पदभार सम्भालते ही स्वास्थ मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने की बड़ी घोषणा


अब निजी अस्पताल मृत मरीज का शव नहीं रोक सकेंगे, बिना बील चुकाये करना होगा उसे परिजन को शव सुपुर्द

Image 2Image 3

झारखंड डेस्क 

राँची । सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री का कार्यभार संभालने के पहले ही इरफान अंसारी ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान यदि किसी मरीज की मौत होती है तो बिना बिल चुकाए शव परिजनों को सौंपना होगा. 

ऐसा नहीं करने वाले अस्पताल संचालकों पर कार्रवाई होगी. मंत्री का पदभार संभालने के बाद उनकी यह पहली प्राथमिकता होगी. इतना ही नहीं निजी अस्पतालों के मनमाने रवैये पर लगाम लगाने का काम करेंगे.मंत्रालय की ओर से डीसी और एसपी को पत्र भेजा जाएगा.

 निजी अस्पताल को चाहे जितना भी नुकसान हो, उसे वहन करना होगा. पहले अस्पताल का बिल चुकाएं, फिर शव दें, हम इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे.

 सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर मंत्री डॉ अंसारी ने कहा कि झारखंड के सभी सरकारी अस्पतालों को दिल्ली से बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा. सरकारी अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को हर तरह की सुविधा मुहैया कराई जाएगी.यह बातें उन्होंने धनबाद के गोविंदपुर फकीरडीह चौक पर कही. इसके बाद जामताड़ा पहुंचने पर मंत्री ने कहा "जामताड़ा स्वास्थ्य विभाग में कई ऐसे लोग हैं जो फर्जी डिग्री लेकर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग फर्जी डिग्री लेकर काम कर रहे हैं, उन पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भी भेजा जाएगा. 

उन्होंने कहा है कि स्थानीय बेरोजगार युवाओं को स्वास्थ्य विभाग में काम करने का मौका दिया जाएगा.

झारखंड में विधानसभा सत्र से पहले बैठकों का दौड़, सत्ता दल की बैठक शुरू

Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव से बाद एक बार फिर हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में इंडिया गठबंधन की सरकार बनी। 

इस सरकार का 9 से 12 दिसंबर तक विधानसभा का पहला सत्र चलेगा। इसे लेकर आज सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों दलों की बैठक बुलाई गई है।

झारखंड विधानसभा के नए सत्र में हिस्सा लेने के लिए सभी विधायकों को रांची बुलाया गया है। हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में इंडिया गठबंधन की बैठक कांके स्थित सीएम आवास में शुरू हो चुका है। इंडी गठबंधन के कुल 56 विधायक इस विधानसभा चुनाव में सदस्य हैं। 

सभी विधायक सदन की सदस्यता ग्रहण करेंगे। प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी सभी को शपथ दिलाएंगे। चार दिनों के इस सत्र में कई राजनीतिक मुद्दे भी उठ सकते हैं।

बता दे कि विधानसभा के सत्र के दौरान कैसी रणनीति रहने वाली है। इसे लेकर सभी विधायक की रणनीति बनेगी।सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही इंडी गठबंधन के विधायक दल की बैठक में राजद, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक शामिल हुए।

कान्ड्रा- चाण्डिल रेलखंड में ब्लॉक के कारण ट्रेनों के परिचालन में किया गया है बदलाव

Image 2Image 3

झा.डेस्क

चक्रधरपुर मंडल के कान्ड्रा- चाण्डिल रेलखंड में ब्लॉक के कारण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है, जिनका विवरण इस प्रकार है –

• दिनांक 08.12.24 और 11.12.24 को खुलने वाली गाड़ी संख्या 08151/ 08152 टाटा- बरकाकाना- टाटा पैसेंजर के परिचालन को निरस्त किया गया है |

• दिनांक 08.12.24, 09.12.24, 11.12.24 और 12.12.24 को धनबाद से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13301 धनबाद- टाटा एक्सप्रेस का आंशिक समापन आद्रा स्टेशन पर किया जायेगा |

• दिनांक 08.12.24, 09.12.24, 11.12.24 और 12.12.24 को टाटा से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13302 टाटा- धनबाद एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ आद्रा स्टेशन से किया जायेगा.

गोविंदपुर से हटाएं अतिक्रमण, पूरी करें अधूरी सड़क : डीसी

Image 2Image 3

धनबाद : जीटी रोड पर गोविंदपुर और निरसा में ट्रैफिक जाम से मुक्ति के लिए सबसे पहले अतिक्रमण हटाएं। अधूरी सड़कों का जल्द निर्माण करें। सर्विस लेन में लंबे समय के खड़े वाहन तत्काल हटाएं।

आवारा पशुओं पर काबू करें और उनके मालिकों की पहचान कर जुर्माना वसूले। उक्त निर्देश डीसी माधवी मिश्रा ने शनिवार को दिया। मौका था गोविंदपुर व निरसा में लगातार हो रहे ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का। डीसी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। 

डीसी ने कहा कि ट्रैफिक जाम से निपटने के हरसंभव उपाय तत्काल अपनाए जाएं। इसपर विभागीय अधिकारी ध्यान दें तथा समय-समय पर रिपोर्ट करें। उन्होंने कहा कि एनएच (जीटी रोड) के गोविंदपुर व निरसा में सड़क जाम विकराल समस्या बन गई है। इसका मुख्य कारण एनएचएआई की अर्धनिर्मित सर्विस लेन, एनएचएआई की सड़क पर अतिक्रमण और सही साइनेज नहीं लगना है। 

सड़क जाम के साथ आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इसकी गंभीरता को एनएचएआई समझें और अधूरे निर्माण तथा सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाएं। 

एनएचएआई को मिला टास्क:

 बैठक में नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारी निशाने पर रहे। ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए डीसी ने एनएचएआई के अधिकारियों को टास्क दिए। गोविंदपुर बाजार व निरसा में अधूरी सड़क जल्द पूरी करने को कहा गया। गोविंदपुर थाने के पास दोनों सर्विस लेन में लंबे समय से खड़े वाहन तत्काल हटाने को कहा गया। सड़कों पर उचित साइनेज लगाने का निर्देश दिया। पुलिस को कहा गया कि वाहन हटाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाए। 

इसे गंभीरता से लेने तथा वाहन हटाने की रिपोर्ट भी जमा करने को कहा गया। डीसी ने गोविंदपुर, निरसा बाजार समेत आसपास की सड़कों के किनारे के अतिक्रमण को हटाने का आदेश दिया। इसके लिए संबंधित अंचल के सीओ को जिम्मेदारी दी गई। उन्हें कहा गया कि प्रशासनिक स्तर पर कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। एनएचएआई को भी हरसंभव सहयोग देने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं के कारण भी दुर्घटनाएं हो रही हैं। 

इस कारण भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है। निगम इसपर ध्यान दें। ऐसे पशुओं पर निगम काबू करें। मालिकों की पहचान कर मुकदमा कर जुर्माना वसूला जाए। 

मृतक के आश्रितों को मुआवजा का करें भुगतान

डीसी ने कहा कि गोविंदपुर और फकीरडीह में सड़क दुर्घटना के मृतक के आश्रितों को शीघ्र मुआवजा का भुगतान किया जाए। आठ लेन सड़क पर कुछ बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को शीघ्र चालू कराने का भी निर्देश दिया। मौके पर सिटी एसपी अजीत कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार, अपर नगर आयुक्त कमलेश्वर नारायण, डीएसपी मुख्यालय वन शंकर कामती, सभी अंचल के सीओ, एनएचएआई के पदाधिकारी, गोविंदपुर, निरसा, बरवाअड्डा व राजगंज थाने के इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

जामताड़ा; फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी,करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार


Image 2Image 3

झारखंड : जामताड़ा में सदर थानान्तर्गत ग्राम पाण्डेडीह एवं नारायणपुर थानान्तर्गत मदनाडीह में साईबर अपराधियों के विरूद्ध छापामारी की गई। जिसमें चार साईबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

 आपको बता दे कि पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक टीम गठित करते हुए उक्त स्थानों पर छापेमारी की गई। जिसमें साइबर अपराध करते हुए बाबुचाँद दास,निताई दास,बिक्रम रक्षित,सपन रक्षित इन सभी को 16 फर्जी मोबाईल,18 सिमकार्ड,एक ए०टी०एम० कार्ड,पांच आधार कार्ड,तीन पैन कार्ड,तीन वोटर कार्ड,दो पासबुक के साथ पकड़ा गया।

 इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साईबर अपराध थाना कांड संख्या 73/24 दिनांक 06.12.2024 धारा 111(2)(ii)/317(2)/317(4)/318(4)/319(2)/336(3)/ 338/340 (2)/3(5) B.N.S 2023 &66(B) (C) (D) IT.ACT. के अंतर्गत कांड दर्ज किया गया है। वही गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है। इनलोगों का अपराध शैली यह था कि फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करके KYC अपडेट कराने के नाम पर लोगों से सोलह अंक का ATM No, CVV No., एवं OTP No. प्राप्त कर विभिन्न E WALLET एवं फर्जी बैंक खातों के माध्यम से अपने खातों में पैसा TRANSFER कर साईबर ठगी करना था। या फिर ये दूसरा तरीका यह अपनाते थे कि बंधन बैंक का फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करके KYC अपडेट कराने के नाम पर खाता धारक का USER ID बनाकर फिर ओ०टी०पी० लेकर साईबर ठगी करते थे।

गोड्डा के ललमटिया में झामुमो कार्यकर्ता जोहान किस्कू की हत्या का पुलिस ने किया उदभेदन,पुलिस ने 3आरोपी को किया गिरफ्तार


Image 2Image 3

झा. डेस्क 

झामुमो नेता के साथ हुई वारदात मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले आशंका थी, कि घटना राजनीतिक प्रतिद्विता का परिणाम हो सकता है, लेकिन पुलिस जांच में इसमें अलग ही एंगल नजर आया है। दरअसल गोड्डा जिले के ललमटिया में झामुमो कार्यकर्ता जोहान किस्कू की हत्या कर दी गयी थी। पुलिस ने अब इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने इसे भूमि विवाद का मामला बताया और जांच में शामिल सभी सदस्यों को विभाग द्वारा सम्मानित करने की सिफारिश की है।

पुलिस ने उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार, कारतूस, बम बनाने के सामान के साथ-साथ डेटोनेटर भी बरामद किया है। विधानसभा चुनाव से पहले 5 नवंबर 2024 को हुए इस हत्याकांड को लेकर काफी आक्रोश भी भड़का था। आरोप था कि ये मामला राजनीतिक हो सकता है। लेकिन पुलिस जांच में यह बात सामने आयी कि इसके पीछे की वजह आपसी रंजिश और घरेलू संपत्ति विवाद था।

घटना में शामिल तीन अपराधी बिपिन किस्कू उम्र 29 वर्ष, बिटुआ हेमब्रम उम्र 25 वर्ष, मुजीबूल अंसारी उम्र 26वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 2 पिस्टल, 5 देसी कट्टा, 32 गोली, 2 मैगजीन और बम बनाने की सामग्री बरामद की गयी है। गोड्डा जिला के ललमटिया थाना क्षेत्र के डकेता चौक पर दिनदहाड़े उसी गांव के निवासी जोहान किस्कू को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।

बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया था, मगर वहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी थी. जोहान किस्कू की मौत होने पर परिजनो द्वारा काफी हंगामा किया गया था. मृतक राजनितिक रसूख वाले परिवार से ताल्लुकात रखता था। घटना में शामिल कुछ अन्य लोगों की तलाश अब भी जारी है. वहीं गिरफ्तार अपराधियों में दो का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

येलो अलर्ट : झारखंड के कई जिलों में वज्रपात के साथ पड़ेगी फुहार , बर्फीली हवायें बढ़ाएगी ठिठुरन भी

Image 2Image 3

रांची :झारखंड के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिम के जिलों में 8 दिसंबर यानी आज गरज के साथ वज्रपात का अलर्ट है. रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी है कि 8 दिसंबर को 11 जिलो में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी.इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि वज्रपात के साथ होने वाली बारिश के बाद तापमान में गिरावट आयेगी और सर्दी का सितम बढ़ेगा.

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने पश्चिमी विक्षोभ की वजह से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव आयेगा.

बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 8 दिसंबर (रविवार) को झारखंड के कई जिलों में गरज के साथ वज्रपात का येलो अलर्ट है.

हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश ठिठुरन बढ़ायेगी. 9 दिसंबर को बिहार के सीमावर्ती जिलों में घना कोहरा और धुंध देखने को मिलेगा.गौरतलब है कि झारखंड का अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा. 

वहीं उच्चतम तापमान 31.8 डिग्री तक पहुंचा.मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान गढ़वा सबसे ठंडा जिला रहा वहीं चाईबासा में उच्चतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.

राजधानी रांची में भी छायेंगे बादल

राजधानी रांची में भी आज को आंशिक बादल छाए रहेंगे. तापमान में गिरावट आयेगी.बर्फीली हवायें ठिठुरन का अहसास करायेगी.

बता दें कि झारखंड में ठंड ने दस्तक दी है. सुबह हल्का कोहरा औऱ धुंध छाया रहता है. धूप निकलने के बाद भी हवायें ठिठुरन का अहसास कराती है.मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही बताया है कि इस बार ठंड का मौसम सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा.

जिला प्रशासन और NHAI ने गोविंदपुर और निरसा में हो रहे सडक हादसों को रोकने के लिए बनाई विशेष रणनीति

Image 2Image 3

धनबाद : सडक जाम की समस्या के निदान हेतु लिए गए कई अहम निर्णय, गोविंदपुर और निरसा को जाम मुक्त करने के लिए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

गोविंदपुर और निरसा में हो रहे सडक हादसों को रोकने एवं क्षेत्र में लगने वाली सडक जाम की समस्या के निवारण हेतु एक उच्च स्तरीय बैठक समाहरणालय परिसर में आयोजित की गई।

 बैठक में उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा महोदया एवं पुलिस अधीक्षक नगर श्री अजीत कुमार महोदय के साथ पुलिस और जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

बैठक के बाद पुलिस प्रशासन के पदाधिकारीयों की एक संयुक्त टीम ने गोविंदपुर क्षेत्र का दौरा किया और सडक हादसों व जाम की वजह एवं उसके रोकथाम हेतु निदान पर समीक्षा की गई। 

 टीम में एडीएम विधि व्यवस्था, एसडीएम धनबाद, डीएसपी मुख्यालय वन, ट्रैफिक डीएसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी और NHAI के पदाधिकारी शामिल थे।

गोविंदपुर को जाम मुक्त करने एवं सडक हादसों को रोकने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए जिसके तहत धनबाद सरायढेला की तरफ से आने वाले रास्ते में गोविंदपुर मोड़, टुंडी की तरफ से आने वाले रास्ते में सुभाष चौक, साहेबगंज की तरफ से आने वाली सडक पर फकीरडीह चौक के पास गाड़ियों की रफ़्तार को धीमी करने के लिए सडक पर रम्बल स्ट्रिप लगाने का निर्देश NHAI को दिया गया।

इसके अतिरिक्त बरवाअड्डा किसान चौक से लेकर साहेबगंज मोड़ तक सडक के दोनों तरफ नाईट विजन रिफलेक्टर, साइन बोर्ड, ब्लिंकर लाइट तत्काल लगाने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही इन तमाम पॉइंट पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय भी लिया गया ताकि जाम की समस्या से साथ साथ हाईवे पर होने वाले सडक हादसों को रोका जा सके।

गोविंदपुर और निरसा में लगने वाले सडक जाम की समस्या के समाधान हेतु NHAI को पंद्रह दिनों के अंदर सर्विस लेन को जल्द चालू करने का निर्देश भी दिया गया। इन इलाकों में सर्विस लेन की सडक पर बने अतिक्रमण को हटाने का निर्णय भी लिया गया, जल्द ही गोविंदपुर और निरसा के इलाकों ने राष्टीय राजमार्ग के किनारे बने मकान एवं दुकान द्वारा किया गया अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

 इसके अलावे सडक पर मनमाने तरीके से खड़ी गाड़ियों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि सडक को जाम से मुक्त कराया जा सके।

भू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुरू की धरना

झा.डेस्क

गिरिडीह: जमुआ प्रखंड की धुरैता पंचायत के नायकडीह के ग्रामीणों का अंचल कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को शुरू हुआ. अध्यक्षता निर्भय राय व संचालन सुरेश यादव ने की. जिप सदस्य विजय पांडेय ने कहा कि जब नायकडीह के ग्रामीण गैरमजरुआ जमीन को भू माफिया द्वारा कब्जा कर लिये जाने का विरोध किया, तो माफियाओं ने उन्हें धमकी दी.

Image 2Image 3

 ग्रामीण प्रकाश यादव, महेंद्र यादव, गजदेव यादव, अजय यादव आदि ने बताया कि जमुआ सीओ को आवेदन देकर भू माफियाओं से सरकारी जमीन बचाने की फरियाद की, लेकिन कोई पहल नहीं हुई. तीन दिसंबर को डीसी को भी आवेदन दिया, लेकिन कुछ नहीं हुआ. सीओ ने कहा कि वह थाना दिवस में हैं. विधानसभा चुनाव के कारण मामले की सुनवाई नहीं हो पायी है.

बोकारो के चीरा चास इलाकों में सड़क जाम और गंदगी से जिंदगी हुआ मुहाल,नव निर्वाचित विधायक ने दिया जल्द समस्याओं से मुक्ति का आश्वासन

झा.डेस्क

बोकारो : बोकारो में जैसे-जैसे चीरा चास की आबादी बढ़ रही है, वैसे-वैसे मुख्य सड़क की चौड़ाई घटती जा रही है. वजह है कि मुख्य सड़क पहले से ही सिंगल है, ऊपर से जगह-जगह पर सड़क किनारे फुटपाथ का अतिक्रमण कर लिया गया है.

Image 2Image 3

 मतलब, सड़क की समस्या की रही-सही कसर अतिक्रमणकारी पूरा कर रहे हैं. इससे सड़क पर जगह-जगह आये दिन जाम लगता रहता है.

अतिक्रमण कारण होती रहती है दुर्घटनाएं

सड़क किनारे अतिक्रमण कारण आये दिन छोड़ी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती है. मुख्य सड़क पर पिछले लगभग छह माह से चार स्थानों पर पानी का पाइप फट गया है. इससे सड़क पर पानी बहता रहता है. यह पानी सड़क को भी खराब कर रहा है. इसके अलावा, जोरिया का गंदा पानी, नाली, कचरा उठाव, बिजली, बड़ा नाला, फॉगिंग आदि की समस्या भी है.

पांडेय पुल से लेकर रूद्रप्रिया मोड़ तक हर घंटे लगता है जाम

स्थानीय लोगों ने के अनुसार पांडेय पुल से लेकर रुद्रप्रिया मोड़ तक हर घंटे जाम लग जाता है. कई कॉलोनियों में डस्टबिन नहीं रहने से कचरा इधर-उधर फैला हुआ है. इससे डेंगू सहित कई अन्य बीमारी की चपेट में लोग आ रहे हैं. कुंज विहार, नवीन काे-ऑपरेटिव सहित कई कॉलोनी में पेयजलापूर्ति के लिए पाइपलाइन लगी है, लेकिन अभी तक पाइपलाइन से पेयजलापूर्ति नहीं की जा रही है.

नाली निर्माण के लिए कई बार लिखा पत्र, अभी तक कोई पहल नहीं

कुंज विहार कॉलोनी के अध्यक्ष एसके चौधरी, सचिव ललित कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष केके गोस्वामी, एमएम लाल, शिवमंगल प्रसाद, एमके साह, राजेश कुमार, सोमनाथ मंदिर संचालक कमेटी सदस्य रचना वर्मा, शोभा चौधरी, शबनम तिवारी, तप्ती गोस्वामी, राम आगर सिंह, अरुण कुमार विश्वकर्मा व तारकेश्वर राम-केके सिंह कॉलोनी, नवीन को-ऑपरेटिव के एफपी सिंह, उदय शर्मा-कैलाश हाउसिंग कॉलोनी, वार्ड दो के पूर्व पार्षद सुनील कुमार महतो, बंगाली बैठा, एसके चौधरी सहित अन्य लोगों ने चीरा चास की समस्या गिनायी. कहा कि केके सिंह कॉलोनी व कैलाश हाउसिंग कॉलोनी में नाली निर्माण के लिए कई बार पत्र लिखा गया, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई. ननि चुनाव नहीं होने के कारण भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है.

क्या कहती हैं बोकारो की विधायक

कुंज विहार सहित चीराचास की कॉलोनियों में फॉगिंग बहुत जल्द होगी. एक-दो दिन के भीतर जहां-जहां डस्टबिन नहीं है, वहां-वहां डस्टबिन उपलब्ध कराया जायेगा. नियमित रूप से कचरा उठाव की भी व्यवस्था जल्द होगी. जोरिया के गंदा पानी को साफ करने की दिशा में भी पहल की जायेगी. मुख्य सड़क के किनारे से अतिक्रमण भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जायेगा. चीरा चास की बिजली, पानी सहित अन्य समस्याओं को भी दूर किया जायेगा. इसमें अगले एक-दो सप्ताह के बाद तेजी आयेगी.

जनवरी के बाद चीराचास के हर घर तक सप्लाई पानी पहुंच जायेगा. निगम नया डस्टबिन खरीदने की योजना बना रही है. चीराचास की सभी कॉलोनी के चौक-चौराहों पर डस्टबिन लगाया जायेगा, ताकि लोगों को कचरा फेंकने में परेशानी ना हो. पूरे चीरा चास में नियमित रूप से फॉगिंग कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया है. लोगों को मच्छर के प्रकोप से जल्द निजात मिलेगी. किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो सीधे निगम कार्यालय में सूचना दें, त्वरित कार्रवाई होगी.