भारत के लिए भी क्यों जरूरी है मालदीव?

#why_maldives_important_for_india 

Image 2Image 3Image 4Image 5

मालदीव के साथ भारत के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। भारत के लिए मालदीव, आर्थिक, सामरिक और सांस्कृतिक नजरिए से बेहद अहम देश है। 1965 में आजादी के बाद मालदीव को सबसे पहले मान्यता देने वाले देशों में भारत शामिल था। बाद में भारत ने 1972 में मालदीव में अपना दूतावास भी खोला। मालदीव भारत का करीबी रहा है और जरूरत पड़ने पर भारत ही मालदीव की मदद करता रहा है। हालांकि हाल में दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव ने जगह ले ली है। 

पिछले साल सितंबर में 54 फ़ीसदी वोटों के साथ राष्ट्रपति चुनाव में मोहम्मद मुइज़्ज़ू को जीत मिली थी। नवंबर में मुइज़्ज़ू ने द्वीपीय देश मालदीव के आठवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। मुइज़्ज़ू ने राष्ट्रपति बनते ही संकेत दे दिया कि उनकी विदेश नीति में भारत से दूरी बनाना प्राथमिकता में है। मुइज़्ज़ू ने शपथ लेने के बाद राष्ट्र के नाम पहले संबोधन में मालदीव से भारतीय सैनिकों की वापसी की बात दोहराई। उन्होंने पहला विदेश दौरा तुर्की का किया। मुइज़्ज़ू ने एक परंपरा तोड़ी क्योंकि इससे पहले मालदीव का नया राष्ट्रपति पहला विदेशी दौरा भारत का करता था। तुर्की के बाद मुइज़्ज़ू यूएई गए और अभी चीन के पाँच दिवसीय दौरे पर गए। 

मालदीव पर “मुलायम” रवैया

मालदीव में मोहम्मद मुइज़्ज़ू के राष्ट्रपति बनने के बाद से संबंधों में पहले से ही तनातनी थी। हालांकि, जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल की तो दोनों देशों के बीच गतिरोध बढ़ गया। मालदीव में तीन मंत्रियों ने पीएम मोदी को लेकर अपमानजनक टिप्पणी भी की। जिसके बाद भारत ने भी सख्ती दिखाई। लेकिन अब, भारत ने मालदीव के साथ अपने संबंधों में तनाव के बावजूद बड़ा फैसला लिया है। भारत ने मोइज्जू सरकार के साथ संबंधों में खटास के बावजूद सामानों के निर्यात पर प्रतिबंध हटा दिया है। भारत विवाद के बावजूद मालदीव को जरूरी सामान भेजता रहेगा। खास बात ये है कि सामान की जो मात्रा तय की गई है वो 1981 के बाद सबसे ज्यादा होगी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर भारत की इस चाल के पीछे की वजह क्या है?

भारत के लिए अहम मालदीव

दरअसल, हिन्द महासागर में मालदीव भारत का एक अहम समुद्री पड़ोसी देश है। मालदीव की भौगोलिक स्थिति भारत की रणनीति के लिहाज से काफ़ी अहम है। हिन्द महासागर में चीन की बढ़ती दिलचस्पी के कारण मालदीव की अहमियत भारत के लिए और बढ़ गई है। मालदीव लक्षद्वीप से मात्र 700 किलोमीटर दूर है और भारत के मुख्य भूभाग से मात्र 1200 किलोमीटर की दूरी पर है। भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और सागर सुरक्षा सहायता के तहत भी मालदीव जरूरी हो जाता है। मालदीव में मौजूदगी से भारत को हिंद महासागर के एक प्रमुख हिस्से पर नजर रखने की क्षमता मिल जाती है। हिंद महासागर में चीन अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए कई देशों में मौजूदगी को बढ़ा रहा है तो दूसरी तरफ उसको रोकने के लिए भारत इन देशों में अपनी मौजूदगी को मजबूत बनाए रखना चाहता है। 

भारत के लिए क्यों अहम है मालदीव?

हिंद महासागर के अंदर लाइन ऑफ कम्युनिकेशन को सुरक्षित रखने के लिए मालदीव की लोकेशन से काफी कुछ हासिल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर आप सर्विलांस भी रखना चाहते हैं तो मालदीव की लोकेशन एक प्रकार का परमानेंट एयरक्राफ्ट कैरियर है। यूरोप में जब महायुद्ध हो रहा था तो माल्टा द्वीप (जोकि मेडिटरेनियन के अंदर है) की खासियत इसकी साइज नहीं था, उसका जियोग्राफिक लोकेशन था, जोकि स्ट्रैटेजिक या सामरिक बन जाता है। इसी दृष्टिकोण से इस वक्त मालदीव्स अपनी लोकेशन की वजह से बहुत अहम है और उसकी अहमियत को चीन ने बहुत अच्छी तरह समझ लिया है। 

इसलिए पिछले 500 साल के बाद चीन ने हिंद महासागर में पहली बार 2008 में प्रवेश किया। 2007-08 में समुद्री लुटेरों की वजह से चीन ग्लोबल एंटी पायरेसी एफर्ट का बहाना बनाकर यहां पर आ गया और तभी से उसके जहाज 24×7 यहां पर मौजूद रहते हैं। वह जिबूती से लेकर मालदीव, मालदीव से लेकर यूएई, पाकिस्तान और हिंद महासागर वेस्टर्न इंडियन ओशन में अपनी पकड़ बनाए हुए है और यह भारत को परेशान करने वाली बात है। हिंद महासागर अभी सामरिक और सामुद्रिक दृष्टिकोण से चीन के लिए, अमेरिका के लिए और भारत के लिए एक बहुत अहम क्षेत्र हो गया है और उसे दायरे में हमको मालदीव को समझना चाहिए।

हिंद महासागर में चीन अपनी ‘स्ट्रिंग ऑफ पर्ल्स’ रणीनीति पर काम कर रहा है। इसके तहत चीन हिंद महासागर के आस पास के देशों में रणनीतिक बंदरगाह बना रहा है, इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहा है ताकि जरूरत पड़ने पर उनका मिलिट्री इस्तेमाल कर सके। चीन की मौजूदगी पाकिस्तान के ग्वादर से लेकर हॉर्न ऑफ अफ्रीका में जिबूती और श्रीलंका के हंबनटोटा तक है। ये बंदरगाह चीन की हिंदमहासागार रीजन में मिलिट्री पहुंच बढ़ा रहे हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर मालदीव से भारत की दूरी बढ़ी और चीन उनके ज्यादा करीब आ गया तो वह हिंद महासागर में परेशानी बढ़ा सकता है। साथ ही भारत का सारा समुद्री ट्रैफिक यहीं से आता है। अगर चीन वहां अपनी पकड़ बना कर कुछ हरकत करता है और भारत को अपना ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ता है तो यह महंगा भी साबित होगा।

लापरवाही या....? राहुल गांधी की रैली से पहले बैनर पर दिखी बीजेपी नेता की फोटो

#bjp_union_minister_faggan_singh_photo_on_rahul_gandhi_stage

Image 2Image 3Image 4Image 5

राहुल गांधी आज से मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। वह मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत सिवनी जिले के धनोरा में तथा शहडोल में जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, इससे पहले पार्टी की बड़ी फजीहत हो गई है। दरअसल, यहां मुख्य मंच पर जो बैनर लगाया गया है, उसमें बीजेपी से मंडला सीट से उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की फोटो लगा दी गई। बता दें कि राहुल गांधी जिस कैंडिडेट के खिलाफ वोट मांगने आ रहे थे, मंच पर उसी की तस्वीर लग गई।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। वह सिवनी जिले में लखनादौन विधानसभा के धनोरा गांव में जनता को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की रैली से एक दिन पूर्व मंच पर मुख्य बैनर लगाया गया। इस बैनर में कांग्रेस के दिग्गजों की फोटो लगाई गई थी। हालांकि, इस बैनर में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी चूक कर दी। जिस लोकसभा में कांग्रेस अपने प्रत्याशी और पार्टी का प्रचार-प्रसार कर रही है, उसी बैनर में बीजेपी के केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान में मंडला संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते की फोटो लगा दी गई।

हालांकि, बाद में इस फोटो को आनन-फानन में बदल दिया गया। बीजेपी नेता की जगह कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह की फोटो लगा दी गई। बता दें कि मंडला में केंद्रीय मंत्री और छह बार के भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का मुकाबला पूर्व मंत्री और डिंडोरी-एसटी से चार बार के कांग्रेस विधायक ओंकार सिंह मरकाम से है, जो 2014 के मुकाबले की पुनरावृत्ति होगी, जब कुलस्ते ने जीत हासिल की थी।

वहीं, राहुल गांधी की सभा में मंच पर लगी भाजपा प्रत्याशी की तस्वीर को लेकर मुख्यमंत्री मोहन डॉ. यादव ने कटाक्ष किया है। सीएम ने कहा चुनाव को लेकर कांग्रेस गंभीर नहीं है। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस ने चुनाव के पहले ही हार मान ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस, अपनी पार्टी और कार्यकर्ताओं का मजाक बनवा रही है, इससे समझ आता है कि कांग्रेस कितनी गंभीर है।

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा, उसके बाद 26 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को होगा। मध्य प्रदेश में कुल 29 लोकसभा क्षेत्र हैं, जो इसे संसदीय प्रतिनिधित्व के मामले में छठा सबसे बड़ा राज्य बनाता है। इनमें से 10 सीटें एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं, जबकि बाकी 19 सीटें अनारक्षित हैं।

राम मंदिर पर कांग्रेस के रुख से निराश हैं..', खड़गे-सोनिया की रैली के अगले ही दिन भाजपा में शामिल हुए राजस्थान के कई दिग्गज नेता

Image 2Image 3Image 4Image 5

 कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की राजस्थान में सार्वजनिक बैठक के एक दिन बाद, पूर्व विधायक गंगाजल मील और PCC उपाध्यक्ष सुशील शर्मा सहित कई पार्टी नेता रविवार को पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। सूरतगढ़ से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले हनुमान मील, पूर्व PCC उपाध्यक्ष अशोक अवस्थी और कई अन्य लोग ओंकार सिंह लखावत, नारायण पंचारिया और अरुण चतुर्वेदी सहित भाजपा नेताओं की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।

सुशील शर्मा ने आरोप लगाया कि गुटबाजी के कारण कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं में निराशा है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने वर्षों तक कांग्रेस के लिए काम किया लेकिन अब पार्टी कार्यकर्ताओं की सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले उनके जैसे कार्यकर्ता अयोध्या में राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख से निराश हैं। राजस्थान में सोनिया गांधी, एम खड़गे की रैली के अगले दिन, कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। वे जयपुर में पार्टी के राज्य मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए। 

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने न सिर्फ देश में, बल्कि विदेशों में भी अपनी ताकत का लोहा मनवाया है. इसी से प्रभावित होकर राष्ट्रवादी सोच के साथ मैंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है।" कांग्रेस के पूर्व विधायक मील ने PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "जब हमने इसकी शिकायत प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से की तो उन्होंने भी हमारी बात नहीं सुनी। कांग्रेस में पूरी तरह से टांग खिंचाई चल रही है।"

कांग्रेस नेताओं के अलावा, सेवानिवृत्त अधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के कई अन्य लोग जयपुर में पार्टी के राज्य मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए। राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीटों गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा। टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां की शेष 13 सीटों पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।

कंगना रनौत ने बीफ को लेकर कांग्रेस नेता के आरोपों पर दी सफाई, जानिए क्या कहा

Image 2Image 3Image 4Image 5

डेस्क: महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया था कि कंगना रनौत बीफ और रेड मीट खाती हैं, जिसके बाद हिमाचल के मंडी सीट से बीजेपी की लोकसभा उम्मीदवार और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने बीफ को लेकर बढ़ रहे विवाद पर सफाई दी है। कंगना रनौत ने बीफ और रेड मीट खाने को लेकर रिएक्ट करते हुए ट्वीट किया है। कंगना ने कहा है कि वो बीफ या रेड मीट नहीं खाती हैं और इन सब बातों को एक्ट्रेस ने झूठा कहा है। हिमाचल में 'बीफ' पर हो रही राजनीति पर अब कंगना ने रिएक्ट किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा...

कांग्रेस नेता के आरोपों पर भड़की कंगना रनौत

कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बीफ और रेड मीट पर किए गए दावों को शर्मनाक बताया और कहा कि लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज और ट्विटर पर बीफ पर हो रहे विवाद पर रिएक्ट करते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। कंगना ने लिखा, 'मैं बीफ या किसी भी तरह का कोई भी रेड मीट का सेवन नहीं करती हूं, यह शर्मनाक है कि मेरे बारे में पूरी तरह से बिना किसी सबूत के अफवाहें फैलाई जा रही हैं।'

कंगना रनौत ने बीफ पर दी सफाई

बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत ने इस ट्वीट पर आगे सफाई देते हुए लिखा, 'मैं दशकों से योगिक और आयुर्वेदिक जीवन शैली के बारे में बात करते आई हूं। मेरी छवि खराब करने के लिए ऐसी रणनीति काम नहीं करेगी... मेरी जनता मुझे अच्छे से जानती हैं और वे जानते हैं कि मैं एक हिंदू हूं और ऐसी कोई भी झूठी खबर या अफवाह उन्हें कभी गुमराह नहीं कर सकती, जय श्री राम।'

बीफ पर हो रहा विवाद

बता दें, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया था कि कंगना रनौत ने पिछले दिनों कहा था कि वो बीफ खाती है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक वडेट्टीवार ने कहा, 'बीजेपी ने उस कंगना को टिकट दिया, जिन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्हें बीफ पंसद है और वो खाती हैं।' वहीं राजनीति में एंट्री करते ही एक्ट्रेस चर्चा में बनी हुई हैं।

उत्तरकाशी: वायु सेना का गगन शक्ति अभ्यास जारी, चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर, 20 जवानों ने की पैराशूट से लैंडिंग

Image 2Image 3Image 4Image 5

 उत्तरकाशी चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायु सेना का गगन शक्ति सैन्य अभ्यास जारी है। आज सोमवार को बीस जवानों ने हवाई अड्डे पर एएन 32 विमान से 18000 फीट की ऊंचाई से पैराशूट से लैंडिंग की।

चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायुसेना ने रविवार को भी गगन शक्ति के तहत हवाई सैन्य अभ्यास किया। वायुसेना के मालवाहक विमान एएन 32 ने रनवे पर लैंडिंग व टेकऑफ किया। आगरा एयरबेस से पहुंचे दो एनएन 32 विमानों ने आसमान में करीब एक घंटे तक अभ्यास किया।

10 अप्रैल तक किया जाएगा गगन शक्ति हवाई सैन्य अभ्यास

वायुसेना की ओर से एक से 10 अप्रैल तक गगन शक्ति हवाई सैन्य अभ्यास किया जाएगा। वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर राजस्थान के पोखरण से पश्चिमी व उत्तरी सीमा क्षेत्र में अभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं।

वायुसेना के गोरखपुर एयरबेस से दो एमआई 17 हेलिकॉप्टर भी हेलीपैड पर पहुंचे हैं। रविवार को दोनों एमआई 17 हेलिकॉप्टरों ने साढ़े नौ बजे टिहरी की ओर उड़ान भरी। वहीं, आगरा एयरबेस से पहुंचे एएन 32 विमान ने सुबह साढ़े आठ और साढ़े 10 बजे दोबारा आसमान में अभ्यास किया।

दिल्ली शराब घोटाले में जेल में बंद केसीआर की बेटी के कविता की जमानत याचिका खारिज

Image 2Image 3Image 4Image 5

दिल्ली शराब घोटाले में जेल में बंद केसीआर की बेटी के कविता की जमानत याचिका खारिज हो गई है। राउज एवेंन्यू कोर्ट ने आज मामले में सुनवाई में यह फैसला सुनाया। बीआरएस एमएलसी के कविता ने अपने बेटे की स्कूल परीक्षाओं को आधार बनाकर अंतरिम जमानत मांगी थी। बता दें कि शराब घोटाला मामले में वो ईडी की रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में हैं।

इससे पहले राउज एवेंन्यू कोर्ट ने दिल्ली शराब घोटाले की आरोपी के कविता की अंतरिम जमानत याचिका पर 4 अप्रैल को सुनवाई कर ली थी। कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा था। आज अदालत ने कविता की जमानत अर्जी खारिज कर दी। बता दें कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में हाल ही में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि कुछ दिन पहले आप नेता संजय सिंह जमानत पर बाहर आए हैं।

सीबीआई पूछताछ के खिलाफ भी कोर्ट का रुख

कथित दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार बीआरएस नेता के कविता ने शनिवार को सीबीआई पूछताछ के खिलाफ अदालत का रुख किया। के कविता ने सीबीआई को पूछताछ की दी गई अनुमति वापस लेने का अनुरोध किया है। बता दें कि शराब नीति मामले में भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई कर रही है।

कविता के वकील नितेश राणा ने अदालत को बताया कि सीबीआई ने ‘उनके पीठ पीछे’ उनसे पूछताछ करने की अनुमति मांगने वाली याचिका दायर करके कानून की उचित प्रक्रिया को विफल कर दिया। राणा ने कहा, ‘‘मुझे गंभीर आशंका है कि अदालत से अनुकूल आदेश प्राप्त करने के लिए सीबीआई ने सही तथ्यों का खुलासा नहीं किया होगा।’’

उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि कविता से न्यायिक हिरासत में पूछताछ की अनुमति देने वाले उसके शुक्रवार के आदेश को तब तक स्थगित रखा जाए जब तक कि उनका पक्ष नहीं सुना जाता। अदालत ने दलील सुनी और सीबीआई द्वारा कविता की याचिका पर जवाब देने के लिए समय मांगने के बाद मामले को 10 अप्रैल तक सुनवाई के लिए टाल दिया।

80 साल की उम्र में पहली बार बुजुर्ग ने मनाया अपना जन्मदिन, जश्न के बाद हो गई मौत

Image 2Image 3Image 4Image 5

मध्य प्रदेश के खरगोन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है यहाँ 80 वर्ष पश्चात् एक वृद्ध ने अपना पहला जन्मदिन मनाया। इस दिन वृद्ध ने परिजनों के साथ केक काटा, खूब नाचे और खुशी मनाई। रात 11 बजे तक उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। वहीं 3 बजे वृद्ध ने दुनिया को अलविदा कह दिया। प्राप्त खबर के मुताबिक, खरगोन के पहाड़सिंहपुरा निवासी 80 वर्षीय नारायण सिंह रघुवंशी ने जीवन में पहली बार अपना जन्मदिन मनाया। रात 12 बजे रात तक रघुवंशी समाज के लोग एवं मित्र बधाई देने आते रहे। धूमधाम से बाजे गाजे के साथ नाचते हुए पहली बार 80 वर्षीय नारायण रघुवंशी ने जन्मदिन मनाया था।

वही इसके चलते बाकायदा योग टोली टीम के सदस्यों के साथ केक काटा। ढोल ताशों के साथ उत्साह, उमंग एवं मस्ती के साथ जन्मदिन मनाया। जन्मदिन पर समाज के वरिष्ठजन और टोली के मनोज रघुवंशी, दिनेश रघुवंशी, मोहन रघुवंशी समेत सैकड़ों लोग बधाई देने पहुंचे थे। रात 3 बजे अचानक हार्ट दिल का दौरा पड़ा तथा उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। बुजुर्ग का कुंदा स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया, जहां वे योग किया करते थे। उनकी अंतिम यात्रा में बड़े आंकड़े में लोगों ने सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि दी।

नारायण रघुवंशी रोज प्रातः हनुमान मंदिर पर मस्ती की योग टोली के साथ योग करते थे। जीवन में कभी जन्मदिन नहीं मनाया था। पहली बार योग टोली के साथियों ने उनके घर जाकर केक काटकर जन्मदिन मनाया था। इसी के पश्चात् रात में उन्होंने दुनिया को अलविदा बोल दिया। मनोज रघुवंशी ने कहा कि समाजसेवी नारायण सिंह रघुवंशी स्वस्थ थे। उनकी दिनचर्या भी अच्छी थी। उम्र अवश्य 80 वर्ष थी, मगर वे मस्ती की टोली में रोज सुबह 6 बजे सम्मिलित होकर योग करते थे। 6 महीने से वह योग के साथ जुड़े थे। किसी ने सोचा नहीं था कि जन्मदिन के दिन उन्हें बधाई देने जाएंगे और वो उसी दिन चले जाएंगे।

कौन हैं माधवी लता? सनातन के खिलाफ आक्रामक ओवैसी को मदरसों की मददगार बीजेपी प्रत्याशी ऐसी देंगी टक्कर

#madhavi_latha_hyderabad_bjp_candidate_fight_agianst_aimim_chief_assaduddin_owaisi

लोकसभा चुनाव में इस बार हैदराबाद सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। हैदराबाद से ओवैसी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. माधवी लता को चुनावी मैदान में उतारा है। यानी माधवी लता असदुद्दीन ओवैसी को उनके ही 'गढ़' में चुनौती देंगी। माधवी लता पेशे से कारोबारी होने के साथ समाजसेवी भी हैं और वह लंबे समय से इस मुस्लिम-बहुल पुराने शहर में सक्रिय हैं। माधवी लता कट्टर हिंदूवादी होते हुए भी मदरसों की मदद करती हैं। वह कहती हैं कि इन्सानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं, लेकिन सनातन के खिलाफ अनावश्यक बयानबाजी करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में इस बार सनातन के खिलाफ आक्रामक ओवैसी को माधवी से जोरदार चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

Image 2Image 3Image 4Image 5

भाजपा ने हैदराबाद से पहली बार महिला उम्मीदवार पर दांव खेला है। इससे पहले पार्टी ने भगवत राव को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, भगवत को ओवैसी से लगभग 3 लाख वोटों से हार झेलनी पड़ी थी। माधवी लता ने टिकट मिलने के बाद यहां तक दावा किया कि ओवैसी को उनके ही गढ़ में डेढ़ लाख वोट से हराकर संसद से बाहर करेंगी और लोकतंत्र के मंदिर में हैदराबाद का प्रतिनिधित्व करने जाएंगी। माधवी कहती हैं अब तक जिस धोखे से ओवैसी जीतते आए हैं, इस बार उनका वह बोगस वोटबैंक काम नहीं आएगा। अगर हिंदू भाई-बहन एक हो गए तो असद भाई के लिए बहुत मुश्किल हो जाएगी।

बता दें कि हैदराबाद सीट एआईएमआईएम का गढ़ मानी जाती है। हैदराबाद की यह सीट वर्ष 1984 से ही एआईएमआईएम के पास रही है। असदुद्दीन ओवैसी के पिता सुल्तान सलाउद्दीन ओवैसी 1984 में पहली बार इस सीट से सांसद बने थे। 2004 तक वो सांसद रहे और इसके बाद अब ये सीट असदुद्दीन ओवैसी के पास है। ओवैसी इस सीट से मौजूदा सांसद हैं। बीजेपी को लगता है कि माधवी लता का करिश्मा इस सीट पर कमाल दिखाएगा।

कई कारकों के कारण बीजेपी ने माधवी लता को ओवैसी से मुकाबला करने के लिए उनके गढ़ में अपना उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी को लगता है कि माधवी लता स्मृति जैसा कोई करिश्मा कर दिखाएंगीमाधवी लता के बारे में कहा जाता है कि वह पुराने शहर के कुछ हिस्सों में परोपकारी गतिविधियों में सक्रिय हैं। कहा जाता है कि वह विभिन्न मुस्लिम महिला समूहों के संपर्क में हैं। लता लातम्मा फाउंडेशन और लोपामुद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट की ट्रस्टी हैं और निराश्रित मुस्लिम महिलाओं की आर्थिक मदद भी करती रहती हैं। माधवी लता पुराने हैदराबाद में गरीब मुस्लिम परिवारों को शिक्षा और मदद देने के लिए कड़ी मेहनत करती हैं। साथ ही मुस्लिम परिवारों में बेटियों को बार-बार बेचने की प्रथा के खिलाफ भी आवाज बुलंद करती हैं। पार्टी उनके कार्यों के जरिए मुस्लिम वोटों का फायदा उठाना चाह रही है। अपने हिंदुत्व समर्थक भाषणों के लिए मशहूर माधवी लता ने तीन तलाक के खिलाफ भी अभियान चलाया था। वह एक गौशाला भी चलाती हैं।

अमेठी-रायबरेली में उम्मीदवारों को लेकर ऊहापोह की स्थिति में कांग्रेस, जानें कब तक होगा ऐलान

#congress_decision_candidates_amethi_and_raebareli_seats_next_week

Image 2Image 3Image 4Image 5

देश का माहौल पूरी तरह से चुनावमय हो गया है। लोकसभा चुनाव को लेकर 19 अप्रैल को पहले चरण के लिए मतदान होना है। इससे पहले पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान करने में जुटी है। देशभर में यूं तो कई हॉट सीटें है, जिनपर जनता की खास नजर होती है। इन्हीं सीटों में से दो महत्वपूर्ण सीटें हैं, अमेठी और रायबरेली। अमेठी और रायबरेली कांग्रेस की पारिवारिक सीट रही है। ये दोनों वे सीटें हैं, जिनपर उम्मीदवारी को लेकर चुनाव से पहले से ही चर्चा हो रही है। हालंकि, कांग्रेस अभी तक यूपी की अमेठी और रायबरेली जैसी अहम सीटों पर उम्मीदवारों का नाम फाइनल नहीं कर पाई है। अटकलें हैं कि अगले सप्ताह कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति इन सीटों पर बड़ा फैसला ले सकती है। फिलहाल, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।

अमेठी और रायबरेली कांग्रेस की पारिवारिक सीट रही है। जिसके बाद अब दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर चर्चा चल रही है, लेकिन ऐलान किसी भी नाम का नहीं हो सकता है। अमेठी और रायबरेली सीट पर गांधी परिवार के सदस्यों के चुनाव लड़ने को लेकर सियासी अटकलों-चर्चाओं का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश की इन दो महत्वपूर्ण सीटों की उम्मीदवारी पर जारी यह सस्पेंस लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान तक जारी रहने के पुख्ता संकेत हैं। खबर है कि, 26 अप्रैल को वायनाड में वोटिंग के बाद इन दोनों सीटों से गांधी परिवार की उम्मीदवारी का सस्पेंस खत्म होने की संभावना है।

पार्टी सूत्र ने अमेठी व रायबरेली में गांधी परिवार के सदस्यों के चुनाव लड़ने के बारे में किसी तरह की परोक्ष या प्रत्यक्ष टिप्पणी नहीं कि मगर चर्चा से मिले संकेतों के हिसाब से अमेठी और रायबरेली से राहुल तथा प्रियंका के चुनाव लड़ने के पुख्ता इरादे हैं। कांग्रेस सूत्रों ने साफ किया है कि अभी तक राहुल गांधी के अमेठी और प्रियंका गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर न तो हां हुआ है और ना ही न हुआ है. यानी अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की संभावना अभी बनी हुई है।

बता दें कि अमेठी और रायबरेली में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। इन दोनों सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया 26 अप्रैल से शुरू होगी। यूपी में कांग्रेस के हिस्से में 17 लोकसभा की सीटें हैं, जिनमें से 14 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार का ऐलान कर दिया गया है। सिर्फ रायबरेली, अमेठी और प्रयागराज पर उम्मीदवार तय करना बाकी है।

साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, जानें भारत में दिखाई देगा या नहीं ?

#suryagrahan8april2024

आज साल का पहला सूर्य ग्रहण लगेगा। यह सूर्य ग्रहण 50 वर्षों बाद सबसे लंबा चलने वाला ग्रहण होगा जो करीब 5 घंटे और 25 मिनट तक चलेगा। भारतीय समय के अनुसार, साल का पहला सूर्य ग्रहण आज यानी 8 अप्रैल दिन सोमवार को लगने जा रहा है। यह ग्रहण रात के 9 बजकर 12 मिनट से शुरू होने वाला है। बता दें कि साल 2024 का पहला सूर्य ग्रहण का प्रभाव भारत पर नहीं पड़ेगा और ना ही कोई सूतक काल मान्य रहेगा।

Image 2Image 3Image 4Image 5

5 घंटे तक रहेगा ग्रहण का प्रभाव

सूर्य ग्रहण आज रात 9 बजकर 12 मिनट से शुरू होगा और अगले दिन सुबह 2 बजकर 20 मिनट खत्म होगा।यानी ग्रहण का प्रभाव लगभग 5 घंटे तक रहेगा और यह पूर्ण ग्रहण लगेगा। बता दें कि पूर्ण ग्रहण का प्रभाव भारत में नहीं देखने को मिलेगा।

सूर्यग्रहण का भारत में नहीं होगा प्रभाव

सोमवती अमावस्या पर इस साल का पहला सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। जिसका प्रभाव शुभ व अशुभ देश-दुनिया के लोगों पर पड़ सकता है। सूर्य ग्रहण से 12 घंटे पहले सूतक लग जाता है। ज्योतिषियों के अनुसार, वर्ष 2024 के पहले सूर्य ग्रहण का प्रभाव भारत पर नहीं पड़ेगा। जब भारत में ग्रहण का प्रभाव नहीं पड़ेगा तो सूतक काल भी मान्य नहीं रहेगा। इसलिए सभी भारतीय अपने रोज की तरह सभी कार्य कर सकते हैं। दरअसल, ग्रहण के दौरान लगने वाले सूतक में पूजा-पाठ व धार्मिक कार्य नहीं किए जाते और इस दौरान मंदिर के कपाट भी बंद कर दिए जाते हैं।

7.5 मिनट तक सूर्य लोगों को दिखाई ही नहीं देगा

ज्योतिषियों के अनुसार, यह ग्रहण बेहद ही दुर्लभ माना जा रहा है। इस साल ग्रहण के कारण 7.5 मिनट तक सूर्य लोगों को दिखाई ही नहीं देगा। विज्ञान के अनुसार, कई सालों बाद ऐसा सूर्यग्रहण देखने को मिलता है। जब इस स्थिति में पृथ्वी के एक भाग पर पूरी तरह से अंधेरा हो जाता है। इस समय चंद्रमा, पृथ्वी के सबसे निकट आ जाता है और इस सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीधी रेखा में आ जाते हैं।

क्या होता है सूर्य ग्रहण

जैसे कि हम सभी जानते हैं कि सूर्य के चारों ओर पृथ्वी चक्कर लगाती है और पृथ्वी के चारों ओर चंद्रमा घूमता है। जब सूर्य, पृथ्वी और चांद तीनों ही एक सीध में आ जाते हैं तो इस घटना के कारण सूर्य और चंद्र ग्रहण होता है। जब चांद पृथ्वी के चक्कर काटते हुए सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है तो इसे सूर्य ग्रहण कहते हैं। इस दौरान सूर्य से पृथ्वी पर आने वाली प्रकाश की किरणें चांद की वजह से पृथ्वी तक नहीं पहुंच पाती है। और चांद की छाया पृथ्वी पर पड़ती है। इस घटना को ही सूर्य ग्रहण कहते हैं।