प्रियांशु हत्याकांड में भतीजी के प्यार में पागल फूफा को पुलिस ने किया गिरफ्तार
,औरंगाबाद औरंगाबाद के नबीनगर के बहुचर्चित प्रियांशु हत्याकांड में भतीजी के प्यार में पागल फूफा ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस के समक्ष बड़े चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने सोमवार को यहां प्रेसवार्ता में बताया कि झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर निवासी प्रियांशु की पत्नी गुंजा के फूफा जीवन सिंह ने राजस्थान से गिरफ्तार कर औरंगाबाद पुलिस द्वारा ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाए जाने के बाद
पुलिस के समक्ष कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने पुलिस को बताया कि उसका अपनी भतीजी गुंजा सिंह से 15 साल से अफेयर चल रहा था। वह कभी भी गुंजा की शादी नही होने देना चाहता था। इसी कारण उसने दो बार गुंजा का तय हुआ रिश्ता भी कटवा दिया था। दो रिश्ता कटने के बावजूद तीसरी बार गुंजा के परिवार वालों ने 9 मई को नबीनगर के बड़वान गांव निवासी प्रियांशु सिंह के साथ शादी करा दी। इस शादी से गुंजा खुश नही थी और वह बार-बार
फूफा को फोन कर प्रियांशु को रास्ते से हटाने के लिए कह रही थी। आखिरकार उसने प्रियांशु को रास्ते से हटाने के लिए झारखंड के पलामू जिले के चार शूटरों को हायर किया। शुटरों से 10 लाख में डील हुई और डील के बाद दो लाख एडवांस में दिया। एडवांस देने के बाद उसने शूटरों को पलामू जिले के ही मोबाइल सिम बेंचने वाले दो लोगों से दोनों शूटरो को फर्जी नाम पर दो सिम उपलब्ध कराए, जिनका शुटरों ने प्रियांशु का मर्डर करने के लिए गुंजा से इनपुट हासिल करने के लिए किया। सटीक इनपुट मिलने पर दो बाइक पर सवार चार शुटरों ने 24 जून को प्रियांशु की नबीनगर के लेम्बोखाप के पास उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी जब वह वाराणसी से ट्रेन से नबीनगर रोड स्टेशन आने के बाद बाइक से अपने गांव वापस लौट रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रियांशु की हत्या के बाद नबीनगर पुलिस ने प्राथमिकी संख्या-205/25 दर्ज की थी। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष जांच दल(एसआईटी) गठित की थी। एसआईटी ने मामले की छानबीन के दौरान तकनीकी अनुसंधान में अहम सुराग मिलने पर प्रियांशु की पत्नी गुंजा सिंह और प्रियांशु की हत्या करने वाले शूटरों को मोबाइल सिम उपलब्ध कराने वाले पलामू जिले के दो लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद गुंजा ने पुलिस के समक्ष यह स्वीकार किया था कि शादी के 15 साल पहले से ही उसका अपने फूफा जीवन सिंह से अफेयर चल रहा था। वह शादी के बाद भी फूफा से बात कर रही थी। बीच में पति द्वारा मोबाइल छीन लेने पर फूफा ने ही उसे दूसरा मोबाइल उपलब्ध कराया था। वह इस शादी से खुश नही थी। इसी कारण उसने फूफा से कहकर अपने पति प्रियांशु का मर्डर करा दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुंजा के इस खुलासे के बाद एसआईटी उसके फूफा जीवन सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, खुफिया इनपुट, ह्यूमेन इंटेलिजेंस और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गुंजा के फूफा जीवन सिंह के राजस्थान के सवाई माधोपुर थाना के मॉनटाउन स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद फूफा जीवन सिंह ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उसका गुंजा से 15 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान गुंजा की प्रियांशु से शादी कर दी गई।
इस शादी से वह और गुंजा दोनों ही खुश नही थे। शादी के बाद भी गुंजा घंटों उससे बात करती थी, जिसका प्रियांशु विरोध करता था। इसी कारण गुंजा और उसने मिलकर प्रियांशु की हत्या कराने की साजिश रची और 24 जून को उसका मर्डर करा दिया। उन्होंने बताया कि गुंजा का फूफा जीवन सिंह(65) झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर के वार्ड-5 हमीदगंज का निवासी है। उसके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले के छानबीन में यह भी पता चला है कि जीवन सिंह पर झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना में भादंवि की धारा-447, 384, 406, 420, 379, 323, 504 एवं 506 के तहत प्राथमिकी संख्या-462/24 भी दर्ज है। गिरफ्तार जीवन सिंह को पुलिस द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने प्रियांशु की हत्या करने वाले चारो शूटरों की पहचान कर ली है। पुलिस शीघ्र ही उन्हे गिरफ्तार कर लेगी। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
औरंगाबाद बिहार से धीरेन्द्र पाण्डेय
Jul 28 2025, 19:08