राज्य संग्रहालय में ‘जूनियर कंजर्वेशनिस्ट नेचर कैम्प’ का आयोजन
![]()
- बच्चों ने सीखी मछलियों की अनोखी दुनिया की बारीकियां
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की प्रेरणा और प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन के मार्गदर्शन में बुधवार को राज्य संग्रहालय, लखनऊ में ‘जूनियर कंजर्वेशनिस्ट नेचर कैम्प’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश और टर्टिल सर्वाइवल एलाइन्स फाउंडेशन, इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कैम्प में प्रतिभागी बच्चों को मत्स्य विविधता, मछलियों के पारिस्थितिकी तंत्र और उनके संरक्षण के महत्व पर जागरूक किया गया। टर्टिल सर्वाइवल फाउंडेशन की वैज्ञानिक टीम, डॉ. अनुराग और सुश्री शिवांगी ने बच्चों को राष्ट्रीय मत्स्य संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया। यहां उन्हें उत्तर प्रदेश की राजकीय मछली 'चीतल' समेत भारत के विभिन्न राज्यों की राजकीय मछलियों के मॉडल और उनके विशेष लक्षणों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न नदियों में पाई जाने वाली मछलियों, उनके आवास एवं पारिस्थितिकी संबंधों को वीडियो और ऑडियो माध्यम से प्रस्तुत किया गया। संग्रहालय की जंतुओं की प्रयोगशाला में बच्चों को मछलियों के गिल्स के जरिए उनके शरीर रचना विज्ञान की जानकारी दी गई। कैम्प के दौरान गंगा एक्वेरियम में बच्चों ने जीवित कछुए, रंग-बिरंगी मछलियां और कोरल्स का भी अवलोकन किया। राष्ट्रीय मछली संग्रहालय के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी अमित सिंह बिष्ट ने प्रवास, प्रजनन और जैव विविधता पर आधारित व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को एक वर्कशीट दी गई जिसमें भ्रमण के दौरान प्राप्त जानकारी से संबंधित प्रश्नों के उत्तर चित्रों सहित देने थे। बच्चों ने इस गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में अनुराग द्विवेदी, सुरेश कुमार रावत और सत्यपाल शर्मा का विशेष योगदान रहा।
Jun 25 2025, 17:37