डूरंड कप: एससी दिल्ली ने शानदार वापसी कर जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हराया
रांची:राजधानी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप के ग्रुप-सी मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब (एससी) दिल्ली ने शानदार वापसी करते हुए जमशेदपुर एफसी को 2-1 से शिकस्त दी। एससी दिल्ली के लिए डेब्यू कर रहे लालरिनलियाना ह्नामटे ने दूसरे हाफ में महज पांच मिनट के भीतर दो गोल दागकर टीम को यादगार जीत दिलाई।
![]()
मैच की शुरुआत से ही जमशेदपुर एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया और 22वें मिनट में प्रणय हलदर के लंबे पास पर सनन मोहम्मद ने शानदार लेफ्ट फुट शॉट लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में एससी दिल्ली ने बराबरी की कई कोशिशें कीं, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी और मध्यांतर तक जमशेदपुर बढ़त बनाए रही।
![]()
दूसरे हाफ में एससी दिल्ली ने जोरदार वापसी की। 51वें मिनट में जमशेदपुर के गोलकीपर अल्बिनो गोम्स की गलती का फायदा उठाते हुए लालरिनलियाना ह्नामटे ने रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके महज पांच मिनट बाद ऑगस्टीन लालरोचाना के सटीक पास पर ह्नामटे ने अपना दूसरा गोल दागते हुए एससी दिल्ली को 2-1 की बढ़त दिला दी।
![]()
इसके बाद दिल्ली की टीम ने मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया और जमशेदपुर एफसी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इंजरी टाइम में एससी दिल्ली के डिफेंडर आशुतोष मेहता को खतरनाक टैकल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया, लेकिन इससे मैच के परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ा।
![]()
इस जीत के साथ एससी दिल्ली ने अपने पहले मुकाबले में तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। वहीं, हार के बावजूद जमशेदपुर एफसी दो मैचों में तीन अंकों और बेहतर गोल अंतर के आधार पर ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।








Aug 05 2026, 11:45
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.0k