*यूपीआई पर नए शुल्क के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन*
यूपीआई पर शुल्क थोपना व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालने की साजिश : अभिषेक सिंह राणा
सुल्तानपुर। केंद्र सरकार द्वारा यूपीआई भुगतान व्यवस्था पर नए शुल्क लागू किए जाने के विरोध में शुक्रवार को जिला/शहर कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व एवं शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की मौजूदगी में कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजकर नए शुल्क को तत्काल वापस लेने की मांग की। केंद्र सरकार के नए ढांचे के अनुसार 2,000 रुपये से अधिक के कुछ P2M यानी व्यक्ति-से-व्यापारी यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू किया जाना है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि यूपीआई देश की जनता की सुविधा और डिजिटल अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ बन चुका है। कांग्रेस किसी भी ऐसे शुल्क या व्यवस्था का विरोध करेगी, जिससे छोटे दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका हो। केंद्र सरकार को डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के नाम पर ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जो व्यापारियों में असमंजस और अतिरिक्त लागत की चिंता पैदा करे।कांग्रेस साफ कहना चाहती है कि जनता को सुविधाएं देने के बजाय शुल्क का नया ढांचा थोपना स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार को तत्काल पुनर्विचार करते हुए इस व्यवस्था को वापस लेना चाहिए। यदि जनता और व्यापारियों की आवाज नहीं सुनी गई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष और तेज करेगी। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि यूपीआई के माध्यम से रोजमर्रा के छोटे-बड़े लेनदेन करने वाले करोड़ों लोगों पर नए शुल्क का असर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि आम जनता और छोटे कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नए शुल्क के फैसले को तत्काल वापस लिया जाए। इस अवसर पर उप्र कांग्रेस कमेटी में मीडिया पैनलिस्ट राजेश तिवारी, आरबी पांडे, ममनून आलम, सुरेशचंद्र मिश्र, जाकिर हसन, रब्बन हाशमी, मोहित तिवारी, सुरेंद्र शुक्ला, आजाद अहमद, गुड्डू आदि लोग कार्यक्रम में शामिल रहे।


Sep 18 2026, 15:15
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k