धनबाद: कोयलांचल में धूमधाम से मनाई गई महावीर जयंती

Image 2Image 3

धनबाद : कोयलांचल धनबाद में 4 अप्रैल मंगलवार को धूम धाम से महावीर जयंती मनाई गई. इस अवसर पर मटकुरिया स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में प्रभात फेरी, विशाल रथ यात्रा, आकर्षक झांकी, शोभायात्रा के साथ दीपोत्सव व भजन संध्या के कार्यक्रम सम्पन्न कराए गए.

विशाल शोभायात्रा में भगवान महावीर जी को रथ में बिठा कर नगर भ्रमण कराया गया, जो मटकुरिया से बैंकमोड़ होते हुए दिगंबर जैन मंदिर पहुचा. शोभा यात्रा में झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसमें भगवान महावीर तथा विभिन्न स्वरूप में नृत्य करते विभन्न वेशधारी कलाकार अधिक आकर्षण के केंद्र रहे. 

जैन धर्मावलंबी भगवान महावीर के रथ को खींचते पैदल चल रहे थे. ढोल-नगाड़ों के बीच जैन समाज की महिलाओं तथा पुरुषों ने बीच सड़क पर जमकर नृत्य किया.

धनबाद में सीओ और थाना प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन, ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लगाए भू-माफिया से मिलीभगत के आरोप


Image 2Image 3

धनबाद : जमीन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बरवाअड्डा के ग्रामीणों ने जिले के रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान गोविंदपुर सीओ और बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए. सीओ और थाना प्रभारी के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की. लोगों ने सीओ और बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर भू-माफिया से मिलीभगत का आरोप लगाया है.

गलत तरीके से बेचा जा रहा सीएनटी की जमीन: समिति के अध्यक्ष हलधर महतो ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली के खिलाफ हम सभी ग्रामीण धरना दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि भेलाटांड़ में सीएनटी की जमीन गलत तरीके से गोविंदपुर सीओ और बरवाअड्डा थाना प्रभारी मिलकर बेचने का काम कर रहे हैं. लोगों के विरोध के बावजूद दोनों अधिकारी उस जमीन पर बाहरी लोगों को कब्जा कराने में लगे हैं. विरोध करने वाले ग्रामीणों के साथ मारपीट की जाती है. भोले-भाले ग्रामीणों के ऊपर झूठा केस कर दिया जा रहा है. 60 साल के बुजुर्ग के ऊपर तीन-तीन रेप का केस दर्ज करवा दिया गया. उन्होंने कहा कि अपनी जमीन को बचाने के लिए जनता को मजबूर होकर हथियार उठाना पड़ेगा. 

सरकार का लोगों पर कोई ध्यान नही है. सरकार कोयला चोरी में संलिप्त है.ग्रामीणों ने किया था बरवाअड्डा थाना का घेराव: बता दें कि भेलाटांड़ जमीन को बचाने को लेकर ग्रामीणों ने बरवाअड्डा थाना का घेराव किया था, जिसके बाद पुलिस ने थाना घेराव में शामिल लोगों पर मामला दर्ज कर दिया था. ग्रामीणों का कहना है कि थाना पहुंचने की सूचना हमने पूर्व में लिखित में दी थी. लेकिन फिर भी थाना प्रभारी ने ग्रामीणों के ऊपर मामला दर्ज कर दिया. भू-माफिया की मिलीभगत के कारण थाना प्रभारी ग्रामीणों को परेशान करने के रोज नए हथकंडे अपना रहे हैं. ग्रामीणों की जमीन पर जबरन कब्जा करने का खेल चल रहा है.

बीएड फेल विद्यार्थियों ने किया हंगामा,सड़क जाम




Image 2Image 3

पुलिस ने आक्रोशित छात्रों को कार्यालय से निकाला बाहर

धनबाद : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के अधीनस्थ बीएड कॉलेजों के सेमेस्टर 2 के फेल विद्यार्थियों ने दूसरे दिन भी विवि कार्यालय में प्रदर्शन किया. बीएड छात्र आनंद कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 900 विद्यार्थियों को एसेसमेंट ऑफ़ लर्निंग व नॉलेज एंड करिकुलम विषयों में फेल कर दिया गया है.

 कई विद्यार्थियों को मात्र दो या तीन अंकों से फेल किया गया है, जो गलत है. राजीव गांधी टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि रिजल्ट जारी होने के पूर्व ही 600 से अधिक विद्यार्थियों के फेल होने के कयास लगाए जा रहे थे. इससे पूर्वाग्रह की बातें उजागर हो रही हैं.

सुरक्षाकर्मियों ने गेट में लगाया ताला

शनिवार के बाद लगातार दूसरे दिन आंदोलन पर उतारू बीएड के विद्यार्थी आक्रोशित थे. विद्यार्थियों ने पहले कुलपति से बातचीत का प्रयास किया. परंतु रोक जिये जाने पर कुलपति कार्यालय के गेट के पास नारेबाजी करने लगे. विवि प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने छात्रों को विवि कार्यालय से बाहर निकाला. इधर सुरक्षाकर्मियों ने गेट में ताला जड़ दिया. इसके बाद विद्यार्थी मुख्य गेट जाम कर धरना पर बैठ गए. आक्रोशित विद्यार्थियों ने पॉलिटेक्निक रोड को भी जाम कर दिया, जिससे आवागमन ठप हो गया.

 विद्यार्थियों ने की उत्तीर्ण करने की मांग

विद्यार्थियों ने कुलपति और विवि प्रशासन पर जान-बूझकर फेल करने का आरोप लगाया. उन्होंने सभी को पास करने की मांग की. बता दें कि इसके पहले शनिवार को विद्यार्थियों ने कॉपी के लिए रि-वेल्युएशन की मांग की थी. कुलपति ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया था कि वह कॉपी निकलवा कर अन्य शिक्षक से दिखाएंगे. यदि कुछ त्रुटि नजर आएगी तो पुनः जांच का निर्णय लिया जा सकता है.

बिना चालान के अवैध बालू ढोने वाले वाहन मालिकों पर हुई एफआईआर,बालू माफियाओं में मचा हड़कंप


Image 2Image 3

धनबाद : बिना चालान अवैध बालू परिवहन करने के संबंध में वर्तमान खान निरीक्षक राहुल कुमार द्वारा सरायढेला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है ।

जिसमें यह बताया गया है कि पिछले 3 अप्रैल 2023 को शाम के करीब 6:30 बजे औचक छापामारी के क्रम में गोविंदपुर सरायढेला मार्ग पर गोल बिल्डिंग के पास गोविंदपुर से आते हुए कुछ बालू के वाहन के औचक जांच की गई तो अवैध रूप से बालू परिवहन करने वाले वाहन चालक गाड़ी छोड़कर भागते हुए दिखे। 

जिसके बाद जब पूरे वाहन की छानबीन की गई, कागजात देखे गए तो वह संपूर्ण रूप से अवैध पाया गया,जिसमें एक हाईवा जिसे छोड़कर चालक फरार हो गया उस पर 700 सीएफटी बालू लोड था।

धनबाद: बरवाड्डा में टेंपो पलटने से एक की मौत, सड़क जाम


Image 2Image 3

धनबाद : कल्याणपुर के समीप जीटी रोड पर सोमवार को एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया।जानकारी के अनुसार उक्त ऑटो राजगंज के मदयाडीह से धनबाद जा रही थी।

 इसी दौरान ऑटो कल्याणपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। मौके जूट ग्रामीणों ने तत्तकाल घायल व्यक्ति को इलाज के धनबाद भेजा। वहीं घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने मृत यात्री के शव को उठाने नही दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। 

साथ ही जीटी रोड पर स्थित घनी आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की। इसके बाद पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव पुलिस को सौंपा।

पॉजिटिव न्यूज़: धनबाद जिला के कतरास क्षेत्र में ट्रैफिक कंट्रोल का पर्याय बने एएसआई दिलीप कुमार झा


Image 2Image 3

हाथ में पतली छड़ी लेकर हल कर लेते है पल भर में समस्या,अब नही लगती सड़क जाम

धनबाद:(कतरास) : हाथ में पतली सी छड़ी,बदन पर खाकी वर्दी, उम्र भी ढलान पर परन्तु काम बाॅर्डर के सैनिकों सा....

चिलचिलाती धूप हो,तेज आंधी हो या बरसात काम ट्रैफिक कंट्रोल का। जी हां, कतरास थाना में पदस्थापित एएसआई दिलीप कुमार झा आज एक ऐसा नाम है कि अब वह किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उनके भरोसे कतरास थाना चौक की ट्रैफिक व्यवस्था है. 

श्री झा जून 2022 में तिसरा थाना से ट्रांसफर होने के बाद कतरास थाना ज्वाइन किये हैं तब से लेकर आज तक कतरास थानेदार रणधीर सिंह ने उनको कतरास थाना चौक पर ट्रैफिक कंट्रोल का जिम्मा सौंपा है जिसे वह बखूबी अपने बेहतरीन तरीके से कंट्रोल करने में कामयाब भी रहते हैं. चिलचिलाती धूप हो या बरसात श्री झा अपनी ड्यूटी टाइम में खड़े रह कर या चहलकदमी कर थाना चौक पर जाम की समस्या को दूर करने का प्रयास करते रहते हैं. 

श्री झा हाथों में पतली सी छड़ी लेकर अपने अंदाज से ट्रैफिक कंट्रोल करने में लगे रहते हैं जरूरत पड़ने पर टोटो चालकों को इसका भय दिखाकर उन्हें रोड जाम करने से रोकने में भी कामयाब रहते हैं. 

श्री झा का ड्यूटी टाइम सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था कंट्रोल करने की रहती है उनके जाने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा सी जाती है. बताते चलें कि इससे पूर्व भी कतरास में जाम की समस्या सिरदर्द बनी रहती थी ,जब भी शांति समिति की बैठक होती थी हमेशा जाम की समस्या का मुद्दा छाया रहता था जिसके बाद ट्रैफिक विभाग से 3 सिपाहियों को ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए तैनात किया गया था.  

लेकिन आज एक एसआई दिलीप झा के जिम्मे में पूरी ट्रैफिक की व्यवस्था छोड़ दी गई है. श्री झा ने बतया कि वे 2027 में रिटायर करेंगे.

धनबाद: ईसाइयों ने मनाया खजूर पर्व, संत मेरी चर्च में मिस्सा अनुष्ठान


Image 2Image 3

धनबाद : ईसाई समुदाय के लोगों ने 2 अप्रैल रविवार को खजूर पर्व मनाया. धनबाद के संत मेरी गिरजाघर में सुबह में फादर थॉमस बाजरे की अगुआई में मिस्सा अनुष्ठान हुआ.

इसके बाद फादर ने खजूर की डाली के साथ पहुंचे विश्वसियों को आशीष दी. 

अपने संदेर में उन्होंने कहा कि आज का रविवार खजूर या दुःख भोग का रविवार कहा जाता है. इस दिन हम प्रभु यीशु के दुःख भोग और मृत्यु को याद करते हैं. खजूर की डाली जब पेड़ से जुड़ी रहती है, तो वह हरी रहता है.

 पेड़ से अलग कर देने पर वह सूख जाती है. उसी प्रकार हम येशु से जुड़े रहेंगे, तो जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी.

उन्होंने बताया कि बाइबल में भी खजूर पर्व (पाम संडे) का जिक्र है. प्रभु यीशु जब यरुशलम पहुंचे थे, तब उनके स्वागत में बड़ी संख्या में लोग खजूर की डालियां लहराते हुए खड़े थे. इस दिन की याद में ईसाई समुदाय के लोग हर साल पाम संडे या खजूर रविवार मनाते हैं. प्रभु यीसु को सूली पर चढ़ाए जाने से पहले उनका स्वागत खजरू से किया जाता है.

हैवी ब्लास्टिंग के कारण डर के साये में जी रहे हैं कांटा पहाड़ी के ग्रामीण, अनहोनी की बनी रहती है आशंका

Image 2Image 3

धनबाद : बीसीसीएल एरिया चार के कांटा पहाड़ी में रहने वाले ग्रामीणों का जीवन डर के साये में बीत रहा है. हैवी ब्लास्टिंग से यहां के लोगों के मन में अनहोनी की आशंका हमेशा बनी रहती है.

 बनी रहती है अनहोनी की आशंका : 

बाघमारा के बीसीसीएल एरिया चार के वेस्ट मोदीडीह परियोजना से महज 15 मीटर की दूरी पर ही ग्रामीण बसे हैं. हैवी ब्लास्टिंग और कोयले के उत्खनन के कारण इन ग्रामीणों का जीना मुहाल हो चुका है. यहां की रहने वाली शोभा देवी का कहना है कि उत्खनन कार्य के कारण घर की दीवारों में कंपन होने लग जाता है. छत से ईंट और बालू गिरने लगता है. हर वक्त अनहोनी की आशंका बनी रहती है. पिंकी देवी ने कहा कि मशीनों के चलने से घर में कंपन होती है. इससे हमेशा खतरा बना रहता है.

धनबाद जेल में बंदियों के दो गुटों में भिड़ंत,छह लोग घायल, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थाने से पुलिस बल पहुंचे जेल गेट


Image 2Image 3

धनबाद, धनबाद जेल में बं‍द‍ियों के दो गुटों में रव‍िवार को भि‍ड़ंत हो गई। मारपीट में छह से अधिक लोगों को चोटें लगी हैं। दोनों गुटों में भि‍ड़ंत की शुरुआत होते ही जेल प्रशासन ने आठ बार पगला सायरन बजाया। इससे हड़कंप मच गया।

जेल कर्मी जहां जि‍स हालत में थे, वैसे ही डंडा लेकर दौड़ पड़े। जि‍ला प्रशासन को भी सूचना दी गई। जिसके बाद, कई थानों की पुलि‍स स्‍थि‍त‍ि पर न‍ियंत्रण के ल‍िए जेल पहुंची।

जानकारी के अनुसार रविवार करीब 12: 40 का समय था। इसी दौरान जेल में प्र‍िंस के भाई गोडव‍िन और मेंशन गुट के लोगों में क‍िसी बात पर बहस हुई। 

इसके बाद मारपीट होने लगी। नतीजा, बंदियों को काबू करने के लिए पगला सायरन बजाया गया। सायरन की आवाज सुनते ही पुलिस के गार्ड भी दौड़ पड़े।

पुलिस कर्मियों ने मारपीट रुकवाने की कोशिश की। इसके बाद जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जैप व आईआरबी के जवान सहित कई थाना की पुलिस जेल गेट पहुंचे।

 इसमें डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर अरविंद सिन्हा व कतरास थाना प्रभारी रणधीर सिंह भी दलबल के साथ पहुंचे।

बता दें कि इन दिनों झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित उनके समर्थक धनबाद जेल में बंद हैं। वही वासेपुर के भी कई समर्थक धनबाद जेल में बंद हैं।

बढ़ते कोरोना संक्रमण ने धनबाद के लोगों की बढ़ाई टेंशन अब तक यहां 2.90 लाख लोगों ने नहीं लगी है कोरोना की टीका


Image 2Image 3

धनबाद। कोरोना वायरस के नए सब-वेरीएंट ने एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद, अब धनबाद सहित राज्य के अन्य जिलों में सतर्कता शुरू कर दी गई है। जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल एवं सदर अस्पताल में जांच की व्यवस्था शुरू की गई है।

कोरोना का नया सब-वैरिएंट से संक्रमित होने पर गले में हल्के खराश, सर्दी और बुखार की समस्या हो रही है। मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष सह कोविड-19 के प्रभारी डॉ. उमेश कुमार ओझा ने बताया सब-वैरिएंट काफी संक्रामक है।

डॉक्टर ने बताया कि कोरोना का यह वेरिएंट पहले की तुलना में कुछ कमजोर है, लेकिन बीमार लोगों, गैर संचारी रोग जैसे मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर, हृदय रोग के मरीजों के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकता है। इसके अलावा वृद्ध व्यक्तियों को इससे खतरा है।

डॉ. ओझा ने बताया कि नए शोधों से पता चल रहा है कि यह वायरस रोग प्रतिरोधक क्षमता कम वाले लोगों को ज्यादा संक्रमित कर रहा है। इसके अलावा जो बुजुर्गों ने अभी तक टीका नहीं लिया, वैसे लोग भी संक्रमित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सब-वेरिएंट XBB 1.16 और XBB 1.15 के वजह से संक्रमण फैल रहा है। कोरोना के इस वैरिएंट से संक्रमित होने पर सूंघने की क्षमता कम नहीं हो रही है लेकिन सर्दी, बुखाार होने लगभग 15 दिनों तक मरीज बेड पर चला जा रहा है।

डॉ. ओझा ने बताया कि कई लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। ऐसे लोगों की विशेष निगरानी की जरूरत है। दूसरी और बीमारी के वजह से लोगों के रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाते हैं। ऐसे लोगों को सतर्क होने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

एक ओर संक्रमण से बचने के लिए सरकार टीकाकरण बढ़ाने का निर्देश दे रही है तो दूसरी और धरातल पर अधिकारियों की निष्क्रियता के वजह से लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है। धनबाद में 3.50 लाख 60 साल से ऊपर बुजुर्गों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें 40 हजार बुजुर्गों ने अभी तक एक भी टीका नहीं लिया है।

धनबाद में 2.90 लाख लोगों ने नहीं लगाई कोरोना की वैक्सीन

धनबाद में कुल 20 लाख लोगों को टीकाकरण से जोड़ने का लक्ष्य साल 2020 में रखा गया। दो वर्ष बीतने के बाद 17,10,206 लोगों ने पहला डोज लिया है। 12,29,385 लोगों ने दूसरा डोज लिया है। जबकि बूस्टर डोज के लिए 12 लाख लोगों को टीकाकरण करने का लक्ष्य था, अभी तक 1,37,771 लोगों ने ही बूस्टर डोज लिया है।

 धनबाद में 2.90 लाख में अभी तक एक भी टीका नहीं लिया है। यह डाटा 1 अप्रैल 2023 तक के हैं।