*जनता में सरकार के प्रति उत्साह का माहौल- स्वतंत्र देव सिंह*

अयोध्या। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा विधायक रामचन्दर यादव ने मिल्कीपुर विधान सभा के धमधुआ गांव में जनचौपाल लगाई। जनचौपाल में जलशक्ति मंत्री ने सरकार की योजनाएं गिनाई। जनचौपाल स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों द्वारा दोनों अतिथियों का स्वागत किया गया। 

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रभाव है कि जनता में सरकार के प्रति उत्साह का माहौल है। परिवारवाद बनाम विकासवाद के इस चुनाव में जनता भाजपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रही है। राष्ट्रहित सर्वोपरि के विचार को आत्मसात करते हुए आज समाज का हर वर्ग खुद को भाजपा से जोड़कर देख रहा है। सरकार की नीतियों की वजह से हर व्यक्ति प्रसन्न है। प्रदेश सरकार ने अपराधमुक्त परिवेश का निर्माण किया है। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के उपरान्त यहां रोजगार के नित नए अवसर आ रहे है। विधायक रामचन्दर यादव ने कहा कि यूपी में भयमुक्त परिवेश का निर्माण किया गया है। अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्य किया जा रहा है। जिसके कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है। जनचौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

जिससे सनातन धर्म का गौरव बढ़ता हो, सपा को उससे पीड़ा होती हैः सीएम योगी

अयोध्या, 2 फरवरीः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी को खूब धोया। बोले कि ’एक्स’ पर दो महीने से सपा अध्यक्ष के पोस्ट को देखिए, यह प्रयागराज महाकुम्भ का विरोध करते हुए आए हैं। अब तक 34 करोड़ श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी के संगम पर आस्था की डुबकी लगाई है। शनिवार को उप राष्ट्रपति, कई देशों के राजदूत-हाई कमिश्नर आए थे। पूरी दुनिया आकर अभिभूत है, लेकिन सपा को इससे पीड़ा हो रही है। जिससे सनातन धर्म का गौरव बढ़ता हो, भारतीयों का सीना चौड़ा होता हो, उससे सपा को पीड़ा होती है। सपा सनातन धर्म और सामाजिक न्याय के पुरोधाओं की विरोधी है।

मुख्यमंत्री ने मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान के पक्ष में रविवार को जनसभा कर उन्हें जिताने की अपील की।

अयोध्या के विकास से सपा को हो रही पीड़ा

सीएम ने कहा कि परसों (शुक्रवार) हेलीकॉप्टर से जा रहा था, अयोध्या धाम में हर तरफ जनसैलाब दिखाई दे रहा था। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने फोरलेन सड़कें, रेलवे लाइन को डबल, स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण, इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार नहीं किया होता तो प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु यहां नहीं आ पाते। केंद्र व राज्य सरकार का पैसा और हमारे जनप्रतिनिधियों का प्रयास रहा तो अयोध्या का विकास व व्यवसाय बढ़ रहा है। जब भी हमने अयोध्या के विकास की कार्ययोजना को बढ़ाया तो सपा ने विरोध किया। सड़क चौड़ीकरण के दौरान 1700 करोड़़ से अधिक का मुआवजा दिया गया। राम मंदिर का शिलान्यास और राम मंदिर में रामलला विराजमान हुए, तब भी सपा ने विरोध किया। एयरपोर्ट का नामकरण महर्षि वाल्मीकि, रैन बसेरों का नाम निषादराज गुह्य के नाम पर किया गया, रसोई का नाम मां शबरी के नाम पर रखा गया, तब भी सपा को पीड़ा हुई।

मिल्कीपुर का मोईद खान और कन्नौज का नवाब सिंह यादव सपा का प्यारा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने यूपी में पीएसी की तीन महिला बटालियन (वीरांगना उदा देवी, झलकारी बाई, अवंती बाई लोधी) गठित की। सपा ने तब भी विरोध किया था। यह वही सपा है, जो बहराइच में महाराज सुहेलदेव के विजय स्मारक का विरोध करती है, यह कहती है कि वहां गाजी का स्मारक होना चाहिए। सपा को गाजी व पाजी (बदमाश) प्यारे हैं। इन्हें बेटियों की इज्जत पर हाथ डालने वाला मिल्कीपुर का मोईद खान और कन्नौज का नवाब सिंह यादव प्यारा है। सपा गरीब, किसान, बेटी-बहन, व्यापारी, युवा के साथ नहीं, बल्कि माफिया, दुष्चरित्र व पेशेवर अपराधी के साथ खड़ी होती है। कोई घटना घटित होती है तो सपा का हाथ होता है या वह षडयंत्र में शामिल रहती है।

नौटंकी कर रहा है अयोध्या का सांसद

सीएम ने कहा कि सपा भारत विरोधी तत्वों को गले लगाती है। विधानसभा उपचुनाव के दौरान इनके दरिंदे नेता ने मैनपुरी में दलित बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। अयोध्या में कल एक बेटी के साथ घटना हुई है, आज इनका सांसद नौटंकी कर रहा है। जांच होगी तो उसमें भी सपा का कोई दरिंदा शामिल जरूर होगा।

सैफई से बाहर नहीं जाती विकास विरोधी सपा की दृष्टि

सीएम ने कहा कि 2016 में सपा सरकार के समय 2.35 लाख पर्यटक अयोध्या आए थे, जबकि 2024 में यहां 16.11 करोड़ श्रद्धालु आए। विकास विरोधी सपा की दृष्टि सैफई से बाहर नहीं जाती। सत्ता में आने पर यह परिवार के लिए कार्य करते हैं और वोट मांगने के लिए जाति का सहारा लेते हैं। सीएम ने कहा कि मिल्कीपुर का चुनाव भी राष्ट्रवाद बनाम परिवारवाद का चुनाव बन गया है। एक तरफ एनडीए प्रत्याशी के रूप में चंद्रभानु पासवान राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं के साथ मैदान में हैं तो दूसरी तरफ सपा के परिवारवाद का नमूना है, जिसका नाम भूमाफिया-अनैतिक, अराजक गतिविधियों में आता है।

अपराध व गुंडागर्दी सपा का पेशा

सीएम ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि सब कुछ सुधर सकता है, लेकिन प्रवृत्ति नहीं। इनका पेशा अपराध, गुंडागर्दी, बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाना है। समाजवादियों का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है..., लेकिन 2017 में जब भाजपा सरकार आई और हमने एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स बनाया तो इसने गुंडों से 64 हजार एकड़ लैंड खाली कराई। यह परेशान हैं कि डबल इंजन सरकार ऐसे ही कार्य करेगी तो इनका धंधा चौपट हो जाएगा। धंधा चौपट होने से इनकी पार्टी भी चौपट हो जाएगी।

अयोध्या आकर देखा जा सकता है विकास का मॉडल

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या आकर विकास का मॉडल देखा जा सकता है। सरयू में स्टीमर भी चलकर सैर करा रही है। सपा को यह विकास अच्छा नहीं लग रहा है। सपा कहती थी कि अयोध्या का समाधान हुआ तो खून की नदियां बहेंगी, हमने कहा कि खून की नदियां बहाने वाले जहन्नुम में जा चुके हैं, धरती पर उनके लिए जगह नहीं है। अयोध्या की तर्ज पर मिल्कीपुर का समग्र विकास कराने के लिए चंद्रभानु पासवान यहां की आवश्यकता है।

सपा वाले केवल सैफाई का विकास कराते थे, लेकिन हमारी सरकार में गोरखपुर व काशी से अधिक अयोध्या का विकास हुआ

सीएम योगी ने कहा कि सपा वाले केवल सैफई का विकास कराते थे, लेकिन मैंने गोरखपुर और पीएम जी के आशीर्वाद से काशी में जितना विकास हुआ, उससे अधिक विकास अयोध्या में कराया गया। कोई भेदभाव नहीं हुआ। यह लोग कारसेवकों का रक्त बहाते थे। हम लोगों ने दीपोत्सव से यात्रा प्रारंभ की, आज यहां घर-घर में दीप जल रहे हैं। हमारी सरकार बिना भेदभाव विकास के लिए भरपूर मदद कर रही है।

जनसभा में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, मयंकेश्वर शरण सिंह, गिरीश चन्द्र यादव, मनोहर लाल कोरी, दयाशंकर मिश्र दयालु, सतीश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष डा धर्मेन्द्र सिंह, एमएलसी अवनीश पटेल, अवध क्षेत्र प्रभारी संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू विधायक रामचन्दर यादव, अमित सिंह चौहान, रामू प्रियदर्शी, बाबा गोरखनाथ, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, विधायक धर्मराज निषाद, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

सरकार के विकास से समाज का हर वर्ग हुआ है लाभांवित - स्वतंत्र देव सिंह

अयोध्या। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मिल्कीपुर विधानसभा के अस्थना में विधायक राम चन्द्र यादव के साथ जनचौपाल लगाई। महापौर के साथ मिल्कीपुर में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित किया। जन चौपाल में जलशक्ति मंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के किए गए विकास से समाज का हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में लाभान्वित हुआ है। गरीब, किसान, महिला, दलित, विद्यार्थी सहित समाज के सभी वर्गों के लिए सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाएं दी है। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसान को आर्थिक सबलता प्रदान की गई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया है। तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को मुक्ति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल अपने परिवार के बारे में सोचती है उन्हीं का उत्थान करती है। जबकि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देशप्रेम को आत्मसात करते हुए समाज के बीच कार्य कर रहा है। विधायक रामचन्दर यादव ने कहा भाजपा के लिए राजनीति देश को आगे ले जाने के लिए है। मोदी योगी की सरकार में अयोध्या को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया गया है। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि हजारों करोड़ की योजनाओं से अयोध्या का विकास मोदी और योगी सरकार में कराया गया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

ग्रामीण महिलाओं ने सुतली व जूट से तैयार की कलात्मक सामग्री

कुमारगंज अयोध्या ।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में ग्राम सिधौना में आयोजित किया गया। इस दौरान गांव की सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बालकों के लिए उपयोगी शिक्षण सामग्री तैयार करना, घर पर उपलब्ध वस्तुओं से ही आकर्षक वस्तुओं को तैयार करना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान जूट से निर्मित कलात्मक वस्तुएं बनाने की कला की भी जानकारी दी गई जिससे की घर पर बेकार पड़ी सुतली व जूट के बोरे का उपोयग कर महिलाएं सजावट और उपयोगी कलात्मक वस्तुएं बनाकर आत्मनिर्भर बन सकें। सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ साधना सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर महिला अध्ययन केंद्र की अध्यक्ष डॉ पूनम सिंह, डॉ प्रीती सिंह, डॉ मनप्रीत, डॉ श्वेता सचान व डॉ अंजना राय सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

जिला उपाध्यक्ष राम कल्प पांडेय सड़क दुर्घटना में घायल

संभल।सोहावल क्षेत्र के महोली गुलालपुर गांव निवासी वरिष्ठ पत्रकार और भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राम कल्प पांडेय कल सड़क दुर्घटना में घायल हो गए ।

उनका उपचार जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के बगल वार्ड में 14 नंबर बेड पर हो रहा है।

चिकित्सकों के अनुसार श्री पांडेय का स्वास्थ्य में अब सुधार हो रहा है ।

*जनसभा के लिए लोगों को आमंत्रित करने में जुटी भाजपा, पदाधिकारियों ने किया जनसम्पर्क*

अयोध्या- भाजपा प्रदेश महामंत्री व अवध क्षेत्र के प्रभारी संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर कुमारगंज बाजार में जनसम्पर्क किया।

प्रदेश प्रभारी संजय राय ने बताया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि के विचार को आत्मसात करते हुए आज समाज का हर वर्ग खुद को भाजपा से जोड़कर देख रहा है। सरकार की नीतियों की वजह से हर व्यक्ति प्रसन्न है। प्रदेश सरकार ने अपराधमुक्त परिवेश का निर्माण किया है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री की जनसभा ऐतिहासिक होने जा रही है। आम जनता जनसभा में आने के लिए आतुर है। पदाधिकारियों द्वारा जनसभा में आने के लिए दिये गये आमंत्रण को सहर्ष जनता स्वीकार कर रही है। मौके पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

*जनसम्पर्क करके पूर्व विधायक खब्बू तिवारी ने मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए दिया आमंत्रण*

अयोध्या- मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर भाजपा के नेता, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि लगातार जनसम्पर्क कर रहे है। जनसभा के लिए गांव-गांव सम्पर्क करके लोगो को आमंत्रित किया जा रहा है। पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी ने हैरिंग्टनगंज के विजयनपुर में लोगो से सम्पर्क किया।

पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू ने कहा कि अंतिम व्यक्ति के उत्थान की परिकल्पना को योजनाओं के माध्यम से सरकार ने धरातल पर उतारा है। बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ हर पात्र को दिया गया है। सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वन की वजह से आम जनता में उत्साह का माहौल है। सबका साथ, सबका विकास के पथ पर चलते हुए हम सबका विश्वास हासिल करने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे है। समाज का हर वर्ग खुद को राष्ट्रवाद की विचारधारा से जोड़कर देख रहा है। किसानों को आर्थिक रुप से समृद्ध करने की परिकल्पना को योजनाओं के माध्यम से धरातल पर उतारा गया है।

उन्होंने बताया कि जनसभा के लिए लोगो को आमंत्रित किया गया व सरकार की उपलब्धियों के बारें में जानकारी दी गई। मौके पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

*चार दिनों तक भुखें प्यासें भटकते रहे श्रद्धालु नहीं दिखें समाजसेवी*

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज- महाकुम्भ मेले में मौनी अमावस्या पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालु संगम पर पहुंच गए थे जिससे आवागमन बाधित हो गया था। यमुना नगर के पुराने पुल से डांडी,चाका , मामा भांजा तालाब, घूरपुर,करमा, गौहनिया, बांदा रोड़ तमाम जगहों पर भारी भीड़ उमड़ी पड़ी थी जो लगातार तीन दिनों तक भुखें प्यासें भटकते रहे।

यमुना नगर के तमाम क्षेत्रों के लोग अपने घरों से श्रद्वालुओं को भोजन पानी की व्यवस्था पुरे जोश के साथ करते रहे वहीं पर अखबारों और सोशल मीडिया पर भोंकने वाले समाजसेवीयों का पुरे तीन दिनों तक कहीं नहीं दिखें। इसी क्रम में आज क्राइम इनफार्मेशन ब्यूरो आफ इंडिया के कार्यालय पर पत्रकारों की बैठक में महाकुम्भ मेले में हुई दुर्घटना से पत्रकार संगठन काफी आहत हैं। वहीं पर तमाम क्षेत्रों के लोगों की सराहना की जिसने खुद के दम पर श्रद्धालुओं को भोजन, पानी की व्यवस्था की।

पत्रकारों ने कहा कि शोसल मिडिया और अखबारों में ख़ुद को समाजसेवी साबित करने वाले समाजसेवीओं की कोई खबरें पत्रकार बंधु नहीं लगाएंगे जो ऐसे मौके पर नहीं आगे आएं। बैठक में ऋषभ द्विवेदी, राजेश चतुर्वेदी, परवेज आलम, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद सलीम, पुष्पराज सिंह, राकेश पटेल, अशोक यादव, राजेश कुमार , महमूद अली आदि लोग मौजूद रहे।

*अवध विवि की स्वर्ण जयंती को लेकर कुलपति की अध्यक्षता बैठक, कॉफी टेबल बुक में समाहित होगी 50 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा*

अयोध्या- डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की स्वर्ण जयंती को लेकर कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल की अध्यक्षता में शनिवार को सायं चार बजे कॉफी टेबल मुद्रण समिति के संयोजक एवं सदस्यों के साथ बैठक हुई जिसमें विश्वविद्यालय के 50 वर्षो की शैक्षणिक यात्रा को कॉफी टेबल बुक में शामिल किए जाने की चर्चा की गई।

कुलपति ने बताया कि 04 मार्च, 1975 को विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी। इसके 50 वर्ष अगले माह पूरे होने जा रहे है। पूरा विश्वविद्यालय परिवार भव्यता के साथ स्वर्ण जयंती मनायेगा, जो वर्ष भर चलेगा। इस उत्सव को लेकर विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर कई प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। बैठक में कुलपति प्रो0 गोयल ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्वर्ण जंयती को भव्यता प्रदान करने के लिए समितियां बना दी गई। जिसमें समन्वय समिति में कुलपति पदेन अध्यक्ष, एवं समस्त विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, कुलसचिव उमानाथ, व समस्त उपकुसचिव, सहायक कुलसचिव अन्य सदस्य शामिल है।

इसके अतिरिक्त काफी टेबल मुद्रण समिति, मीडिया समिति, वित्त समिति, सांस्कृतिक एवं पाठ्यक्रमेतर समिति, स्पोट्स एवं योगा समिति, साहित्य गतिविधि समिति, उद्योग अकादमिक सहयोग समिति और एल्युमिनाई मीट समिति बनाई गई है। सभी समिति संयोजकों दिशा-निर्देशन में तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।

बैठक में कुलपति ने सभी से योजनाबद्ध कार्य करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कुलसचिव उमानाथ, मुख्य नियंता प्रो0 एसएस मिश्र, प्रो0 गंगा राम मिश्र, डॉ पीके द्विवेदी, डॉ गीतिका श्रीवास्तव, डॉ सुरेन्द्र मिश्र, डॉ विजयेन्दु चतुर्वेदी, डॉ संदीप गुप्ता, डॉ आशीष पाण्डेय, डॉ अंकित मिश्रा, सुरेन्द्र प्रसाद मौजूद रहे।

*अयोध्या श्री राम ऑडिटोरियम में भव्य कवि सम्मेलन, युवा कवियों ने दी, वीर और श्रृंगार रस की शानदार प्रस्तुतियां*

अयोध्या- नवांकुर अंजलि साहित्यक आस्था परिवार एवं राष्ट्रीय कला मंच के संयुक्त तत्वाधान में अखिल भारतीय 110 वां कवि सम्मेलन का आयोजन अयोध्या के निकट नया बस अड्डा श्री राम आडोंटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ।

कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कामाख्या देवी मंदिर पीठाधीश्वर इंद्रेश कौशिक जी महाराज उपस्थित थे। एवं संतोष मिश्रा तक्षशिला (आईएएस) भी उपस्थित रहे। विशिष्ट जनों को सुशील चतुर्वेदी द्वारा श्री राम नाम का पटका एवं चित्र भेंट कर स्वागत सम्मान किया गया। सम्मेलन में देशभर के कवियों ने अपनी सुंदर रचनाएं प्रस्तुत कीं। यह सम्मेलन साहित्य और संस्कृति के प्रति समर्पित था। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देना था। यह सम्मेलन एक भव्य सफलता थी। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रकाश डाला। उनकी रचनाएं श्रोताओं को बहुत पसंद आईं।

कवियों को सम्मानित करने के लिए एक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें संयोजक राष्ट्रीय कवि दुर्गेश पांडेय ने कवियों को पुरस्कार और सम्मान पत्र दिए गए। समापन एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साहित्य और संस्कृति के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ावा देने में इस सम्मेलन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सफलता ने आयोजकों को भविष्य में और भी ऐसे सम्मेलन आयोजित करने के लिए प्रेरित किया।