इंतजार खत्म, 15 जून से नहरों में आएगा पानी
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। नहर प्रखंड 15 जून को पंप कैनाल चालू कर देगा। इससे ज्ञानपुर मुख्य नहर से लेकर माइनर और रजवाहा में पानी पहुंच जाएगा। इससे किसान धान की नर्सरी की सिंचाई के साथ ही जुलाई में रोपाई शुरू कर देंगे। जिले में रबी और खरीफ की खेती मानसून पर निर्भर रहती है।
इसके अलावा सिंचाई का मुख्य साधन नहर ही है। भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज में करीब 15 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल की सिंचाई ज्ञानपुर पंप कैनाल से होती है। फरवरी में गेहूं की सिंचाई खत्म होने पर पंप को बंद कर दिया गया था। अप्रैल में तालाब एवं छोटी नदियों में पानी भरने के लिए कुछ दिनों के लिए पंप चलाया गया। उसके बाद पंप कैनाल की मरम्मत के कारण नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया। इससे गर्मी के कारण अधिकतर तालाब, मोरवा, वरुणा जैसी नदियां भी सूख गई। नहरों में पानी छोड़ने की मांग काफी दिनों से हो रही है, लेकिन पंप की मरम्मत के कारण पानी नहीं छोड़ा जा रहा था। अधिशासी अभियंता नहर सुधीर कुमार पाल ने कहा कि पंप कैनाल की मरम्मत होने के कारण उसे चालू नहीं किया गया है। 15 जून को पानी छोड़ा जाएगा। ज्ञानपुर मुख्य नहर प्रयागराज के केहुनी से निकलकर वाराणसी और मिर्जापुर जिले तक जाती है। इसकी लंबाई 74 किलोमीटर है जबकि भदोही रजवाहा की लंबाई 53 और सीखड़ रजवाहा की 43 किलोमीटर है।
अबकी बार दोगुना धान रोपाई कर रकबा
मौसम वैज्ञानिकों ने इस साल मानूसनी बारिश अच्छी होने की उम्मीद जताई है। इसको लेकर कृषि विभाग ने धान की रोपाई का रकबा दोगुना कर दिया है। साल 2024 में 27 हजार हेक्टेयर रकबे में धान रोपी गई जबकि इस साल 54 हजार हेक्टेयर में खेती की जाएगी। मानसून ने साथ दिया तो किसान तय लक्ष्य को पूर्ण कर लेंगे।
Jun 13 2025, 19:40