मौसम अलर्ट : आज से फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज, पटना में दोपहर बाद बारिश के आसार
डेस्क : बिहार में मौसम के मिजाज मे लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। तीन-चार दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि से तापमान आई गिरवाट के बाद एकबार फिर गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरु कर दिया था। इसी बीच आज रविवार को पटना में दोपहर बाद मौसम के मिजाज बदलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शाम में या रात के समय मेघगर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना है। आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। वहीं प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भी ठनका और आंधी-बारिश की चेतावनी है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। जबकि शनिवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 2.8 और न्यूनतम तापमान में 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे गर्म शहर 39 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास का डेहरी और सबसे ठंडा शहर 21.4 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज रहा।
पटना सहित राज्य में सूरज के तल्ख तेवर के कारण दिन में लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। पटना के अधिकतम तापमान में 2.1 और न्यूनतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि पटना और नालंदा के राजगीर में 28 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
May 04 2025, 09:55