मऊ पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान! SP कमलेश बहादुर ने दिए 15 सख्त आदेश , अपराधियों में मचा हड़कंप
मऊ । जनपद मऊ में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 13 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन मऊ के सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार , जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, जनशिकायतों के निस्तारण, महिला सुरक्षा, आगामी त्योहारों की तैयारियों और संगठित अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए—
छोटी-छोटी घटनाओं पर भी विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
किसी भी गंभीर घटना की सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया जाए तथा उच्चाधिकारियों को समय से अवगत कराया जाए।
जनशिकायतों एवं आईजीआरएस पर प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करते हुए मौके का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए।
अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित पैदल गश्त एवं पिकेट ड्यूटी प्रभावी ढंग से संचालित की जाए।
बीट पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
गोवध से जुड़े मामलों में आरोपियों के विरुद्ध गुण्डा एवं गैंगस्टर अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए।
अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर सख्त अंकुश लगाया जाए तथा संभावित क्षेत्रों में लगातार चेकिंग और दबिश दी जाए। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
लूट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व में संलिप्त अपराधियों का सत्यापन अभियान चलाकर उनके विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
भूमि विवादों के मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराया जाए।
सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर आमजन को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण अधिकतम पाँच दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
महिला संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, गश्त एवं पिकेट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई एवं भ्रामक सूचनाओं का समय रहते खंडन किया जाए
संगठित अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।

Jul 18 2026, 15:05
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.9k