पर्यटन क्षेत्र में विकास कार्यों की बढ़ी रफ्तार
![]()
ललितपुर। बुंदेलखंड के जनपद ललितपुर में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। जनपद ऐतिहासिक, पुरातात्विक और प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण है। पर्यटन को बढ़ावा दिए जाने एवं पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान किए जाने हेतु शासन द्वारा देवमाता मंदिर परिसर, करकरावल जलप्रपात एवम बंदरगुढ़ा के पर्यटन विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी क्रम में भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम देवामता मंदिर परिसर और करकरावल में आयोजित किया गया। जिसमें देवामाता मंदिर परिसर में भव्य हाल का आधुनिक सुविधाओं सहित निर्माण, पेवर ब्रिक्स, सोलर लाइट, पार्किंग, इंटरलॉकिंग कार्य इत्यादि, करकरावल जल प्रपात बदरोन पर गजेबो, पार्किंग, इंटरलॉकिंग, फेंसिंग, पाथवे आदि कार्य, बंदरगुढ़ा में रोड आदि कार्यों का भूमि पूजन विधायक रामरतन कुशवाहा, जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, नीरज, अमरीश सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी हेमलता, यू.पी.एस.टी.डी.सी. के जेई अखिलेश कुमार, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड के अपर परियोजना प्रबंधक मनीष वर्मा द्वारा किया गया।
विधायक ने कहा कि जनपद के पर्यटन स्थल विकसित होने से जहां लोग अपनी संस्कृति और विरासत से परिचित होंगे वहीं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। जनपद में फैली धरोहरों की तस्वीर बदलने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। आज सरकार के विकास कार्यों ओर सुरक्षा अच्छी कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में आबादी से अधिक टूरिस्ट आ रहे हैं।
हेरिटेज और ईको टूरिज्म के विकास के लिए जनपद में असीम संभावनाएं हैं जिनको विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन और पुरातात्विक स्थलों को साफ स्वच्छ रखने में हम सभी को योगदान देना चाहिए। शासन प्रशासन द्वारा किए जा रहे पर्यटन विकास के कार्य धरातल पर फलीभूत हो रहे है जिससे ललितपुर वैश्विक पटल पर अपनी अमित छाप बनाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद पर्यटन के दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध है सरकार द्वारा जनपद में पर्यटन विकास के लिए समग्र विकास, ईको सिस्टम और इम्पलायमेंट को गति देने का जो कार्य हो रहा है उससे जनपद पर्यटन हब बन कर विकसित होगा। पर्यटक अधिकारी हेमलता ने कहा की ख्याति प्राप्त देवा माता मंदिर एक प्राचीन और सिद्ध क्षेत्र है यहां हजारों अनुयाई आते है यहां नवरात्र की अष्टमी और नवी पर यहां भक्तों का मेला लगता हैं।
क्षेत्र के अलावा बाहर से माता के भक्त नवरात्र की उपासना के बाद जवारे लेकर यहां आते हैं। वहीं मौन पड़वा पर यहां मौनीओं का मेला लगता हैं यहां पर्यटन विकास होने से यात्रियों को सुगमता होगी। संचालन फिरोज इकबाल पर्यटन मित्र ने किया और जनपद के पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हुए कहा की शासन प्रशासन द्वारा पर्यटन विकास के कार्य जो जनपद में कराए जा रहे है उससे जनपद पर्यटन हब के रूप में जल्द ही देश दुनिया में जाना पहचाना जायेगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रितेश कुमार, महंत राजकुमार, अरविंद तिवारी, मातादीन तिवारी, संतोष यादव आदि सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे। आभार पर्यटक अधिकारी हेमलता ने व्यक्त किया।
Mar 10 2024, 18:58