मुकद्दस रमज़ान का पहला रोजा व जुमा अल्लाह की इबादत में बीता
![]()
गोरखपुर। मुकद्दस रमज़ान के पहले जुमा की नमाज शहर की छोटी-बड़ी सभी मस्जिदों में अमन, शांति व तरक्की की दुआ के साथ अदा की गई।
मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती चौक, दरगाह हजरत मुबारक खां शहीद नार्मल, मस्जिद सुब्हानिया तकिया कवलदह, गाजी मस्जिद गाजी रौजा, जामा मस्जिद रसूलपुर, सुन्नी बहादुरिया जामा मस्जिद रहमतनगर, मक्का मस्जिद मेवातीपुर, चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, गौसिया जामा मस्जिद छोटे काजीपुर, नूरी मस्जिद तुर्कमानपुर सहित सभी मस्जिदों में भीड़ उमड़ी।
जुमा के नमाज की तैयारी सुबह से शुरु हो गई। लोगों ने गुस्ल किया। साफ सुथरे कपड़े पहने। इत्र लगाया। सिर पर टोपी सजाई। अज़ान होने से पहले ही बच्चे, नौजवान व बुजुर्गों ने मस्जिदों की ओर कदम बढ़ाए, ताकि पहली सफ में जगह मिल जाए।
अज़ान से पहले नमाजियों से मस्जिदें भरनी शुरु हो गई। अज़ान होने तक मस्जिदे नमाजियों से भर गई। इसके बाद नमाजियों ने सुन्नत नमाज अदा की। मस्जिद के इमामों ने तकरीर पेश की। रोजे के फजाइल बयान किए। मिम्बर पर खड़े होकर जुमा का खुतबा दिया। जुमा की नमाज अदा हुई। सुन्नत व नफ़्ल नमाज पढ़ी गई। सलातो-सलाम पढ़ा गया। घरों में महिलाओं ने नमाज अदा कर कुरआन-ए-पाक की तिलावत की। पैग़ंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम पर दरुदो-सलाम पेश किया गया।
पहला रोजा इस तरह गुजारा
चारों तरफ माह-ए-रमजान की रौनक है। शुक्रवार की सुबह लोगों ने मिलकर सहरी खाई। तहज्जुद की नमाज पढ़ने के बाद फज्र की नमाज अदा की गई। कुरआन शरीफ की तिलावत की। तस्बीह व दुआ मेें अल्लाह की हम्दो सना बयान की।
मस्जिदों में सलातों सलाम पढ़ा गया। सुबह से ही लोग इबादत में मश्गूल हुए तो यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। शहर की हर मस्जिद में नमाजियों का तांता लगा रहा। घरों में महिलाओं ने नमाज पढ़ी व कुरआन शरीफ की तिलावत की। चूंकि रमजान के तीस दिनों को तीन हिस्सों में बांटा गया है यानी रहमत, मगफिरत, जहन्नम से आजादी। पहला अशरा रहमत का चल रहा है, इसलिए सभी अल्लाह तआला की रहमत से मालामाल होना चाह रहे हैं।
शाम के समय घरों में महिलाओं ने इफ्तार के विभिन्न पकवानों को बनाना शुरु किया। असर की नमाज घरों व मस्जिदों में अदा की गई। इफ्तार तैयार होने के बाद मुसाफिरों व गरीबों के लिए मस्जिदों में भेजी गई। दोस्त अहबाब में भी भेजी गई। शाम को सभी ने एक दस्तरख्वान पर इफ्तार कर, दुआ मांगी। पूरा दिन यानी पहला रोजा अल्लाह की इबादत में गुजारा। तरह-तरह के शर्बत, चिप्स, चना, पकौड़ी व फल वगैरा ने दिन भर की भूख को छूमंतर कर दिया।
इफ्तार करने के बाद छोटे से लेकर बड़ों ने मगरिब की नमाज अदा की। थोड़ा आराम किया फिर रात में एशा, तरावीह, वित्र एवं नफ्ल नमाज पढ़ी। यह शमां पूरे माह इसी तरह बरकरार रहेगा। नखास, घंटाघर, रेती, शाह मारूफ वगैरा की फिजा देखते ही बन रही है। सेवई व खजूर, सहरी-इफ्तारी की दुकानें सज चुकी हैं। तरावीह की नमाज के बाद उन पर भीड़ उमड़ रही है।
जुमा की नमाज के बाद 'तज्किरा सैयदना अमीर मुआविया' पुस्तक का विमोचन
मजलिस असहाबे कलम गोरखपुर द्वारा प्रकाशित 'तज्किरा सैयदना अमीर मुआविया' नामक पुस्तक का विमोचन चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर में जुमा की नमाज के बाद उलमा किराम द्वारा किया गया। पुस्तक में इस्लाम धर्म के ताल्लुक से कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक बातों का उल्लेख किया गया है।
युवा लेखक कारी मोहम्मद अनस रज़वी द्वारा लिखी गई पुस्तक 'तज्किरा सैयदना अमीर मुआविया' के विमोचन के अवसर पर गोष्ठी हुई। जिसमें मुफ्ती-ए-शहर अख्तर हुसैन मन्नानी ने कहा कि आधुनिक युग में इस्लामी तालीम आसान जुबान में पेश करके कारी अनस ने बहुत ही उम्दा काम किया है।
हर दौर में इस्लाम धर्म के विद्वान इस्लामी शिक्षा को आम और सादा जुबान में पेश करते रहे हैं। पुस्तक में अमीरुल मोमिनीन हजरत सैयदना अमीर-ए-मुआविया की ज़िंदगी को संक्षेप में ठोस प्रमाणों के हवाले से पेश किया गया है। इस पुस्तक से अहले सुन्नत व जमात के अकीदे की हिफाजत में मदद मिलेगी। इस पुस्तक को सभी को पढ़ना चाहिए।
पुस्तक के लेखक कारी मोहम्मद अनस रज़वी ने बताया कि अवाम को कुरीतियों से बचाने तथा सही रास्ते पर लाने के लिए पुस्तक लिखी गई है। इस मौके पर मुफ्ती मेराज अहमद कादरी, मौलाना जहांगीर अहमद अज़ीज़ी, मौलाना महमूद रज़ा कादरी, नायब काजी मुफ्ती मोहम्मद अज़हर शम्सी, हाफिज आमिर हुसैन निज़ामी, हाफिज रहमत अली निजामी, सैयद नदीम अहमद, अली गजनफर शाह, समीर अली आदि मौजूद रहे।
तंजीम उलमा-ए-अहले सुन्नत द्वारा जारी रमज़ान हेल्पलाइन नंबरों पर शुक्रवार को सवाल-जवाब का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने नमाज़, रोज़ा, जकात, फित्रा आदि के बारे में सवाल किए। उलमा-ए-किराम ने क़ुरआन व हदीस की रोशनी में जवाब दिया। इन नम्बरों पर आप भी सवाल कर जवाब हासिल कर सकते हैं : 9956971232, 7860799059, 8896678117, 7388095737, 8563077292, 8249333347, 9598348521, 9616089661
Mar 24 2023, 21:50