सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना है, करम पूर्व समारोह में बोले सीएम हेमंत सोरेन

#hemantsorenattendedkarampreeveningceremony

रांची के मोरहाबादी मैदान में सोमवार को “करम पूर्व संध्या समारोह-2025” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्यवासियों को करम महोत्सव की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर सीएम सोरेन ने राज्य को लोगों से खास अपील की। उन्होंने कहा, हमारे पूर्वजों ने एक समृद्ध सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत हमें दी है। पूरा आदिवासी समाज एकजुट रहकर इस विरासत को इसी प्रकार आगे बढ़ाए।

नई पीढ़ि ने सांस्कृतिक व्यवस्थाओं को बढ़ाया है-सीएम सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज आदिवासी समाज कई कारणों से और कई नीतियों की वजह से बिखर जा रहा है, लेकिन वर्तमान पीढ़ियों ने हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्थाओं को अलग-अलग प्लेटफॉर्म, अलग-अलग माध्यमों का उपयोग कर सामाजिकता को निरंतर आगे बढ़ाने का काम किया है और इस दिशा में वे काम कर रहे हैं।

समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने की अपील

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे अगुवा मार्गदर्शकों ने जो सांस्कृतिक विरासत हमें सौंपी है, इस समृद्ध विरासत को हर हाल में आगे बढ़ाना है। यही राज्य सरकार के साथ-साथ हम सभी की जिम्मेदारी है। जिस उत्साह के साथ संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं यह हमें प्रेरित करती है। इस अवसर पर मंत्री चमरा लिंडा, विधायक जिगा सुसारन होरो समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

आदिवासी समाज से एकजुटता की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अलग-अलग गांवों, मोहल्लों और टोलों में करम महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह महोत्सव सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि जहां-जहां आदिवासी समुदाय के लोग बसे हैं, वहां भी तैयारी की गई है। उन्होंने सभी से कहा कि यदि आदिवासी समाज एकजुट होकर आगे बढ़ेगा, तो परिणाम निश्चित रूप से बेहतर होंगे।

हेमंत सोरेन बिहार इंडी एलायंस की सभा में शामिल होने नहीं बल्कि अपनी सत्ता बचाने के लिए गए थे - प्रतुल शाहदेव


रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पटना की सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति को अपनी सत्ता को बचाए रखने का प्रयास बताया। प्रतुल ने कहा वस्तुतः वह इंडी एलायंस की सभा में नहीं गए थे, बल्कि झारखंड में अपनी सत्ता कायम रखना उनका मुख्य उद्देश्य था।प्रतुल ने अभिव्यक्ति को लेकर भी उन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने वहाँ “SIR” का अर्थ स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के बजाय स्पेशल इंसेंटिव रिवीजन बता दिया। ऐसा उन्होंने अपने भाषण के दौरान चार बार किया। यह साबित करता है कि हेमंत सोरेन को हर चीज़ में केवल “परसेंटेज” और “इंसेंटिव” ही दिखाई देता है। झारखंड के मुख्यमंत्री की सोच किस मानसिकता से ग्रसित है, यह उनकी जुबान से बार-बार झलकता है।

“झारखंडी अस्मिता को तार-तार कर रहे हैं हेमंत सोरेन”

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को इंडी गठबंधन ने बिहार में एक भी सीट नहीं दी। “बड़े बे-आबरू होकर तेरे कूचे से निकले हम” की कहावत इस पर पूरी तरह सटीक बैठती है। इनको बैठकों में निमंत्रण भी नहीं मिला। फिर भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनकी यात्रा में शामिल हुए। यह झारखंडी अस्मिता के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है।

“सत्ता के लोभ में भूल गए पिता पर हुए अत्याचार”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होकर हेमंत सोरेन ने यह भी दिखा दिया कि सत्ता के लोभ में वे अपना अतीत भी भूल गए हैं। कांग्रेस ने ही उनके पिता, स्वर्गीय शिबू सोरेन जी को दो-दो बार मुकदमों में फँसाकर जेल भेजा था। जेल में उनका प्रताड़ना का सामना करना पड़ा था।आज उसी कांग्रेस के साथ कदमताल करना झारखंड की जनता के साथ भी अन्याय है और अपने पूर्वजों की विरासत का अपमान है।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि अब झारखंड की जनता झामुमो के असली चेहरे को पहचान चुकी है। भाजपा झारखंडी अस्मिता की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी और जनता के सामने सच लाती रहेगी।

झारखंड के रांची, जमशेदपुर और पलामू में कल का मौसम: गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना

रांची: झारखंड की राजधानी रांची, जमशेदपुर और पलामू में कल यानी 2 सितंबर को मौसम मिलाजुला रहने वाला है। मौसम विभाग ने इन तीनों जिलों में बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात होने की संभावना जताई है।

रांची का मौसम

राजधानी रांची में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर में एक या दो बार गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यहां का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

जमशेदपुर का मौसम

पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में भी कल बादल छाए रहेंगे। यहां एक या उससे ज्यादा बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पलामू का मौसम

पलामू के डालटनगंज में भी मंगलवार को मौसम बदला रहेगा। यहां आसमान में बादल छाए रहने के साथ-साथ कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। आंधी-तूफान के साथ-साथ वज्रपात की भी आशंका है। डालटनगंज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

झारखंड में 15वें वित्त आयोग की स्वास्थ्य मद की राशि खर्च करने पर जोर, मुख्य सचिव ने 15 अक्टूबर तक लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश

रांची: झारखंड की मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने राज्य के सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि वे 15वें वित्त आयोग की स्वास्थ्य मद में आवंटित 50 प्रतिशत राशि को 15 अक्टूबर तक हर हाल में खर्च करें। यह निर्देश सोमवार को 15वें वित्त आयोग की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिया गया।

मुख्य सचिव ने बताया कि केंद्र से 1020.27 करोड़ रुपये की बकाया राशि प्राप्त करने के लिए 50 प्रतिशत राशि खर्च करना जरूरी है। उन्होंने उपायुक्तों से कहा कि वे मिशन मोड में काम करें और इसके लिए एक कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों के भवन बन चुके हैं, वहां आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत बहाल की जाएं, ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य केंद्रों को क्रियाशील करने पर जोर

श्रीमती तिवारी ने कहा कि अपने राज्य दौरे के दौरान उन्होंने देखा है कि कई स्वास्थ्य केंद्रों के भवन तो बन गए हैं, लेकिन वे अभी तक क्रियाशील नहीं हैं। उन्होंने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया कि वे मुख्यालय से जरूरी उपकरण और सुविधाएं प्राप्त कर इन केंद्रों को तुरंत चालू करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उनका भुगतान सुनिश्चित किया जाए और डेटा को अपडेट किया जाए।

948 पंचायतों में बनेंगे स्वास्थ्य उप केंद्र

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की राशि से राज्य में 1344.08 करोड़ रुपये की लागत से एचएससी, पीएचसी, सीएचसी, बीपीएचयू, यूएएएम और पीएम अभीम जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने उपायुक्तों को निर्माण के लिए भूमि चयन में अंचलाधिकारियों का सहयोग लेने का निर्देश दिया।

श्री सिंह ने कहा कि आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का केवाईसी कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बताया कि राज्य में 168 नए स्वास्थ्य केंद्र बनाने की योजना है, जिनमें से कई सुदूर ग्रामीण और आदिम जनजाति क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा, 948 पंचायतों में भी स्वास्थ्य उप केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उपायुक्तों को 15 दिनों के भीतर इन केंद्रों के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया है।

उपायुक्त रांची का जनता दरबार 1 सितंबर को स्थगित

रांची: रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, श्री मंजुनाथ भजन्त्री द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार, जो 1 सितंबर 2025 को होने वाला था, उसे स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी रांची जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

आम लोग अपनी शिकायतों और समस्याओं को दर्ज कराने के लिए रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी - 9430328080 का उपयोग कर सकते हैं। यह नंबर जन शिकायत दर्ज करने के लिए विशेष रूप से बनाया गया है।

झारखंड के पूर्व मंत्री एनोस एक्का और पत्नी को 7-7 साल की सजा, जानें क्या है मामला?

#jharkhandexministeranoshekkaandwifeconvictjail_sentence

झारखंड के चर्चित जमीन घोटाले के एक पुराने मामले में बड़ा फैसला आया है। पूर्व मंत्री एनोस एक्का और उनकी पत्नी मेनन एक्का को अवैध भूमि अधिग्रहण के मामले में सात-सात साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह मामला छोटानागपुर काश्तकारी (सीएनटी) अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े अवैध रूप से आदिवासी जमीन अधिग्रहण से संबंधित है।

रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने कुल 10 लोगों को सजा सुनाई है। इस मामले में रांची के पूर्व भूमि सुधार उपायुक्त (एलआरडीसी) कार्तिक प्रभात समेत दो अन्य आरोपी मणिलाल महतो और ब्रजेश्वर महतो को पांच-पांच साल सश्रम कारावास की सजा दी। इसके अलावा पांच अन्य दोषियों- राज किशोर सिंह, फिरोज अख्तर, बृजेश मिश्रा, अनिल कुमार और परशुराम करकेट्टा- को चार-चार साल की सजा सुनाई गई। अदालत ने सभी को दोषी मानते हुए कहा कि जुर्माना अदा न करने की स्थिति में उन्हें अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।

मंत्री रहते पद का दुरुपयोग

एनोस एक्का वर्ष 2005 से 2008 के बीच अर्जुन मुंडा और बाद में मधु कोड़ा सरकार में मंत्री रहे। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी पते का इस्तेमाल कर आदिवासी जमीनों की बड़े पैमाने पर खरीद-फरोख्त की। इस पूरे खेल में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत रही।

तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात की सौदों का बनाया आसान

जमीन की खरीदारी रांची जिले के कई इलाकों में हुई। इन सभी सौदों पर लगभग 1.18 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इनमें हिनू में 22 कट्ठा, ओरमांझी में 12 एकड़, नेवरी में 4 एकड़ और चुटिया के सिरम टोली मौजा में 9 डिसमिल भूमि शामिल है। तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात ने इन सौदों को आसान बनाने में मदद की थी।

मुख्यमंत्री से मिले भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया, झारखंड में खेल विकास पर चर्चा

रांची: भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी श्री बाइचुंग भूटिया ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान, दोनों के बीच झारखंड में फुटबॉल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, रोजगार, बेहतर कोचिंग और आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल, जो झारखंड की युवा पीढ़ी में बहुत लोकप्रिय है, के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं ताकि जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान की जा सके।

'झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं'

बाइचुंग भूटिया ने झारखंड में खेल की अपार संभावनाओं पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यहां खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी लगातार निकल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने अनुभव और सुझाव दिए ताकि राज्य में फुटबॉल को और बढ़ावा दिया जा सके।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि बाइचुंग भूटिया जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का मार्गदर्शन झारखंड के युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा। इस मुलाकात के दौरान यूनाइटेड नेशन एक्टिविस्ट श्री बाबुल कुमार बोरो और राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री आवास पर हेमंत सोरेन ने इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी का किया स्वागत

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज अपने आवासीय कार्यालय परिसर में उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी का स्वागत किया। इस अवसर पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों नेताओं ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित किया। यह मुलाकात आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर हुई, जहां सुदर्शन रेड्डी समर्थन जुटाने के लिए झारखंड के दौरे पर आए थे।

प्रेस वार्ता के दौरान, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इंडिया गठबंधन, देश के लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को बचाने के लिए एकजुट है। उन्होंने कहा, "सुदर्शन रेड्डी जैसे अनुभवी और योग्य नेता को उपराष्ट्रपति पद के लिए नामित करना यह दर्शाता है कि गठबंधन देश की संस्थाओं को मजबूत करने के प्रति कितना गंभीर है।" सोरेन ने विश्वास जताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समेत इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल एकजुट होकर सुदर्शन रेड्डी के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक पद के लिए नहीं, बल्कि देश के भविष्य और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए लड़ा जा रहा है।

उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गठबंधन के अन्य नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मैं झारखंड की जनता और यहां के जनप्रतिनिधियों से समर्थन मांगने आया हूं। यह चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।" रेड्डी ने कहा कि वर्तमान सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, और यह गठबंधन की जिम्मेदारी है कि वह इन प्रयासों का मुकाबला करे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य देश के संघीय ढांचे को मजबूत करना और सभी राज्यों के अधिकारों की रक्षा करना है।

प्रेस वार्ता में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, लोकसभा सांसद रघुराम रेड्डी, जोबा मांझी, सुखदेव भगत और कालीचरण मुंडा तथा राज्यसभा सांसद महुआ माजी और सरफराज अहमद भी मौजूद थे। इन सभी नेताओं ने सुदर्शन रेड्डी को अपना पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। यह मुलाकात आगामी चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन की रणनीति और एकजुटता का एक महत्वपूर्ण संकेत है।

रांची प्रशासन की पहल: करमा पर्व से पहले कला दल को मिला मांदर का तोहफा

रांची: झारखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने की दिशा में रांची जिला प्रशासन ने एक संवेदनशील कदम उठाया है। बेड़ो प्रखंड के एक कला दल को, जो करमा पर्व से पहले मांदर की कमी से जूझ रहा था, उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दो मांदर भेंट किए हैं।

कुछ दिन पहले, उपायुक्त के जनता दरबार में कला दल के सदस्यों ने अपनी समस्या बताई थी कि बिना पारंपरिक वाद्ययंत्र मांदर के उनके सांस्कृतिक कार्यक्रम अधूरे लगते हैं। उनकी बात को गंभीरता से लेते हुए, उपायुक्त ने तुरंत कार्रवाई की और करमा पर्व की पूर्व संध्या पर उन्हें मांदर उपलब्ध कराए।

कलाकारों के चेहरे पर आई खुशी

मांदर पाकर कलाकारों की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और उन्हें करमा पर्व की पूर्व संध्या पर होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। इस पहल से अब कला दल पूरे उत्साह और पारंपरिक धुन के साथ करमा पर्व मना सकेगा।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा, "हमारी लोक संस्कृति हमारी पहचान है और कलाकारों की मदद करना हमारी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि गर्व की बात है।" उन्होंने कहा कि प्रशासन हमेशा ऐसे पर्वों को भव्य बनाने में सहयोग करेगा, जो समाज को जोड़ने का काम करते हैं। यह कदम झारखंड की ग्रामीण संस्कृति और लोक कला के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मोबाइल के लिए दोस्त की हत्या, चाकू मारकर ली जान

बोकारो: झारखंड के बोकारो में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार दोपहर बोकारो सिटी थाना क्षेत्र की कोटा कॉलोनी में 25 वर्षीय रवि चौधरी की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई।

आरोपी ने रवि के गले में चाकू घोंपा, जिससे उसकी सांस की नली कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ रवि को एक नर्सिंग होम के गेट पर छोड़कर भाग गया। वहां से उसे बीजीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल फोन से हुआ खुलासा

हत्या के बाद आरोपी अमन झा का मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया, जिससे पुलिस ने उसकी पहचान कर ली। पुलिस की सख्ती के बाद अमन ने खुद को सिटी पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, रवि और अमन पुराने दोस्त थे। कुछ दिन पहले रवि ने पड़ोस की एक बुजुर्ग महिला का मोबाइल ले लिया था। अमन के दखल के बाद रवि ने मोबाइल लौटा दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई। शुक्रवार दोपहर रवि अपने एक साथी के साथ अमन पर हमला करने पहुंचा। गुस्से में अमन ने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लाकर रवि के गले में घोंप दिया।

पूछताछ में अमन ने बताया कि उसने वारदात के बाद चाकू बीएसएल की चहारदीवारी के अंदर झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस चाकू की तलाश कर रही है। मृतक रवि चौधरी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह डेढ़ साल के एक बच्चे का पिता था।