हंसराज कॉलेज ने NIRF 2025 रैंकिंग में हासिल किया तीसरा स्थान, परिवार में जश्न का माहौल
![]()
दिल्ली। राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) 2025 में हंसराज कॉलेज ने अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज की है। पूरे भारत के श्रेष्ठ महाविद्यालयों में कॉलेज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष कॉलेज 12वें स्थान पर था और इस बार उसने बड़ी छलांग लगाते हुए टॉप-3 में जगह बनाई है।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और गौरव
1948 में स्थापित हंसराज कॉलेज की नींव महामना दयानंद सरस्वती की तपस्या और महात्मा हंसराज के त्याग पर आधारित रही है। यह संस्थान शिक्षा के साथ संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विद्यार्थियों में विकसित करने के लिए जाना जाता है।
प्राचार्या की प्रतिक्रिया
प्राचार्या प्रो. रमा ने कहा—
"हम केवल रैंकिंग से प्रभावित नहीं हुए। हमारा लक्ष्य हमेशा शिक्षा और संस्कार में उत्कृष्टता प्राप्त करना और अपने पूर्वजों की परंपरा का सम्मान करना रहा है। हंसराज मेरे लिए सिर्फ एक संस्थान नहीं, बल्कि एक परिवार है। इस उपलब्धि में शिक्षकों, विद्यार्थियों, नॉन-टीचिंग स्टाफ और पूर्व छात्रों सभी का योगदान है।"उन्होंने उप प्राचार्य डॉ. विजय रानी राजपाल और IQAC निदेशक डॉ. अल्का कक्कड़ के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया।
दस वर्षों का संकल्प
प्रो. रमा ने भावुक होकर कहा कि पिछले दस वर्षों से उनका संकल्प केवल हंसराज परिवार की प्रतिष्ठा और ऊँचाइयों में वृद्धि करना रहा है।
"ईश्वर साक्षी है, मैंने केवल हंसराज परिवार के उत्थान और गौरव का सपना देखा। आज तीसरा स्थान पाना उसी सपने की सिद्धि है।"आगे का लक्ष्य: विकसित भारत 2047
प्राचार्या ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता केवल संख्याओं की कहानी नहीं, बल्कि शिक्षकों की निष्ठा, विद्यार्थियों की मेहनत, नॉन-टीचिंग स्टाफ के परिश्रम और पूर्व छात्रों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा—
"अब हमारा अगला संकल्प है विकसित भारत 2047। हंसराज परिवार राष्ट्रनिर्माण के इस लक्ष्य में तन, मन और धन से योगदान देगा, क्योंकि हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है।"गौरव का क्षण
हंसराज कॉलेज न केवल अकादमिक क्षेत्र में बल्कि खेल, कला, संस्कृति, शोध और नवाचार में भी निरंतर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। इस उपलब्धि से कॉलेज समुदाय में उत्साह और गर्व का माहौल है।
Sep 06 2025, 12:26