एनडीए एकजुट होकर लड़ेगा विधानसभा चुनाव, इसबार रिकॉर्ड मतों से होगी जीत : नीतीश कुमार

डेस्क : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसबार विधान सभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत का दावा किया है। सीएम ने कहा है कि हमलोग एनडीए के सभी साथियों के साथ एकजुट होकर बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। इस बार बहुत ज्यादा वोट से हमलोग जीतेंगे। उन्होंने चुनाव की तैयारी में जदयू कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुट जाने को कहा।

मुख्यमंत्री शनिवार को जदयू प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित अधिवक्ता समागम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में विधि प्रकोष्ठ बना है। मुझे विश्वास है कि अधिवक्ता साथी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। न्याय के साथ विकास की धारा को नीचे तक पहुंचायें। उन्होंने कहा कि हम शुरू से एनडीए के साथ रहे हैं। राजद का नाम लिये बगैर कहा कि बीच में हम उधर चले गये थे। अब कहीं नहीं जायेंगे। एनडीए के साथ ही रहेंगे। पूरी बुलंदी के साथ एकजुट होकर हमलोग उनके (भाजपा के) साथ चलेंगे।

उन्होंने कहा कि हमलोगों ने समाज के सभी वर्गों एवं राज्य के सभी क्षेत्रों के विकास के लिये काम किया है। महिलाओं के उत्थान के लिये काफी कार्य किया गया है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनलोगों ने महिलाओं के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया था। सीएम ने अधिवक्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती से योगदान दें। पूरी ताकत से एकजुट होकर काम करें।

पटना में तेज हवाओं के साथ हो सकती है झमाझम बारिश, इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट

डेस्क : बिहार में भीषण गर्मी के बाद अब बारिश की संभावना है। झारखंड में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से शनिवार को कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जिसका असर अब बिहार में भी देखने को मिल सकता है। पटना, नालंदा, जहानाबाद, गया, नवादा, बेगूसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया जिलों में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रतिघंटा) चलने, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने आज पटना सहित 19 जिलों के लिए ऑरेंज तो 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इस दौरान सभी को सावधान रहने की सलाह दी है। वहीं शनिवार को राजधानी पटना में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शुक्रवार की तुलना में तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री रहा था।

वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में रविवार से आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसके लिए विशेष पूर्वानुमान जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। कोसी और सीमांचल के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और पटना सहित कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गरज-तड़क, आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।

केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे बिहार के ये दो वरिष्ठ आईएएस, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

डेस्क : राज्य सरकार ने राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य केशव कुमार पाठक (केके पाठक) एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रधान सचिव डॉ. एन सरवन कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की मंजूरी दे दी है।

वहीं, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल को बिहार का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव, निर्वाचन विभाग के पद पर पदस्थापित किया है। शनिवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित अलग-अलग अधिसूचना जारी की।

अधिसूचना के अनुसार, केके पाठक को नवनियुक्त पद पर योगदान देने के लिए एक मई 2025 के प्रभाव से विरमित किया गया है। उन्हें केंद्रीय कैबिनेट का अपर सचिव बनाया गया है। वहीं, डॉ. एन. सरवन कुमार दिल्ली विकास प्राधिकार के उपाध्यक्ष बने हैं। वर्तमान पद का त्याग करने की तिथि से डॉ. सरवन को विरमित माना जाएगा।

गौरतलब है कि केके पाठक 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। वहीं, डॉ. एन. सरवन कुमार 2000 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। जबकि, विनोद सिंह गुंजियाल 2007 बैच के आईएएस हैं। एक दिन पूर्व, भारत निर्वाचन आयोग ने विनोद सिंह गुंजियाल को बिहार का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नामित किए जाने की अधिसूचना जारी किया था। बिहार विधानसभा का आगामी चुनाव गुंजियाल के ही मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा।

बिहार के अंचल कार्यालयों की रैंकिंग जारी, इस जिले के अंचल को मिला प्रथम स्थान

डेस्क : बिहार के अंचल कार्यालयों में जमुई जिले के लक्ष्मीपुर अंचल का काम सबसे अच्छा रैकिंग पर आया है.

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से मार्च महीने की जारी रैंकिंग में औरंगाबाद के हसपुरा को दूसरा तथा बांका के बाराहाट को तीसरा स्थान मिला जबकि नवादा जिले का अकबरपुर अंचल सबसे निचले पायदान पर रहा. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा नियमित रूप से मुख्यालय स्तर से, अंचल कार्यालयों से लेकर जिलों तक किये जा रहे राजस्व कार्यों की समीक्षा की जाती है ताकि आमजनता को राजस्व विभाग की सेवाओं का लाभ समुचित रूप से मिल सके ।

इसी क्रम में विभाग द्वारा राज्य के सभी 534 अंचल कार्यालयों की समीक्षा कर उनकी मार्च माह की रैंकिंग जारी की गई है। अंचल कार्यालयों की रैंकिंग जारी होने और उनके कार्यों की लगातार समीक्षा से कार्यप्रणाली में क्रमवार सुधार जारी है।

अंचल कार्यालयों की रैंकिंग परिमार्जन प्लस, म्यूटेशन, अभियान बसेरा-2, आधार सीडिंग की स्तिथि इत्यादि के आधार पर की जाती है। रैंकिंग में अंचल कार्यालयों को म्यूटेशन पर 20 अंक, परिमार्जन प्लस पर 25 अंक, अभियान बसेरा-2 पर 15 अंक, आधार सीडिंग पर 2.5 अंक, ऑनलाइन एलपीसी पर 2.5 अंक, ई मापी पर 15 अंक, अतिक्रमणवाद निबटारे पर पांच अंक, जमाबंदी पर पांच अंक और सरकारी जमीन की इंट्री और वेरीफिकेशन पर 10 अंक दिये जाते हैं। इनमें सबसे अधिक अंक परिमार्जन प्लस पर मिलते हैं।

इस रैंकिंग में जमुई के लक्ष्मीपुर अंचल कार्यालय को पहला, औरंगाबाद के हसपुरा को दूसरा तथा बांका के बाराहाट को तीसरा स्थान मिला है। फरवरी में पहले स्थान पर सिवान का नगरा और दूसरे स्थान पर औरंगाबाद के हसपुरा अंचल कार्यालय था। टॉपर लक्ष्मीपुर को 100 में 91.61 अंक मिले हैं तो दूसरे नंबर पर रहे हसपुरा को 91.39 अंक और तीसरे नंबर पर रहे बाराहाट को 90.07 अंक मिले हैं। टॉप टेन में बांका के चार तथा शेखपुरा के दो अंचल कार्यालय स्थान बना पाये हैं। बांका के बाराहाट, अमरपुर, बौंसी तथा फुल्लीडुमर को क्रमशः तीसरा, चौथा, छठा तथा सातवाँ स्थान प्राप्त हुआ है।

देश के चर्चित नीट यूजी पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया गिरफ्तार, एसटीएफ ने पटना मे दबोचा

डेस्क : देश के चर्चित नीट यूजी पेपर लीक समेत बिहार में कई परीक्षाओं का पेपर लीक कराने वाला संजीव मुखिया आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ गया। एसटीएफ ने उसे पटना धर दबोचा है।

संजीव मुखिया पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार हाथ पैर मार रही थी। संजीव मुखिया की गिरफ्तारी पुलिस के लिए नाक का सवाल बन गई थी। थक हारकर पुलिस मुख्यालय ने संजीव मुखिया के ऊपर तीन लाख रुपए का इनाम घोषित किया। आखिरकार पुलिस को सफलता मिल गई।

बीते गुरुवार की रात आर्थिक अपराध इकाई को संजीव मुखिया का इनपुट मिला और पुलिस ने दानापुर के सगुना मोड़ इलाके में एक अपार्टमेंट की घेराबंदी की और छापेमारी कर मास्टरमाइंट को धर दबोचा।

आर्थिक अपराध इकाई के एडीजी नैयर हसनैन खान ने बताया कि कैसे पुलिस शातिर संजीव मुखिया तक पहुंची।

नैयर हसनैन खान ने बताया कि आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीम काफी दिनों से संजीव मुखिया के पीछे लगी हुई थी। नीट पेपर लीक कांड में यह सबसे प्राइम टारगेट था। बहुत लंबे समय से यह फरार था और पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। देर रात हमारी टीम को इनपुट मिला कि संजीव मुखिया सगुना मोड इलाके में छिपा है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद हमारी टीम ने देर रात दानापुर और सगुना मोड़ इलाके में छापेमारी की और एक अपार्टमेंट से संजीव मुखिया को अरेस्ट किया गया। संजीव मुखिया को गिरफ्तार कर पटना लाया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संजीव मुखिया से प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और आगे जो भी एक्शन होगा उसकी जानकारी दी जाएगी।

सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता कैबिनेट की हुई बैठक, इन 34 एजेंडों पर लगी मुहर

डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक में कई एजेंडों पर मुहर लगी। नीतीश कैबिनेट की बैठक सुबह 11 बजे से पुराने सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में हुई। हालांकि पहले यह बैठक शाम 4 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अंतिम समय में इसका समय बदल दिया गया।

लगभग 17 दिनों के बाद आज कैबिनेट की बैठक हुई। इसके पहले 8 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक हुई थी। जिसमें कुल 27 एजेंडों पर मुहर लगी थी। वहीं आज कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगी है।

कैबिनेट ने खेल विभाग को लेकर अहम फैसला लिया है। जिसके तहत बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न श्रेणियों में कुल 244 पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई। इससे विश्वविद्यालय की कार्यक्षमता और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के तहत प्रदेश के आठ अंचलों में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के लिए कुल 526 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई। इनमें 422 पद शिक्षक श्रेणी (प्रत्येक महाविद्यालय के लिए एक प्रधानाचार्य सहित) तथा 104 पद शिक्षकेत्तर श्रेणी में होंगे। ये कॉलेज पश्चिम चंपारण, वैशाली, बेगूसराय, गया, कैमूर, बांका, मुंगेर और जमुई जिलों में खोले जाएंगे।

कैबिनेट की बैठक में पटना के महाधिवक्ता कार्यालय के लिए विभिन्न कोटि के 34 स्थायी पद तथा संविदा आधारित 06 पद अर्थात कुल 40 (चालीस) पदों के सृजन की स्वीकृति मिली है। इन 40 पदों पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरु होगी।

कैबिनेट ने बिहार पशु चिकित्सा सेवा संवर्ग के अंतर्गत पूर्व स्वीकृत 2159 पदों के पुनर्गठन की मंजूरी दी। यह पुनर्गठन निर्धारित नियमावली और पदानुक्रम के अनुसार किया जाएगा।

बिहार विधान सभा चुनाव को लेकर महागठबंधन की हुई बैठक, घटक दलों के चार साझा कमेटियां बनाने का लिया गया निर्णय

डेस्क : बिहार में इस साल विधान सभा चुनाव होने है जिसकी तैयारी में सभी राजनीतिक दल और गठबंधन जुट गए है। इसी कड़ी में महागठबंधन ने इस वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर घटक दलों की चार साझा कमेटियां बनायी हैं।

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में महागठबंधन समन्वय समिति के प्रमुख तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में करीब दो घंटे के विमर्श के बाद अभियान समिति, चुनाव घोषणा पत्र समिति, मीडिया तथा सोशल मीडिया कमेटी के गठन का फैसला हुआ। राजद, कांग्रेस, वीआईपी, भाकपा माले, भाकपा और माकपा से चारों कमेटियों के लिए नेताओं के नाम भेजने को कहा गया है।

बैठक के बाद प्रेस वार्ता में तेजस्वी यादव ने बैठक के निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 4 मई को पटना में महागठबंधन के सभी दलों के जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों, राज्य स्तरीय प्रकोष्ठों के अध्यक्ष समेत शीर्ष नेताओं की बैठक होगी। हालांकि बैठक स्थल बाद में तय होगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच पूर्ण तालमेल रहेगा। हमारे नेता और कार्यकर्ता सरकार की खामियों को मिल कर उजागर करेंगे।

विपक्षी दलों की बैठक के दौरान पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। यह भी तय किया गया कि महागठबंधन के सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता इस घटना के विरोध में शुक्रवार की शाम 7 बजे राज्यभर में कैंडल मार्च निकालेंगे। राजधानी के इनकम टैक्स गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक कैंडल मार्च होगा।

आज से बिहार के पहले नमो भारत ट्रेन की शुरु हुई नियमित परिचालन, जानिए किराया के साथ पूरा डिटेल

डेस्क : बिहार की पहले वंदे मेट्रो यानी नमो भारत ट्रेन का नियमित परिचालन शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। पटना से जयनगर का किराया 340 रुपये है। गुरुवार को ट्रेन तय समय पर पटना पहुंची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन को दोपहर में वर्चुअल तरीके से हरी झंडी दिखाकर मधुबनी जिले के जयनगर से रवाना किया था।

पहले दिन यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल बनकर चली। हालांकि, पहलगाम आतंकी हमले के चलते पटना जंक्शन सहित अन्य स्टेशनों पर वंदे मेट्रो ट्रेन का प्रस्तावित स्वागत कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। पटना से समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी होते हुए जयनगर तक सप्ताह में 6 दिन यह ट्रेन चलेगी।

पटना से शनिवार और जयनगर से रविवार को यह ट्रेन नहीं चलेगी। यात्री महज 85 रुपये से इस ट्रेन में सफर कर सकते हैं। इस ट्रेन का न्यूनतम किराया 85 रुपये और अधिकतम 340 रुपये है। पटना से बाढ़ तक यात्री 85 रुपये खर्च कर इसमें सफर कर सकते हैं। पटना से मोकामा का किराया 115, बरौनी का 140, समस्तीपुर का 205, दरभंगा का 255, सकरी का 275, मधुबनी का 300 और जयनगर का 340 रुपये निर्धारित किया गया है। गुरुवार को जयनगर से चलकर नमो भारत ट्रेन शाम साढ़े 6 बजे पटना पहुंची। पटना स्टेशन पर इस ट्रेन को देखने वालों की भीड़ जमा हो गई।

यह होगा समय

ट्रेन नंबर 94803 जयनगर से सुबह 5 बजे खुलकर, 5.28 बजे मधुबनी, 5.43 बजे सकरी, 6.15 बजे दरभंगा, 7.25 बजे समस्तीपुर, 8.45 बजे बरौनी, 9.24 बजे मोकामा, 9.41 बजे बाढ़ रुकते हुए सुबह 10.30 बजे पटना पहुंच जाएगी। वहीं, पटना से वापसी में यह ट्रेन शाम में 6.05 बजे खुलेगी और 6.42 बजे बाढ़, 6.58 बजे मोकामा, 8 बजे बरौनी, 9 बजे समस्तीपुर, 10.08 बजे दरभंगा, 10.38 बजे सकरी, 11 बजे मधबनी रुकते हुए 11.45 बजे जयनगर पहुंचेगी।

आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट, हम सब मिलकर बिहार और देश को आगे बढ़ाएंगे : नीतीश कुमार

डेस्क : आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। दो दिनों पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, जिसमें कई लोगों की मृत्यु हो गई है। यह काफी दुखद और निंदनीय है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हमसब उनके साथ हैं। उक्त बाते बीते गुरुवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर मधुबनी के झंझारपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किये गये विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर बिहार और देश को आगे बढ़ायेंगे। सारा काम हम बिहार के लोगों के हित में कर रहे हैं। केंद्र सरकार से भी काफी सहयोग मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री के द्वारा बिजली वितरण, गैस प्लांट एवं अन्य योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जा रहा है। नई रेल लाइनों का उद्घाटन एवं तीन नई ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 लाख लाभार्थियों को आवंटन पत्र दिए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाख लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि दी जा रही है।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों (एनडीए) की सरकार 24 नवंबर 2005 में बनी। इसके बाद से बिहार के विकास के लिए लगातार काम हो रहे हैं। पहले की सरकारों ने कोई काम नहीं किया था। सभी क्षेत्रों में बिहार का बुरा हाल था। जब एनडीए की सरकार बनी तो वर्ष 2006 में हमलोगों ने पंचायती राज संस्थाओं और वर्ष 2007 में नगर निकायों में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण का प्रावधान किया। अब बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिल रहा है। पहले महिलाओं के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया गया था। किसी वर्ग के विकास के लिए कुछ नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि 1639 पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो गया है। शेष पंचायत सरकार भवनों के निर्माण का काम बहुत तेजी से चल रहा है और विधानसभा चुनाव के पहले पूर्ण हो जायेगा।

राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में पारा 41 के पार, आज अधिकतर जिलों में हीट वेब का अलर्ट

डेस्क : बिहार मे मौसम का मिजाज तल्ख हो गया है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के अधिकतर जिले भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई शहरों का अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री के पार चला गया हैं। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की ओर से पटना सहित 22 शहरों में शुक्रवार को गर्म दिन की चेतावनी जारी की गई है। यानी तापमान बढ़ने के साथ गर्म हवा भी चलेगी। सूबे के अधिकतर जिलों में लू के साथ गर्म दिन की स्थिति बनी हुई है। सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान व पछुआ के प्रभाव के कारण गर्मी से लोग परेशान हैं। सुबह सात के बाद से ही सूरज की किरणें भारी उष्मा लिए धरती पर आ रही हैं।

गुरुवार को सुपौल में हीट वेव और मोतिहारी में प्रचंड लू की स्थिति रही, जबकि पटना सहित अन्य शहर भी लू जैसी स्थिति से दो चार होते रहे। हालांकि 26-30 अप्रैल के बीच उत्तर बिहार के कुछ जिलों में आंधी-पानी व हल्की वर्षा से मौसम में बदलाव के भी आसार बने हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को 6 जिलों पूर्वी चंपारण, सुपौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज एवं भागलपुर जिले के एक या दो स्थानों पर हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट है। गुरुवार को गया 42.6 डिग्री, पटना का 41.4, बक्सर 42.2, शेखपुरा का 41.6, गोपालगंज का 41.4 डिग्री रहा।

वाल्मिकीनगर 41.4 डिग्री, औरंगाबाद 40.8 डिग्री, भोजपुर 40.5 डिग्री, बांका 40.4 डिग्री, भागलपुर 40.2 डिग्री, अरवल 40.1 डिग्री, सीवान के जीरादेई में 40.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

बक्सर के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री, बांका में 1.7 डिग्री, पटना में 0.2 डिग्री, औरंगाबाद में 0.2 डिग्री, अरवल में 0.2 डिग्री, भोजपुर में 0.4 डिग्री, कटिहार में 0.4 डिग्री, मुंगेर में 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।

बीते गुरुवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों पटना 41.4 25.3, गया 42.6 23.0, भागलपुर 40.2 22.1, मुजफ्फरपुर 39.8 24.0,पूर्णिया 38.8 19.7 रहा।

वहीं 26 अप्रैल को उत्तरी भागों के पूर्वी चंपारण, किशनगंज, अररिया, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी में आंधी-पानी के साथ वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। 50-60 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलेगी। पटना व आसपास इलाकों में इसका आंशिक असर दिख सकता है।