दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में उमड़ा जनसैलाब, लाखों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

नेमरा, रामगढ़, 16 अगस्त 2025: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में आज लाखों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। राज्य के कोने-कोने से आए लोगों ने अपने महानायक को नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों का जताया आभार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संस्कार भोज में शामिल हुए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता जब दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे थे, उस मुश्किल घड़ी में राज्य के लोगों ने उनके परिवार को जो संबल दिया, उसे वे कभी नहीं भूल सकते।

उन्होंने कहा, "बाबा भले ही हमें छोड़कर चले गए हैं, लेकिन लाखों लोगों का हमारे साथ खड़े रहना यह बताता है कि उनका बाबा से कितना गहरा लगाव था।"

दिग्गजों समेत लाखों लोग हुए शामिल

इस संस्कार भोज में झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी और कई मंत्री, सांसद, विधायक शामिल हुए। सभी ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

'संघर्ष और त्याग की मिसाल थे बाबा'

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शिबू सोरेन के जीवन को संघर्ष और त्याग की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन इस राज्य की खातिर समर्पित रहा और वे आदिवासी चेतना के वाहक थे। लोगों ने कहा, "उन्हें हम ना कभी भूले थे, ना भूले हैं और ना ही भूलेंगे।"

प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद

इस विशाल आयोजन के लिए प्रशासनिक व्यवस्था मुकम्मल थी। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पार्किंग से लेकर कार्यक्रम स्थल तक लोगों को लाने-ले जाने के लिए ऑटो की व्यवस्था थी। भोजन और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया था, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। मुख्यमंत्री स्वयं सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए थे।

शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी

नेमरा, रामगढ़, 16 अगस्त 2025: तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी आज झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास, नेमरा पहुंचे।

श्री रेवंत रेड्डी ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

शिबू सोरेन का 'श्राद्ध कर्म': नेमरा पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ समेत कई दिग्गज

#defenceministerrajnathsinghreachednemratopaytributetoshibu_soren

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद देशभर के नेताओं ने उनको श्रद्धांजलि दी है। वहीं, कई बड़े नेता नेमरा पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि दे रहे हैं। शिबू सोरेने के निधन के बाद होने वाले संस्कार भोज में देशभर से लोग पहुंच रहे हैं। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी नेमरा पहुंचकर शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल हुए।

राजनाथ सिंह ने नेमरा पहुंचकर गुरूजी को दी श्रद्धांजलि

रामगढ़ जिले के उनके पैतृक गांव में शिबू सोरेन के 'श्राद्ध' समारोह के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए शनिवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेमरा पहुंचकर श्रद्धांजलि दी है। इस बीच उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन और उनकी माता रूपी सोरेन से की मुलाकात करके सांत्वना दी है।

तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी पहुंचे नेमरा गांव

शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। उन्होंने दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी। रेवंथ रेड्डी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी विधायक पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।मुलाकात के बाद रेवंत रेड्डी ने कहा कि मैं हमेशा मदद करता रहूंगा। हैदराबाद में शिबू सोरेन भवन बनाएंगे।

बाबा रामदेव ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

योग गुरु स्वामी रामदेव नेमरा गांव पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने पहुंचे। बाबा रामदेव ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

पूरे रीति-रिवाज के साथ शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म

बीते दिन 81 वर्षीय शिबू सोरेन का निधन दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था। नेमरा शिबू सोरेन का पैतृक गांव है, जहां 5 अगस्त 2025 को उनका अंतिम संस्कार किया गया था। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत राज्यसभा सांसद को मुखाग्नि दी थी। शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म पूरे रीति-रिवाज के साथ हेमंत सोरेन ने पूरी की। आज यानी 16 अगस्त को झामुमो के सह-संस्थापक और पार्टी के सर्वोच्च नेता शिबू सोरेन का श्राद्ध भोज हो रहा है।

झारखंड विधानसभा में मनाई गई अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि

रांची: झारखंड विधानसभा परिसर में आज पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर विधानसभा परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा और तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

इस मौके पर झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक नवीन जायसवाल और पूर्व विधायक रविंद्र राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

विधानसभा के प्रभारी सचिव माणिक लाल हेम्ब्रोम और अन्य पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने भी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने दी श्रद्धांजलि

रांची, 16 अगस्त 2025: रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजुनाथ भजंत्री ने आज झारखंड विधानसभा परिसर में दिवंगत शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाया।

उपायुक्त ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री रामदास सोरेन का असमय निधन झारखंड राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा और ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिजनों को इस दुखद घड़ी में शक्ति प्रदान करें।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म में शामिल होकर दी श्रद्धांजलि

नेमरा, रामगढ़, 16 अगस्त 2025: झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार आज पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास, नेमरा पहुंचे।

राज्यपाल ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर विधानसभा पहुंचा, गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

रांची, 16 अगस्त 2025: झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर आज अंतिम दर्शन के लिए झारखंड विधानसभा परिसर में रखा गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो, राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधानसभा परिसर में श्री सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाए गए। श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारी व कर्मचारी भी शामिल थे। श्री सोरेन का निधन 15 अगस्त को दिल्ली के एक अस्पताल में हुआ था।

योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे, शिबू सोरेन को लेकर कह दी बड़ी बात

#shibusorenshradh_karm

दिशोम गुरु शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म आज उनके पैतृक गांव नेमरा में किया जा रहा है। इस दौरान कई दिग्गज नेता और कई चर्चित चेहरे भी शामिल हो रहे हैं। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बाबा रामदेव, तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी और आरके आनंद का आना तय हुआ है। योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी।

शिबू सोरेन के गांव पहुंचे बाबा रामदेलव ने कहा कि जल-जंगल जमीन की रक्षा करने वाले महापुरुष शिबू सोरेन झारखंड ही नहीं पूरे देश के लिए एक आदर्श थे।जिन्होंने जल, जंगल, जमीन की लडाई करके आदिवासी समाज से लेकर जितने भी शोषित और पिछड़े वर्ग के लोग थे उनकी आवाज सुनकर एक लोकनायक की तरह उभरे, उनको प्रणाम करता हूँ। उन्होंने कहा कि जब भी मैंने कोई योग शिविर या कोई कार्यक्रम आयोजित किया वे हमेशा शामिल हुए। लोग भले ही मुझे गुरु मानते हैं लेकिन मैं इन्हें गुरु मानता हूँ। और उन्हें ही मैं श्रद्धांजलि देने आया हूँ।

अश्विनी कुमार चौबे नेमरा पहुंचे

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे नेमरा पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि गुरु जी के पद चिन्हों पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने गुरु जी के समय के अपने पुराने दिनों को याद किया और कहा कि एक बार बक्सर की सभा मे गुरु जी ने कहा था कि वे लड़कर झारखंड लेंगे। उन्होंने जो कहा था करके दिखाया।

पप्पू यादव भी पहुंचे नेमरा गांव

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की श्रद्धांजलि सभा और संस्कार भोज में शामिल होने के लिए पूर्व सांसद पप्पू यादव आज रामगढ़ के नेमरा गांव पहुंचे हैं। सुबह से ही गांव के बाहर बनाई गई पार्किंग में गाड़ियों और लोगों की भीड़ बढ़ गई है। हालात को देखते हुए, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शिबू सोरेन की श्रद्धांजलि सभा और संस्कार भोज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। सभी रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कई आईपीएस और 40 डीएसपी अधिकारियों की तैनाती की गई है।

रामगढ़ के नेमरा में शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म आज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

रामगढ़, 16 अगस्त: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म आज उनके पैतृक गांव नेमरा में आयोजित हो रहा है। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम में लोगों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए, प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के लिए 10 आईपीएस अधिकारी, 60 डीएसपी और 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। लोगों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए नेमरा में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो 5 अगस्त से ही गांव में हैं, ने अधिकारियों को परिवहन, भोजन, स्वच्छता और चिकित्सा जैसी सभी सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

यातायात: सुविधाजनक आवाजाही के लिए तीन बड़े पार्किंग क्षेत्र बनाए गए हैं और 300 से अधिक ई-रिक्शा चलाए जा रहे हैं।

भोजन और सुविधाएं: तीन बड़े भोजन पंडालों में पारंपरिक श्राद्ध भोजन और प्रसाद परोसा जाएगा। आगंतुकों के लिए विश्राम स्थल और विशेष पैदल मार्ग भी बनाए गए हैं।

प्रदर्शनी: शिबू सोरेन के जीवन और योगदान को दर्शाने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी और स्मृति दीर्घा भी स्थापित की गई है, जिसमें उनकी दुर्लभ तस्वीरें और ऐतिहासिक दस्तावेज प्रदर्शित किए जाएंगे।

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्यपाल ने जताया शोक, सीएम हेमंत बोले- ऐसे नहीं जाना था...

#jharkhandeducationministerramdassorenpassedaway

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार को 62 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोरेन की हालत गंभीर थी और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाजपा नेता और झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पाना मुर्मू सोरेन ने शोक व्यक्त किया है।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी सोशल मीडिया साइट पर रामदास सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मैं अत्यंत मर्माहत हूं। उनका जाना राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।

सीएम हेमंत सोरेन ने क्या कहा

रामदास सोरेन के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा... अंतिम जोहार दादा।'

चंपाई सोरेन ने जताया शोक

झारखंड आंदोलन में रामदास सोरेन के साथी रहे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए लिखा, ‘झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन जी के निधन की दुखद सूचना से व्यथित हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। अंतिम जोहार

अर्जुन मुंडा ने जताई संवेदना

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन के निधन का अत्यंत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

बाथरूम में गिरने के बाद घायल हो गए थे मंत्री

2 अगस्त को दिल्ली लाए जाने के बाद रामदास सोरेन लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। उस दिन जारी एक बयान के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक बहु-विषयक टीम गहन चिकित्सा देखभाल प्रदान कर रही थी। 2 अगस्त को अपने आवास के बाथरूम में गिरने के बाद मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिल्ली आने से पहले, उन्हें जमशेदपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।