जाति आधारित गणना को लेकर अफसरों की जिम्मेवारी तय, सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी जिलों के डीएम को जारी किया आदेश
डेस्क : बिहार में जाति आधारित गणना की तैयारी शुरु हो गई है। इसे सफल तरीके से कराने के लिए राज्य सरकार ने सभी अफसरों की जिम्मेदारी तय कर दी है। इसमें जिला से लेकर अंचल और प्रगणक या गणना करने वालों तक की ड्यूटी तय कर दी गयी है।
सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी राजेंदर ने इससे संबंधित आदेश सभी जिलों के डीएम को जारी कर दिया है। इसके अनुसार, सभी जिलों के डीएम इसके प्रधान गणना अधिकारी सह नोडल पदाधिकारी होंगे। इसके बाद अपर समाहर्ता या जिला कल्याण पदाधिकारी या जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को अपर प्रधान गणना पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को अनुमंडल गणना पदाधिकारी, नगर आयुक्त सह कार्यपालक पदाधिकारी को नगर चार्ज अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को प्रखंड चार्ज अधिकारी, अपर नगर आयुक्त या सिटी मैनेजर को सहायक नगर चार्ज अधिकारी, अंचाधिकारी (सीओ) को सहायक प्रखंड चार्ज अधिकारी, पर्यवेक्षक के तौर पर प्रगणक से एक उच्च स्तर के कर्मी और प्रगणक की भूमिका शिक्षक, लिपिक, मनरेगा, आंगनबाड़ी, जीविका आदि की कर्मी निभायेंगे।
प्रगणक का कार्य डीएम जिसे उपर्युक्त समझे, उसे भी सौंप सकते हैं। जाति आधारित गणना के तहत आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल मोड (मोबाइल एप) से भी एकत्र किया जाएगा। इससे कार्यभार कम होगा और आंकड़ों का संकलन आसानी होने के साथ ही इसका परिणाम समय पर आ जाएगा।
Jun 21 2022, 18:44