विचारवान मस्तिष्क, संवेदनशील हृदय और प्रखर पुरुषार्थ यही सफलता का सरलतम सूत्र
-राकेश मणि त्रिपाठी, प्रधानाचार्य विवेकानन्द नगर।
सरस्वती विद्या मन्दिर में चार दिवसीय लक्ष्य बोध कार्यक्रम का समापन: छात्रों में जागा उत्कृष्टता का संकल्प।
दिनांक 08/08/2026
सुलतानपुर।सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर में कक्षा दशम एवं द्वादश के भैया बहनों का चार दिवसीय “लक्ष्य बोध कार्यक्रम” अत्यंत गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
आज चतुर्थ दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सा के साथ ही विविध धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर के सम्मानित प्रोफेसर एवं विद्यालय प्रबंधक डाक्टर पवन सिंह द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने बहनों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि “सामान्य प्रयासों से सामान्य सफलता ही प्राप्त की जा सकती है, परंतु विशिष्ट उपलब्धि पाने के लिए लक्ष्य भी सर्वोच्च ही होना चाहिए। उच्च लक्ष्य सदैव उच्च उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करते हैं।” उन्होंने बताया कि अपेक्षाओं को बोझ न मानते हुए सहज भाव से परिश्रम करते रहें। उत्साही रक्त, विचारवान मस्तिष्क, संवेदनशील हृदय और प्रखर पुरुषार्थ यही सफलता का सरलतम सूत्र है।
मुख्य अतिथि डाक्टर पवन सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए जितना परिश्रम करने की आवश्यकता है, उतनी ही कुशल रणनीति भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मूलभूत शिक्षा और जीवन मूल्यों की सुदृढ़ नींव ही सफलता का सच्चा आधार है। मुख्य अतिथि डाक्टर पवन सिंह ने छात्रों के विजन पर आधारित प्रत्यक्ष संवाद करके उनका उत्साहवर्धन किया
इससे पूर्व कार्यक्रम की प्रस्ताविकी में हिन्दी विभागाध्यक्ष रंजना पाण्डेय ने एक घटना के माध्यम से छात्रों को सचेत करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारण के साथ-साथ एकाग्रचित्त अभ्यास करना भी जरूरी है। जिस प्रकार एकाग्र मन से किया गया कोई भी कार्य सहजता से सिद्ध होता है, उसी प्रकार एकाग्रता से किया गया अध्ययन उत्तम परिणाम देता है। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में कक्षा 10 एवं 12 के भैया बहनों ने अपने-अपने परीक्षा लक्ष्यों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। छात्रों ने अपनी अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन विधियां एवं सफलता की योजनाएं साझा कर अन्य साथियों को भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आचार्य देवेन्द्र कुमार पाठक ने मंचस्थ अतिथियों का परिचय कराया।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य संजीव चतुर्वेदी द्वारा किया गया।
भैया बहनों के चार दिवसीय लक्ष्य बोध कार्यक्रम का संयोजन क्रमशः वरिष्ठ आचार्य अखिलेश प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ आचार्या रंजना पाण्डेय ने किया।
उक्त कार्यक्रम में अभिभावकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। जिससे यह कार्यक्रम छात्रों एवं अभिभावकों दोनों के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य रमेश मिश्र, वरिष्ठ आचार्य अनिल पाण्डेय, द्वारिका नाथ पाण्डेय राजबहादुर शर्मा, राकेश सिंह, सुधा सिंह, शशी द्विवेदी,रिंशू सिंह कक्षा दशम एवं द्वादश के छात्र ,कक्षाचार्य बन्धु भगिनी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
55.2k