बैंक राज्य स्तर के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु तत्परता से कार्य करें : जिलाधिकारी*
*समेकित ऋण योजना जमा अनुपात सहित अन्य सरकारी योजनाओं में बैंकों की असंतोषजनक कार्यशैली से शासन को अवगत कराएं
*बैंकों में लंबित आवेदनों के लिए टोल फ्री नंबर 14441 पर करें शिकायत
आरसेटी सलाहकार समिति, जिला स्तरीय पुनरीक्षण एवं सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
फर्रुखाबाद l "जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति तथा जिला स्तरीय पुनरीक्षण एवं सलाहकार समिति" की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित बैंकों के जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि जनपद में कार्यरत सभी बैंक राज्य स्तर के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु तत्परता से कार्य करें, जिससे आमजनमानस को सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि समेकित ऋण योजना जमा अनुपात में जिन बैंकों एवं उनकी शाखों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उन बैंकों की दोषपूर्ण कार्यशैली से शासन को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराएं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत कर प्रगति आख्या पोर्टल पर अद्यतन करें। आरसेटी द्वारा आयोजित प्रशिक्षणों का विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराएं। आरसेटी द्वारा वर्तमान समय तक जनपद में जो भी प्रशिक्षण प्रदान किए गए हैं उनका सत्यापन कराकर विवरण उपलब्ध कराएं।
बैठक में अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक ने बैंकों में राज्य स्तर से संचालित विभिन्न योजनाओं की अब तक की प्रगति की जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि जनपद स्तर पर संचालित विभिन्न बैंकों में समेकित ऋण जमानुपात 55.67 प्रतिशत है तथा बैंक ऑफ़ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक एवं इंडियन ओवरसीज बैंकों ऋण जमानुपात प्रगति ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 814147 खाते सक्रिय है, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में अब तक 13682 लाभार्थियों को 23339.3 लाख के ऋण वितरित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 1389 लाभार्थियों को आच्छादित किया गया है। प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना के तहत प्रथम ऋण योजना में 585, द्वितीय ऋण योजना में 236 एवं तृतीय ऋण योजना में 169 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 670935, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 211050 एवं अटल पेंशन योजना में 104699 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 1829 आवेदन पत्र क्रेडिट लिंकेज के सापेक्ष बैंकों द्वारा 1508 प्रकरण स्वीकृत कर ऋण वितरित किए जा चुके हैं। सरकार द्वारा प्रायोजित ऋण योजनाओं में मुख्यमंत्री सूक्ष्म उन्नयन योजना के तहत 159, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 93, एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत 33 लाभार्थियों को ऋण वितरित किए गए हैं।
आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक में संबंधित अधिकारी ने बताया कि आरसेटी द्वारा जनपद में अब तक 330 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें 9126 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। बैठक में उपस्थित आरबीआई के प्रतिनिधि ने बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों के निराकरण हेतु सुझाव प्रदान करते हुए कहा कि यदि कोई बैंक पात्र लाभार्थियों के आवेदन निराकरण में अनावश्यक रूप से बाधा उत्पन्न करता है, तो संबंधित आवेदक आरबीआई द्वारा जारी *टोल फ्री नंबर 14441 एवं आरबीआई की वेबसाइट तथा WWW.CMS.RBI.org.in* पर शिकायत दर्ज करा सकता हैं।समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त जिला ग्राम विकास अभिकरण कपिल कुमार, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुषमा, उपनिदेशक कृषि अरविंद मिश्रा, उपायुक्त उद्योग सोनल जिंदल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Jul 02 2026, 19:44
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k