स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” के सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न
जहानाबाद जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” को लेकर जिला जल एवं स्वच्छता समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं समन्वयक शामिल हुए।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले इस विशेष अभियान में प्रत्येक पदाधिकारी और कर्मी सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि अभियान की सभी गतिविधियों का दस्तावेजीकरण कर समय पर IMIS पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही नोडल पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर होने वाली गतिविधियों की अनुश्रवण नियमित रूप से हो और उन्हें सफल बनाया जाए।
उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति के मार्गदर्शन में DRDA निदेशक डॉ. रोहित कुमार मिश्र ने अभियान की मुख्य गतिविधियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पाँच प्रमुख बिंदुओं पर विशेष फोकस रहेगा—
- गंदे एवं ब्लैक स्पॉट स्थलों की पहचान कर उनकी सफाई।
- सामुदायिक, संस्थागत एवं बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान।
- पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर।
- दशहरा पूजा पंडालों में जीरो वेस्ट एवं इको-फ्रेंडली आयोजन।
- नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हाथ धोने की आदत विकसित करना और कचरे का वैज्ञानिक निपटान।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि परस्पर सहयोग और सक्रिय भागीदारी से ही इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ें ताकि स्वच्छता का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुँच सके।
बैठक में सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी, ICDS जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जीविका परियोजना प्रबंधक, नमामि गंगे परियोजना पदाधिकारी, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के जिला सलाहकार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और समन्वयक उपस्थित रहे।
Sep 17 2025, 05:34