सांसदों के निलंबन को लेकर केंद्र पर बरसीं सोनिया गांधी, बोली- इस सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया
#sonia_gandhi_attack_on_pm_modi_and_bjp
![]()
141 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर विपक्ष का हंगामा जारी है। कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी ने सांसदों के निलंबन पर नाराजगी जाहिर की है।कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी ने सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा है कि सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया है। सीपीपी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सदन की गरिमा को लेकर भी बात की।
कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद कांग्रेस सांसदों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संसद की सुरक्षा में चूक की 13 दिसंबर की घटना अक्षम्य है। इस तरह की घटना को कभी भी उचित नहीं ठहराया जा सकता है। पीएम मोदी को राष्ट्र को संबोधित करने और घटना पर अपने विचार व्यक्त करने में चार दिन से ज्यादा लग गए हैं। उन्होंने सदन के बजाए संसद के बाहर बयान देना बेहतर समझा। ऐसा करके उन्होंने संसद का तिरस्कार किया है।मैं ये कल्पना आप लोगों पर छोड़ती हूं कि बीजेपी आज विपक्ष में होती तो क्या करती।
सोनिया गांधी ने कहा, इस सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया है। इससे पहले कभी भी इतने सारे विपक्षी सांसदों को सदन से निलंबित नहीं किया गया था वो भी उचित और वैध मांग के लिए। 13 दिसंबर को हुई असाधारण घटना पर विपक्ष के सदस्यों ने लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग की थी। इस अनुरोध का जिस अहंकार के साथ व्यवहार किया गया उसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।
भारत के संविधान पर हमला हो रहा है-सोनिया गांधी
केंद्र सरकार पर हमला करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, इस सरकार ने लोकतंत्र और संसद सहित इसके आवश्यक स्तंभों वाली संस्थाओं पर व्यवस्थित हमला किया है। सरकार और बीजेपी के कार्यों ने एकता की भावना को कमजोर कर दिया है। भारत के संविधान पर हमला हो रहा है। आर्थिक असमानताएं बढ़ती जा रही हैं। आर्थिक विकास के बारे में प्रधानमंत्री के दावों और जमीनी हकीकत के बीच एक बहुत बड़ा अंतर है।
ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़ के पेश किया जा रहा-सोनिया गांधी
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सीपीपी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि इस शीतकालीन सत्र में जम्मू-कश्मीर से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए। ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़ के पेश किया जा रहा है। कई लोगों द्वारा भारत के पहले प्रधानमंत्री और महान देशभक्तों को बदनाम करने के लिए इतिहास के ही साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जो पूर्ण रूप से अस्वीकार्य है। बदनाम करने के लिए लगातार वे अभियान चला रहे हैं और इस प्रयासों का नेतृत्व पीएम और गृह मंत्री द्वारा किया जा रहा है, जिसका मोर्च वे खुद संभाल रहे हैं। अपने संबोधन में सोनिया गांधी ने कहा कि हम डरने वाले नहीं है और न ही कभी झुकेंगे। हम हमेशा सत्य का ही साथ देंगे, हम सच बोलने पर कायम रहेंगे।
Dec 20 2023, 12:48