प्रगति यात्रा के तहत सीएम नीतीश कुमार ने लखीसराय और शेखपुरा का किया दौरा, दोनो जिलों को कई विकास योजनाओं की दिए सौगात
डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चौथे चरण की यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। जिसके तहत वे बीते बुधवार को मुंगेर जिले का दौरा कर करोड़ो रुपये के विकास योजनाओं की सौगात दिए। वहीं आज गुरुवार को लखीसराय और शेखपूरा जिले का दौरा किए। इस दौरान उन्होंने दोनो जिलों में कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की। शेखपुरा जिले को 133 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी. साथ ही 172 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
![]()
आज की इस यात्रा के दौरान सीएम सबसे पहले शेखपुरा जिला पहुंचे। जहां उन्होंने जिले के घाटकुसुम्मा प्रखंड में विभिन्न विकासात्मक कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गगौर ग्राम में 9.92 लाख रुपये की लागत के खेल परिसर के विकास कार्यों तथा 14.99 लाख रुपये लागत के राजीव गांधी सेवा केंद्र के जीर्णोद्धार कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि शेखपुरा अन्तर्गत मटोखर दह को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। बरबीघा में सामस विष्णु धाम मंदिर परिसर का सौंर्दयीकरण किया जायेगा। राष्ट्रीय उच्च पथ-33A के 11वें किलोमीटर तोथिया पहाड़ मोड़ से कुसुम्भा भाया मटोखर दह तक बाईपास का निर्माण किया जायेगा। जखराज स्थान से हुसैनाबाद पथ तक बाईपास का निर्माण किया जायेगा। शेखपुरा में प्रेक्षागृह का निर्माण किया जायेगा। सकरी सिंचाई योजनान्तर्गत बाजिदपुर से निकलने वाली मिरजैन नहर प्रणाली एवं इसकी तेउसाईन शाखा नहर का पुनर्स्थापन तथा लाईनिंग का कार्य किया जायेगा। साथ ही नेमदारगंज से रमजानपुर तक सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा। शेखपुरा जिले में शेखपुरा तथा चेवाड़ा प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा।
शेखपुरा के बाद करीब साढ़े ग्यारह बजे सीएम नीतीश काफिला लखीसराय के लिए निकल गया। दोपहर 12 बजे वह लखीसराय के बालगुदर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने म्यूजियम का लोकार्पण और शिवगंगा तालाब का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण, खेल मैदान और जल जीवन हरियाली योजना के तहत बने तालाब का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अलग-अलग विभागों के स्टॉल का जायजा लेने के साथ जीविका दीदियों से संवाद भी किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लखीसराय के अशोकधाम परिसर में पर्यटन सुविधाओं का निर्माण एवं विकास किया जायेगा। हलसी प्रखंड के सिरखिण्डी ग्राम में ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण कराया जायेगा। बड़हिया नगर परिषद् में ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण कराया जायेगा। लखीसराय के बड़हिया प्रखंड के बी०एम०एन० कॉलेज घाट से पटना जिले के मोकामा प्रखंड के बाटा मोड़ (मरांची) तक ग्रीनफील्ड बड़हिया बायपास सड़क का निर्माण होगा। लखीसराय जिले के 3 प्रखंडों क्रमशः बड़हिया, सूर्यगढ़ा एवं लखीसराय में नये प्रखंड-सह अंचल कार्यालय भवन तथा 3 प्रखंडों पिपरिया, रामगढ़ चौक एवं चानन में प्रखंड कार्यालय-सह-अंचल भवन सहित आवासीय परिसर का निर्माण कराया जायेगा।
सीएम नीतीश ने कहा कि इन सब कामों को करा दिया जायेगा और इसके अतिरिक्त लखीसराय एवं शेखपुरा जिलो में और कोई भी जरूरत होगी, उसको भी कराया जायेगा।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह आदि मौजूद रहे।
Feb 06 2025, 19:46