शिक्षा से ही महिलाएं सशक्त बन शक्ति है : सचिव
![]()
ललितपुर। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्रोदय कुमार के निर्देशानुसार सचिव कुलदीप सिंह तृतीय की अध्यक्षता में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर ब्लॉक जखौरा स्थित जन साहस के गरिमा केंद्र पर महिलाओं को विधिक साक्षरता प्रदान करने हेतु शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सचिव/अपर जिला जज कुलदीप सिंह तृतीय ने कहा कि शिक्षा से ही महिलाओं में आत्म विश्वास, आत्म जागृति एवं अपने अधिकारों तथा सरकार के द्वारा दिये जाने वाले अवसरों की जानकारी हो सकेगी, जिससे वह अपने कौशल का विकास कर सकेगी एवं स्वावलम्बी बनकर अपने महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं लेकर एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में सहयोग कर सकेंगी।
हम महिलाओं को स्वतंत्र रूप से अपना जीवन जीने की स्वतंत्रता देते हैं तो हम उन्हें महिलाओं के व्यक्तिगत मामलों में निर्णय लेने का अधिकार देते हैं। महिलाओं के निजी व्यवसायिक मामलों में दखलअंदाजी न करें। इससे महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक विकास और लैंगिक समानता में अवसर, अधिकार और स्वतंत्रता मिलती है। जिससे महिलाएं अपने जीवन के अवसरों और अधिकारों पर स्वतंत्र निर्णय लेकर अपने उद्देश्यों की पूर्ति करती हैं।
महिलाओं पर सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और रीति-रिवाज या अन्य पूर्वाग्रह उनके लिए एक स्वतंत्र वातावरण बनाते हैं। जो महिलाओं के जीवन विकास के लिए बेहद जरूरी है। पैनल अधिवक्ता पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं को सदैव निशुल्क सहायता मिलती है, किसी भी विधिक सलाह और जानकारी के लिए 15100 पर कॉल करके मदद ले सकती है।
नेहा द्वारा महिला जागृति गीत गाकर महिलाओं को जाग्रत किया गया। कन्या भ्रूण हत्या नाटक का मंचन करके महिलाओं को जागरूक किया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई के सामाजिक कार्यकर्ता विनीत सिंह द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जन साहस के समन्वयक राजीव अहिरवार द्वारा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी अरविंद पंथ व रोहित राठौर द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत व नालसा की योजनाओं की जानकारी पैंपलेट वितरित करके दी गई।
ग्राम प्रधान कुसुम द्वारा सबका आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान राजस्व कर्मचारी सत्य प्रकाश, महिला आरक्षी स्मृति, बृजलाल, प्रेमदास, सुनील कुमार, धीरज, लक्ष्म, कुसुम, कृष्णा, नेहा, सविता, ब्रजेश स्वामी आदि कई लोग उपस्थित रहे।
Mar 07 2024, 18:31