क्या रियासी आतंकी हमले में स्थानीय कश्मीरी भी शामिल थे ? NIA खोलेगी राज, गृह मंत्रालय ने सौंपी जांच रिपोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में 9 जून को तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है, सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवाद निरोधी एजेंसी ने इस मामले में सख्त गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसमें ये भी पता लगाया जाएगा कि, इस हमले में केवल पाकिस्तानी आतंकी शामिल थे, या फिर उन्हें स्थानीय कश्मीरियों ने भी मदद की थी। क्योंकि, हाल ही में प्रदेश से आतंकियों का एक ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) शब्बीर अहमद गिरफ्तार हुआ था, जिसके पास पिस्तौल, गोलियां, 4 हैंड ग्रेनेड, 2 IED जैसे खतरनाक हथियार मिले थे।
उल्लेखनीय है कि, रियासी के शिव खोरी मंदिर से कटरा लौट रही बस पर हुए आतंकी हमले में 10 लोगों की मौत हो गई थी और 33 अन्य घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि पिछले हफ़्ते जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी हमले की जांच के सिलसिले में कुल 50 संदिग्धों को हिरासत में लिया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा की गई व्यापक जांच के बाद की गई, जिसमें महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिससे हमले की साजिश रचने वालों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में मदद मिली।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हमले में शामिल तीन
आतंकवादियों में से एक का स्केच जारी किया है। साथ ही उसके बारे में जानकारी देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। आतंकवादी का स्केच प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर तैयार किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को घाटी में हुए हालिया आतंकी हमलों के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति पर दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की । उन्होंने जम्मू में आतंकवाद समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए और आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने का आह्वान किया।








देश के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है।दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर-पश्चिम भारत के करीब एक दर्जन राज्य भीषण गर्मी और लू से बेहाल हैं और फिलहाल उन्हें कोई खास राहत मिलती भी नहीं दिख रही।दिल्ली में जमकर गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग ने लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पहले ही मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन अब हालात और भी बिगड़ गए हैं और रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में बुधवार तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं दिख रही है। हालांकि, गुरुवार को तूफान के चलते तापमान में गिरावट आएगी। इसके बाद प्री-मानसून की बारिश राहत दे सकती है। दिल्ली में अब रात को भी दिन जैसी गर्मी हो रही है। यहां रात में भी मौसम में दिन जैसी तपिश देखने को मिल रही है। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप दस बजे के बाद इतनी ज्यादा कड़ी हो रही है कि लोगों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस दौरान हवा की गति भी 35 से 45 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। मौसम विभाग की तरफ से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रचंड गर्मी अभी पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली को 17 जून और यूपी के अधिकांश हिस्सों को 17-18 जून तक इसी तरह सताएगी। जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि में अगले एक-दो दिन कमोबेश यही स्थिति रहेगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अभी रात के तापमान में भी कोई खास कमी आने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि 11 जून के बाद से मानसून आगे नहीं बढ़ा है। इसी वजह से देश के मध्य और उत्तरी इलाकों में बेहद गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में तेज हवाएं चल रही हैं, लेकिन इनमें नमी नहीं है और यह बेहद गर्म हैं। शहर के ऊपर हल्के बादल भी हैं, जो गर्मी को रोक कर रखते हैं। इससे शहर का तापमान और बढ़ रहा है। आमतौर पर 27-30 जून के बीच में मानसून दिल्ली पहुंचता है और इस बार भी इसी समय तक मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। हालांकि, उससे पहले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 19-20 जून को बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 4-5 दिनों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। 8 और 19 जून को ओडिशा में कुछ इलाकों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले चार दिनों में पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी “हल्की से मध्यम बारिश” हो सकती है।
Jun 17 2024, 14:46
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
16.6k