झारखंड की राजधानी रांची से ISIS से जुड़ा संदिग्ध गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एटीएस का एक्शन
#isisterroristcaughtfromranchi
झारखंड की राजधानी रांची से एक आतंकी को गिरप्तार किया गया है। झारखंड एटीएस, दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आतंकी दबोचा गया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए संदिग्ध का नाम अशहर दानिश है। इसे लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित तबारक लॉज में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है। दानिश की गिरफ्तारी के दौरान हथियार, केमिकल्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
लॉज में पकड़ा गया संदिग्ध
देशभर के 12 से अधिक ठिकानों पर स्पेशल सेल व सेंट्रल एजेंसियों ने छापेमारी की है, जिसमें आठ से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसी क्रम में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को रांची के लोअर बाजार इलाके से आईएसआईएस से जुड़े संदिग्ध आतंकी अशहर दानिश को गिरफ्तार किया गया। उसने शहर के इस्लामनगर स्थित तबारक लॉज को ठिकाना बना रखा था। वह कई दिनों से एक लॉज में ठिकाना बनाकर रह रहा था।
हथियार समेत आपत्तिजनक चीजें बरामद
गिरफ्तार युवक को विशेष टीम दिल्ली ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला सीधे आतंकी कनेक्शन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। वहीं, लॉज में मौजूद अन्य दो संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। वहीं, दानिश के पास से बरामद हथियार, केमिकल और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और केमिकल्स की जांच विशेषज्ञों के हवाले की गई है, ताकि उनका उद्देश्य स्पष्ट किया जा सके।
बोकारो का रहने वाला है गिरफ्तार आतंकी
गिरफ्तार आतंकी अशहर दानिश मूल रूप से झारखंड के बोकारो जिले के पेटरवार का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल काफी समय से उसकी तलाश में थी। उसके खिलाफ दिल्ली में दर्ज एक मामले के आधार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। विश्वसनीय इनपुट मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस ने साझा अभियान चलाकर उसे दबोच लिया।
रांची से पहले भी हुई है संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी
बता दें, रांची में पहले भी आतंकियों का नेटवर्क पकड़ा गया था। शहर से पहले भी संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी हुई है। आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस की तरफ से पूरे इलाके की जांच की जा रही है। इसके साथ ही पता लगाया जा रहा है कि संदिग्ध के साथ कोई और तो नहीं था।
Sep 10 2025, 14:22