बुद्ध पूर्णिमा पर ज्ञानपुर में निकली शांति रैली:सम्राट अशोक क्लब ने दिया शांति और सद्भावना का संदेश, बुद्ध के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

नितेश श्रीवास्तव,भदोही। भदोही के ज्ञानपुर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में बुद्ध पूर्णिमा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्राट अशोक क्लब के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नगर में रैली निकालकर शांति और सद्भावना का संदेश दिया। क्लब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र मौर्य एवं प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि वर्तमान में दुनिया एटम बम की बात कर रही है। लेकिन सम्राट अशोक क्लब के लोग शांति और सद्भावना की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध शांति के पुजारी थे। उनके मार्ग पर चलकर ही दुनिया में स्थायी शांति लाई जा सकती है।

राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी अवधेश कुमार मौर्य ने कहा कि आज पूरी दुनिया में हर तरफ संघर्ष हो रहा है। क्लब का लक्ष्य है कि दुनिया में शांति व्यवस्था बनी रहे। भगवान बुद्ध ने हमेशा शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आगे बढ़ाया। उनके बताए मार्ग पर चलकर आज भी पूरी दुनिया को शांति और सुरक्षा दी जा सकती है।कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष हीरालाल मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

फर्जी कोचिंग पर शीघ्र होगी कार्रवाई

नितेश श्रीवास्तव ,भदोही। फर्जी कोचिंग संचालकों की अब खैर नहीं होगी। विभागीय स्तर से शीघ्र ही सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बिना पंजीयन कराए कोचिंग संचालन करने वालों के खिलाफ माध्यमिक शिक्षा परिषद की सख्ती बढ़ना शुरू हो गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान के नेतृत्व में अवैध ढंग से चल रहे पांच कोचिंग सेंटर को पूर्व में बंद करा दिया गया था। बिना पंजीयन के संचालित हो रहे कोचिंग सेंटर की जांच को विभागीय स्तर से टीम बना दी गई है। शिकायत मिलने पर स्थलीय जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही है।

 डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि पूर्व में पांच कोचिंग सेंटर संचालकों को पंजीयन के लिए नोटिस जारी हुआ था। लेकिन इन संचालकों द्वारा पंजीयन को आवेदन नहीं किया गया था। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेते हुए पांचों कोचिंग को बंद करा दिया गया था। बताए कि जिले में कुल 16 कोचिंग सेंटर पंजीकृत हैं। जहां भी बिन पंजीयन के कोचिंग चल रहे हैं, वहां जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पंद्रह दिन में हो जाती है पंजीयन प्रकिया

जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि कोचिंग सेंटर संचालित करने के लिए पंजीयन प्रकिया पंद्रह दिन में पूर्ण हो जाती है। कोचिंग संचालकों को आनलाइन पंजीयन के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद निर्धारित चालान जमा करना होता है। कोचिंग संचालन करने में क्या मानक होता है, इसकी जांच विभागीय स्तर से की जाती है। इसके बाद पंजीयन प्रकिया पूर्ण होने के बाद संचालन अनुमति दे दी जाती है। बिना पंजीयन कोचिंग सेंटर का संचालन करना हर स्तर से गलत है।

अल्ट्रासाउंड सेंटर पर लटक रहा ताला

नितेश श्रीवास्तव,भदोही ‌।गोपीगंज सीएचसी के सोनोलॉजिस्ट डॉ आशीष गुप्ता के महाकुंभ से न लौटने के कारण अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद है। मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। करीब डेढ़ महीने पहले जिले के दौर पर आए प्रभारी मंत्री के कारण प्रयागराज से सोनोलॉजिस्ट को बुलाकर अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कराई गई थी।

 इसके बाद से मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया। 15 दिन पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आगमन पर सेंटर खोला गया था। तब से यहां पर ताला लटका रहा है।

*गोपीगंज में स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए साइकिल यात्रा:युवाओं ने दिया स्वस्थ भारत का संदेश, वृक्षारोपण का आह्वान*

नितेश श्रीवास्तव 

भदोही। भदोही साइकिलिंग क्लब ने राष्ट्रीय राजमार्ग बड़ा चौराहा से एक विशेष साइकिल यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकली गई। क्लब के अध्यक्ष अताउल अंसारी ने युवाओं को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए युवाओं का स्वस्थ होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन आंधा घंटा योग - व्यायाम करने का आग्रह किया। साथ ही छोटी दूरी साइकिल या पैदल चलने की सलाह दी। बीरन‌ई प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुस्ताक अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर यात्र का शुभारंभ किया। यात्रा पड़ाव से शुरू होकर कौलापुर ,छतमी, भिखारीपुर, महावीर, किशनदेवपुर,सराय जगदीश और धनीपुर होते हुए जंगीगंज में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य से जुड़े नारे लगाए। इनमें वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ, स्वस्थ रहे मस्त रहे और सुबह की हवा सौ रोगों की दवा जैसे प्रमुख नारे शामिल थे‌।

इस यात्रा में अजय तिवारी, सरफराज अहमद, प्रवीण टंडन, कमलेश कश्यप, महमूद आलम,अबरार हाशमी, राजीव जायसवाल समेत कई युवाओं ने भाग लिया। साथ ही अदिति तिवारी जैसी युवा प्रतिभारी भी शामिल रही।

*ज्ञानपुर में शामिल होंगे 19 गांव, आबादी बढ़कर होगी एक लाख, मिल सकता है नगर पालिका का दर्जा*

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही- नगर पंचायत को पालिका का दर्जा दिए जाने की मांग अब जल्द पूरी हो सकती है। सीमा विस्तार के बाद नगर की सीमा में 19 गांवों का शामिल किया जाएगा। इससे नगर की करीब एक लाख आबादी बढ़ जाएगी। प्रमुख सचिव नगर विकास की ओर से सीमा विस्तार के लिए गांवों की सूची मांगी जाने के बाद नगर पंचायत की ओर से 19 गांवों की सूची भेज दी गई है।

आने वाले पंचायत चुनाव के पहले नगर पालिका का दर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिले में भदोही और गोपीगंज दो नगर पालिका समेत पांच नगर पंचायत हैं। इसमें ज्ञानपुर, सुरियावां, खमरिया, घोसिया और नई बाजार शामिल है। मुख्यालय के पास स्थित ज्ञानपुर नगर पंचायत को लंबे समय से नगर पालिका का दर्जा दिए जाने की मांग चल रही है।

बीते दिनों प्रमुख सचिव नगर विकास ने नगर की सीमा विस्तार को लेकर नगर पंचायत से गांवों की सूची मांगी थी। इसके तहत नगर पंचायत ने नगर के आसपास के 19 गांवों की सूची बनाकर शासन को भेजी है। हालांकि अभी गांवों की जनसंख्या की रिपोर्ट भी जानी है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

एक लाख की आबादी पर बनता है पालिका : ज्ञानपुर। नगर में कुल 11 वार्ड हैं, इसमें 30 से 32 हजार की आबादी है। वहीं, पालिका बनाने के लिए एक लाख से अधिक की आबादी होनी चाहिए, तभी पालिका बनाया जाता है। 19 संभावित गांव में पांच हजार के हिसाब से करीब 95 हजार की आबादी निवास कर रही है। ज्ञानपुर की 30 हजार आबादी को जोड़कर करीब एक लाख 25 हजार की आबादी हो रही है।

प्रमुख सचिव नगर विकास की ओर से सूची मांगी गई थी। इसके बाद 19 गांवों की प्रस्तावित सूची बनाकर भेजी गई है। अगर इन गांवों को शामिल किया जाएगा तो नगर की आबादी सवा लाख के आसपास हो जाएगी।

*जिले के चार थानों में 65 फीसदी मामले, औराई में दर्ज हुए सबसे ज्यादा मुकदमे*



रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही- जिले के औराई कोतवाली में बीते अप्रैल माह में सबसे अधिक 70 मुकदमे दर्ज हुए हैं। इसके अलावा भदोही और गोपीगंज ऐसे थाने हैं, जहां 50 से अधिक मामले दर्ज हुए। महिला थाने में पूरे माह में केवल दो और साइबर थाने में केवल आठ मामले दर्ज हुए। जनपद के सभी थानों में अप्रैल के महीनों में कुल 317 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसमें लगभग 60 फीसदी मामले मारपीट के रहे।

चार थानों में ही करीब 65 फीसदी मुकदमें दर्ज

जिले में महिला थाना समेत कुल 10 थाने हैं। इसमें औराई, भदोही, गोपीगंज, ज्ञानपुर और सुरियावां कोतवाली हैं। वहीं, दुर्गागंज, चौरी, ऊंज, कोईरौना थाना हैं। इसके अलावा साइबर संबंधी मामलो के निपटारे के लिए बीते साल ही पुलिस लाइन में साइबर थाना भी शुरू किया गया। जिले में राजस्व के मामले ज्यादा आते हैं। इसमें अधिक जमीन संबंधी विवाद होते हैं। समाधान दिवस से लेकर संपूर्ण समाधान दिवस तक राजस्व संबंधी मामलों की संख्या करीब 80 से 85 फीसदी तक रहती है। राजस्व संबंधी मामलों के कारण आपसी तनाव भी बढ़ते हैं। इसके कारण कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती हैं। औराई तहसील में राजस्व के मामले में अधिकतर होते हैं। शायद यही कारण है कि अप्रैल महीने में दर्ज मुकदमों में सबसे अधिक मुकदमें औराई थाने में दर्ज हुए। जिले के 10 थानों में औराई, भदोही, सुरियावां और गोपीगंज में ही 221 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बाकि छह थानों में केवल 96 मुकदमे दर्ज हैं। आंकड़ों के चार थानों में ही करीब 65 फीसदी मुकदमें दर्ज हुए हैं।

छेड़खानी और नाबालिग भगाने के करीब 10-15 फीसदी मामले

थानों में मारपीट के बाद करीब 10 से 15 फीसदी मामले में महिला संबंधी आते हैं। इसमें अधिकतर मामले में नाबालिग को बहाल-फुसलाकर भगाने और छेड़खानी संबंधी मामले आते हैं। अधिकतर छेड़खानी के मामले औराई और गोपीगंज कोतवाली में आते हैं। इस तरह से अधिक मामले में ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहे हैं।

अप्रैल माह में किस थाने में कितने मामले दर्ज

औराई- 70

गोपीगंज - 58

भदोही - 50

सुरियावां - 43

ज्ञानपुर - 29

कोईरौना - 18

चौरी - 17

दुर्गागंज - 14

ऊंज - 10

साइबर थाना - 8

महिला थाना - 2

जिले में मुकदमे दर्ज करने को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही न बरते जाने के निर्देश है। जिससे विवाद का मामला प्राथमिक स्तर पर ही निपट जाए। इसके अलावा राजस्व संबंधी मामलों की अधिकता के कारण मारपीट के मामले अधिक होते हैं।

‌भदोही एसपी ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण:साप्ताहिक परेड की सलामी ली

नितेश श्रीवास्तव,भदोही। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने आज पुलिस लाइन ज्ञानपुर में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सलामी ली और जवानों से दौड़ लगवाई। एसपी ने जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने टोलीवार ड्रिल की कार्यवाही का निरीक्षण किया। उन्होंने इसे और बेहतर तरीके से कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने 112 , सीसीटीएनएस, अंगुष्ठ छाप कार्यालय और व्यायाम शाला की जांच की।

पुलिस भर्ती 2023 के रिक्रूट आरक्षियों के आधारभूत प्रशिक्षण की तैयारियों का भी जायजा लिया गया । इसमें बैरक, स्कूल और मेस की व्यवस्थाओं का निरीक्षण शामिल था। साप्ताहिक अर्दली रुम में विभिन्न रजिस्टरों की जांच के बाद एसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ओपीडी में पहुंच रहे जकाम बुखार, उल्टी - दस्त के मरीज

नितेश श्रीवास्तव,भदोही। बीते एक सप्ताह से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। इसका असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में सर्दी-जुकाम सहित उल्टी दस्त के मरीज पहुंच रहे हैं। जिन्हें जांच कर चिकित्सक दवा दे रहे हैं। शुक्रवार को अस्पताल में 795 मरीजों की ओपीडी रही। योजना मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। शादी विवाह का सीजन होने के कारण खान-पान में लोग अनियमित्ता बरत रहे हैं। इससे बीमार पड़ रहे हैं। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय की ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक मरीज पहुंच रहे हैं।

डॉ प्रदीप यादव ने बताया कि मौसमी बीमारी के ज्यादा मरीज आ रहे हैं। इसमें सर्दी, जुकाम, बुखार,बदन दर्द, उल्टी दस्त डिहाईड्रेशन, आंख में जलन, चूभन और स्क्रीन के मरीज आ रहे हैं। चिकित्सकों का मानना है कि अचानक से मौसम तल्ख हुआ है। ऐसे में सतर्कता बरतें। लापरवाही बरतने पर तुरंत बीमार पड़ेंगे।

जयंती पर महाराणा प्रताप को किया याद

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर स्थित शहीद पार्क में शुक्रवार को जय बाबा बर्फानी ग्रुप के सदस्यों ने श्रमदान किया। इस दौरान पूरे परिसर को चमकाने के बाद जयंती पर महाराणा प्रताप को नमन करते हुए उनके बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया गया। पदाधिकारियों ने शुक्रवार की सुबह पार्क में स्थापित सभी प्रतिमाओं को साफ सुथरा करने के साथ ही परिसर में पसरी गंदगी को भी साफ किया। कहा कि भारत की एकता, अखंडता को बनाने के लिए महाराणा प्रताप ने राज,पाट को त्याग दिया था।

जंगलों में जीवन बिताया, कठिनाइयों का सामना किया, आजादी मिलने के बाद आज हम एक बार फिर जाति, धर्म के नाम पर आपस में लड़ रहे हैं, जो चिंतनीय है। पुरखों ने तमाम यातनाएं झेलीं थी, वह इसलिए कि आने वाले समय में उनकी पाढ़िया खुली हवा में सांस सकें। कहा कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की आज जरूरत है। ताकि देश की बुलंदी की राह पर ले जाया जा सके। संकल्प लेते हुए किसी के साथ भेदभाव को नहीं होने देना है।ब्रह्मा मोदनवाल, राकेश देववशी, संदीप माली, मुकेश सेठ, महेंद्र मिस्त्री छोटू इत्यादि लोग मौजूद रहे

बीड़ा की मनमानी फीस पर सपा का विरोध:भदोही में भवन मानचित्र पास के लिए एक बिस्वा पर 80 हजार और दो बिस्वा पर डेढ़ लाख वसूली

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में समाजवादी पार्टी ने भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीड़ा) की मनमानी फीस वसूली के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सपा के प्रदेश सचिव आरिफ सिद्दीकी ने डीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

सिद्दीकी ने बताया कि बीड़ा भवन मानचित्र पास करने के नाम पर जनता से अवैध वसूली कर रहा है। एक बिस्वा भूमि के लिए 80,000 रुपए और दो बिस्वा के लिए डेढ़ लाख रुपए शुल्क लिया जा रहा है। बीड़ा के अधिकारी और कर्मचारी जनता को परेशान कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 2017 से पहले भदोही नगर सीमा में भवन मानचित्र पास करने का अधिकार नगर पालिका परिषद के पास था। तब मामूली शुल्क लिया जाता था। अब बीड़ा ने यह अधिकार लेकर जनता को परेशान कर रहा है।सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि बीड़ा को आबादी वाली भूमि पर नक्शा पास करने का अधिकार नहीं है। फिर भी वहां जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग की है।

प्रदर्शन में दिलीप कनौजिया, अमरेश गौतम, प्रमोद यादव, रमेश चंद मौर्य, धर्मेंद्र, संतोष यादव, सुधाकर, लल्लू और विष्णु समेत कई सपा कार्यकर्ता मौजूद थे।