार विनोद कुमार दुबे, विपिन कुमार, राकेश कुमार शर्मा, भैया संतोष कुमार सिंह, विकास राय, सुनील कुमार सिंह, शेष धर पाण्डेय, धर्मेन्द्र कुमार यादव, मुकेश कुमार, धर्मेन्द्र सिंह यादव, गंगा प्रसाद, जिज्ञासा पारासर, उमा शंकर यादव, रामकृष्ण द्विवेदी, कुशल पाल सिंह, भरत कुमार गौतम, प्रदीप कुमार पालीवाल, बृजेश कुमार, राकेश कुमार सिंह, रविन्द्र प्रताप सिंह, राजेश दीक्षित, शैलेन्द्र सिंह, नवरत्न गौतम, रिजवान अब्बास, वीरेन्द्र कुमार सिंह, राजेश सिंह, रवीन्द्र कुमार सिंह, सुरेश कुमार मिश्र, दया शंकर द्विवेदी, पवन कुमार वर्मा, देवकी नन्दन, विवेक वार्ष्ण, रमेश चन्द्र यादव, रेखा कपूर, अजय कुमार, मनोज कुमार सिंह, राजकुमार सिंह, प्रमोद कुमार शुक्ला, राजीव कुमार शर्मा, जितेन्द्र कुमार, बृजेश कुमार मिश्र, राजीव यादव, सलीम खान, इन्द्र मोहन बडोला, अमर पाल सिंह, संजय कुमार सिंह, राजेश चतुर्वेदी, अनिल कुमार राय, तेज प्रकाश सिंह, राजेश नारायण व छोटे सिंह का तबादला किया गया है।
भारत विकास परिषद, अवध प्रान्त ने 75 सैनेटरी पैड वेंडिंग मशीनों का किया वितरण
लखनऊ। भारत विकास परिषद, अवध प्रान्त द्वारा लखनऊ के 75 विद्यालयों के लिए सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रान्तीय अध्यक्ष देवेंद्र स्वरूप शुक्ला ने किया। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद सदैव समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट राज्य की आर्थिक सुदृढ़ता का प्रमाण है, जो वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। महिला संयोजिका अंशु श्रीवास्तव ने बताया कि इन मशीनों को विद्यालयों में गोपनीयता के साथ स्थापित किया जा रहा है। मात्र ₹5 के टोकन से छात्राओं को सैनेटरी पैड प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में DGS ग्रुप, मुंबई के सीईओ ईश्वर देव शुक्ला ने कहा कि भारत विकास परिषद से जुड़ना गर्व का विषय है। उन्होंने क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खण्डेलवाल के प्रेरक मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय योजनाएँ संचालित हैं। उन्हीं की प्रेरणा से स्वयंसेवी संस्थाएँ समाज उत्थान में अग्रसर हैं। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद “पंच प्रण”— पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, स्वावलंबन एवं राष्ट्रीय एकता— के दिशा-निर्देशों पर कार्य कर रही है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जीवन को सुंदर ढंग से जीना ही सच्ची साधना है। भारत विकास परिषद की यह पहल महिला स्वास्थ्य और सम्मान की दिशा में सराहनीय कदम है। उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु ‘कन्या सुमंगला योजना’ और ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। सेवा विभाग के प्रमुख श्री राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि परिषद की सभी शाखाओं से 75 मशीनों की माँग प्राप्त हुई है। आगे जो भी विद्यालय अनुरोध करेंगे, वहाँ मशीनें स्थापित की जाएँगी। आज के वितरण कार्यक्रम में नवयुग कॉलेज, बिरला ओपन माइंड सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रान्तीय महासचिव शशिकांत सक्सेना ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रान्तीय वित्त सचिव सीए पंकज अग्रवाल ने दिया। कार्यक्रम में प्रान्तीय प्रचार सचिव प्रदीप मिश्रा सहित परिषद के सभी पदाधिकारी एवं विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निशी एंटरटेनमेंट ने किया ग्रेँड रेड कार्पेट शो का भव्य पोस्टर लॉन्च


लखनऊ। तहजीब के शहर लखनऊ में निशी एंटरटेनमेंट की ओर से "मिस एंड मिसेज़ ग्लोबल इंटरनेशनल"और "ग्लो ग्लोबल अवॉईस" के पहले ग्रेण्ड रेड कार्पेट शो के लिए भव्य पोस्टर लॉन्च समारोह जिमखाना क्लब में आयोजित किया गया। निशी एंटरटेनमेंट 14 दिसंबर 2025 को रामाडा होटल, लखनऊ में लोकप्रिय रेड कार्पेंट ब्यूटी पेजेंट शो - "मिस एंड मिसेज ग्लोबल इंटरनेशनल" और "ग्लो ग्लोबलअवॉर्ड", का ग्रैंड फिनाले आयोजित करेगा, जिसका आयोजन श्री सैयद जाफ़री द्वारा किया जा रहा है। इस शो में बॉलीवुड के कलाकार अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे, निशी एंटरटेनमेंट की डायरेक्टर संगीता लोहिया और संस्थापक एवं आयोजक सैयद जाफ़री के अनुसार यह आयोजन सौंदर्य, प्रतिभा और सशक्तिकरण का उत्सव है, जो उत्तर प्रदेश के वैश्विक मंच से प्रस्तूत करेगा। यह आयोजन परंपरा और ग्लैमर का ऐसा संगम है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान स्थापित करेगा। देश-विदेश से प्रतिभागियों की शानदार भागीदारी और प्रतिष्ठित प्रायोजकों के सहयोग से यह शो मनोरंजन जगत में एक नई मिसाल बनने जा रहा है। प्रतिभागियों को वॉक, डांस और उनके लक्ष्यों पर आधारित प्रश्नोत्तर राउंड में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस शो की खास बात यह है कि, विजेताओं को सीधे बॉलीवुड में प्रवेश का अवसर मिलेगा- एक विशेष हिंद म्युजिक वीडियो में अभिनय कर वे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेंगे। निशि एंटरटेनमेंट के आयोजक सैयद जाफ़री ने कहा, "हम प्रतिभागियों की ऊर्जा और विविधता से बेहद उत्साहित हैं और अपने सभी प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने हमारे विज़न पर विश्वास जताया। यह शो केवल ग्लैमर नहीं, बल्कि अवसरों की लोकतंत्रीकरण और सांस्कृतिक गर्व का उत्सव है। ग्लो ग्लोबल अवॉईस विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता को सम्मानित करेगा, उन व्यक्तिर्योंऔर संस्थाओं को पहचान देगा जो बदलाव, रचनात्मकता और सशव्तिकरण की प्रेरणा है। लखनऊ की नफ़ासत और कलात्मक आत्मा को समर्पित यह शो, युपी को एक उभरते हुए क्रिएटिव और एंटरटेनमेंट हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस शो में गेस्ट लिस्ट जैसे कई प्रतिष्ठित प्रायोजकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की और इस नए कॉन्सेप्ट की सराहना करते हुए आयोजन की खुलकर प्रशंसा की। निशि एंटरटेनमेंट अपने सभी प्रायोजकों और सहयोगियों को दिल से धन्यवाद देता है, जिन्होंने इस प्रतिभा, परंपरा और परिवर्तन के उत्सव को साकार करने में सहयोग दिया। इस अवसर पर जर्नलिस्ट प्रोडक्शन संगठन के संरक्षक सदस्य एवं समाज सेवी जोगिंदर सिंह खालसा समेत जर्नलिस्ट प्रोटक्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक प्रतापसिंह, सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन मंत्री राम यादव, सह संगठन मंत्री, मंसूर अहमद, अप प्रचार मंत्री सैयद फैजान खान, उपाध्यक्ष रवि जायसवाल, मीडिया प्रभारी सत्येंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडे, जिला सचिव फरहान इराकी जिला कोषाध्यक्ष अवल के उपाध्यक्ष सनी शाह, मुजम्मिल खान विवेक विश्व पांडे समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
*डेंगू मलेरिया पर किया करारा वार: ब्रजेश पाठक*

*उप मुख्यमंत्री ने अलीगंज के अर्बन सीएचसी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं घर-घर पर दस्तक अभियान का किया शुभारंभ* लखनऊ। डेंगू-मलेरिया व मच्छर जनित अन्य बीमारियों पर हमने करारा वार किया है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं घर-घर दस्तक अभियान से इन बीमारियों की रोकथाम में काफी मदद मिली है। वर्ष 2017 से पहले स्वास्थ्य विभाग की क्या स्थिति थी, यह किसी से छिपी नहीं है। आज हम आमजन को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। यह कहना है प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का। रविवार को अलीगंज के अर्बन सीएचसी में पांच से 31 अक्टूबर तक संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 11 से 31 अक्टूबर तक संचालित घर-घर दस्तक अभियान का शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से विशेष बातचीत के दौरान कहा कि अभियान के माध्यम से हमने डेंगू और मलेरिया पर करारा वार किया है। व्यापक स्तर पर इस अभियान का संचालन प्रदेश स्तर पर किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने संचारी रोगों के उपचार एवं रोकथाम के लिए जागरूकता रैली भी निकाली। रैली में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। साथ ही फॉगिंग मशीनों को भी रवाना किया गया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह अभियान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डेंगू, मलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और दिमागी बुखार जैसे रोगों पर नियंत्रण पाने के लिए 13 विभागों के तहत संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया जा रहा है। *सीएचसी का किया स्थलीय निरीक्षण* उपमुख्यमंत्री ने अलीगंज की अर्बन सीएचसी का स्थलीय निरीक्षण कर जनस्वास्थ्य सुविधाओं एवं सीएचसी की विभिन्न व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर विधायक नीरज बोरा, प्रमुख सचिव (चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण) अमित कुमार घोष, महानिदेशक, स्वास्थ्य डॉ० रतनपाल सिंह सुमन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ डॉ० एन०बी० सिंह, डॉ० ए०पी० सिंह, डॉ० गोपी लाल, डॉ० रितु श्रीवास्तव एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। *एंबुलेंस का औसतन रेस्पांस टाइम घटा* डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि 2017 से पहले 108 एंबुलेंस का औसत रेस्पांस टाइम 16.40 मिनट था जो अब घटकर 7.7 मिनट हो गया है। वहीं, 102 एंबुलेंस का रेस्पांस टाइम 9.5 मिनट से घटकर 6.25 मिनट हो गया। अब यूपी देश में एंबुलेंस के सबसे कम रिस्पांस टाइम के मामले में पहले नंबर पर है, जिससे लाखों मरीजों की जान बचाई गई है।