रालोजपा ने एनडीए से तोड़ा नाता, बाबा साहेब की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी सुप्रीमो पारस ने किया एलान
डेस्क : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने अब एनडीए से पूरी तरह नाता तोड़ लिया है। यह एलान रालोजपा प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने सोमवार को किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का आज से एनडीए से कोई नाता-रिश्ता नहीं रहेगा। हम राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर पार्टी संगठन को मजबूत करेंगे।
रालोजपा और दलित सेना की ओर से बीते सोमवार को बापू सभागार में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर आयोजित संकल्प महासम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि विधान सभा चुनाव का समय नजदीक आएगा तब जिस गठबंधन में उचित सम्मान मिलेगा, उसके साथ होंगे। हम नया बिहार बनाएंगे।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को भारत रत्न सम्मान दे। बिहार सरकार से इसकी अनुशंसा केंद्र को भेजने की भी मांग की। कहा कि शराबबंदी कानून के तहत छह लाख दलित-गरीब जेलों में बंद हैं, जिन्हें शीघ्र रिहा करे सरकार। निजी सेवा में भी आरक्षण लागू करने की मांग की। अधिकतर जिलों में जनता सरकार बदलने के मूड में है।
वहीं पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सूरजभान सिंह ने कहा कि 2025 चुनाव तक स्व रामविलास पासवान का परिवार अगर मिल जाए तो अच्छी बात होगी। हम इस परिवार का बहुत सम्मान करते हैं, यह परिवार हमसे कुछ मत बोलवाए।
Apr 15 2025, 15:57