लखनऊ में विदेशी सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, प्लास्टिक सर्जरी से बदले जा रहे थे चेहरे
![]()
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में चल रहे एक विदेशी सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। एफआरआरओ (Foreigners Regional Registration Office) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी में ओमेक्स हजरतगंज की पांचवीं मंजिल स्थित फ्लैट नंबर 527 से दो विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। ये महिलाएं बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत में रह रही थीं।
पुलिस पूछताछ में महिलाओं ने खुद को उज़्बेकिस्तान का नागरिक बताया। उन्होंने कबूला कि उनके पास यात्रा संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं और वे करीब दो वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रही हैं। महिलाओं ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि लखनऊ के एक नामी डॉक्टर विवेक गुप्ता ने उनकी प्लास्टिक सर्जरी की थी, जिससे उनके चेहरे की पहचान पूरी तरह बदल गई। इस कारण वे विदेशी नहीं लगती थीं और आसानी से भारत में छिपकर रह रही थीं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि इन महिलाओं को फ्लैट दिलाने में त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा ने मदद की थी, जो खुद को पत्रकार बताता है। पुलिस को संदेह है कि अर्जुन और डॉक्टर विवेक दोनों इस गिरोह का हिस्सा हैं।
इस रैकेट की मास्टरमाइंड लोयोला नाम की महिला बताई जा रही है, जो उज़्बेकिस्तान की रहने वाली है और वहां की सरकार ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया हुआ है। लोयोला अब लखनऊ में अर्जुन राणा से शादी कर यहां छिपकर रह रही थी। पुलिस ने बताया कि पूरे गिरोह के खिलाफ विदेशी अधिनियम व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी कोणों से जांच जारी है।
Jun 21 2025, 19:19