*अधिवक्ता ने पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाया*
सुल्तानपुर में एक थानाध्यक्ष के आगे पुलिस के आलाधिकारियों का आदेश शून्य साबित हो रहा है। आरोप है कि जिस बैनामे की जमीन पर आलाधिकारियों के निर्देश पर पत्थर नसब की कार्यवाही की गई,दबंग विपक्षियों ने पुलिस की शह पर राजस्व कर्मियों द्वारा लगाया पत्थर तीन तीन बार उखाड़ फेंका। थाने पर सुनवाई नहीं हुई तो पीड़ित फरियादी ने दबंग विपक्षियों की शिकायत आलाधिकारियों से की, मुकदमा दर्ज करने का तीन तीन बार आदेश भी हुआ,लेकिन मामूली धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने पल्ला झाड़ लिया।
लिहाजा फरियादी कार्यवाही के इंतजार में भटकने को मजबूर है। दरअसल जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के कूरेभार थानाक्षेत्र के सलीमपुर ग्रांट के रहने वाले बद्री विशाल शुक्ला ने कुदारन गलिबहा गांव में एक जमीन का बैनामा लिया। आलाधिकारियों के आदेश के बाद बैनामे के हिसाब से जमीन की पैमाईश करवाई गई,नापजोख के बाद बद्री विशाल के पक्ष में राजस्वकर्मियों द्वारा पत्थर नसब की कार्यवाही की गई।
लेकिन अधिकारियों के आदेश को सेउर चमुर्खा गांव के रहने वाले घनश्याम, फूलचंद और उनके बेटों ने मानने से इनकार कर दिया और बीते 10 मई 2025 को राजस्व कर्मियों द्वारा लगाए गए पत्थर को उखाड़ फेंका। पीड़ित बद्री विशाल ने इसकी शिकायत की और साक्ष्य भी दिया, लेकिन कूरेभार पुलिस ने हल्की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। इसके बाद बद्री विशाल शुक्ला की फरियाद पर एसडीएम जयसिंहपुर के आदेश पर दोबारा पत्थर नसब की कार्यवाही की गई, लेकिन एक बार पुनः 4 जून 2025 को विपक्षियों ने राजस्व कर्मियों द्वारा लगाए गए पत्थर को उखाड़ फेंका।
इसकी शिकायत बद्री विशाल ने पुलिस अधीक्षक से की, लेकिन एसपी के आदेश के बाद भी कूरेभार पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इसके बाद फिर आलाधिकारियों के निर्देश पर तीसरी बाद बद्री विशाल शुक्ला की जमीन पर पत्थर नसब और मेड़ बांधने का कार्य किया गया, लेकिन 29 अगस्त को तीसरी बार भी पत्थर उखाड़ फेंका और 10 सितंबर 2025 को मेड़ काटकर अपने खेत में मिला कर जुताई करवा ली। पीड़ित ने कूरेभार थानाध्यक्ष के साथ साथ एसडीएम जयसिंहपुर से शिकायत की।
एसडीएम के निर्देश पर कानूनगो और लेखपाल ने जांच की तो मामला सही पाया गया। लिहाजा एसडीएम ने सरकारी पत्थर उखाड़ने को लेकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिया। फिर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। पीड़ित बद्री विशाल की माने तो विपक्षी बेहद दबंग है और जमीन के चक्कर में वे बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। फरियादी बद्री विशाल की माने तो कूरेभार थानाध्यक्ष रविन्द्र सिंह पूरी तरह से विपक्षियों से मिले हुए हैं। विपक्षियों पर कार्यवाही करने के बजाय वे उन्हें ही धमका रहे हैं।
इसी डर के चलते बद्री विशाल अपने पैतृक घर भी नहीं जा रहे हैं। हफ्ते भर पर पहले भी इन सभी घटनाओं को जोड़ते हुए बद्री विशाल ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की उम्मीद में शिकायत की।
लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई, जिससे वे किसी बड़ी आशंका के चलते डरे और सहमे हुए हैं।
3 hours ago