सुलतानपुर में कल से चलेगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान*
जनपद के CHC,PHC व जिला महिला चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं।
सुलतानपुर,जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देशन में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का आयोजन जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जाएगा। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रत्येक माह निर्धारित 1, 9, 16 एवं 24 तारीख को आयोजित किया जाता है।
जनपद में अभियान के अंतर्गत 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC), 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC), 100 बेड वीरसिंहपुर अस्पताल तथा जिला महिला चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं को विशेष स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ PMSMA दिवस पर गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क प्रसवपूर्व जांच (ANC) के साथ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।
इस दौरान हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, वजन, रक्त समूह, यूरिन सहित अन्य आवश्यक जांच की जाएगी। अभियान के दौरान हाई रिस्क प्रेगनेंसी (HRP) वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं लाइन लिस्टिंग कर उनका विशेष फॉलोअप किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केन्द्रों पर रेफर किया जाएगा।
महिलाओं को आयरन-फोलिक एसिड एवं कैल्शियम के सेवन, पोषण, संस्थागत प्रसव और प्रसव की पूर्व तैयारी के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। निजी महिला चिकित्सक भी देंगी स्वैच्छिक सेवाएं PMSMA दिवस को प्रभावी बनाने के लिए जनपद की निजी क्षेत्र की महिला चिकित्सकों द्वारा वालंटियर के रूप में स्वैच्छिक सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उनके सहयोग से गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
ई-रूपी वाउचर से निःशुल्क अल्ट्रासाउंड आवश्यकता के अनुसार पात्र गर्भवती महिलाओं को ई-रूपी वाउचर के माध्यम से निःशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान करने में सहायता मिलेगी। गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराए जाएंगे फल PMSMA दिवस पर स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाली गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फल भी उपलब्ध कराए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जाएगी। 102 एंबुलेंस सेवा का मिलेगा सहयोग अभियान में 102 एंबुलेंस सेवा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केन्द्र तक पहुंचाने तथा आवश्यकता पड़ने पर CHC/PHC से 100 बेड वीरसिंहपुर, जिला महिला चिकित्सालय अथवा उच्च चिकित्सा केन्द्र तक निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित PMSMA दिवस—1, 9, 16 एवं 24 तारीख को अपने निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाएं। समय पर स्वास्थ्य जांच से गर्भावस्था की जटिलताओं एवं उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान कर मां और शिशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। सुरक्षित मातृत्व—स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु, समृद्ध सुलतानपुर।
6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.9k