नामित अधिकारी शासन द्वारा जारी निर्देश पुस्तिका का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी
*सेक्टर मजिस्ट्रेट यह प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संबंधी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई
*परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं गर्मी से बचाव हेतु आवश्यक संसाधन पूर्ण करें
*उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के सफल आयोजन हेतु आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
शासन के निर्देश पर जनपद में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा में सम्मिलित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक तथा अन्य अधिकारी शासन द्वारा निर्धारित निर्देश पुस्तिका का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करें, परीक्षा के आयोजन हेतु नामित कार्यदायी संस्थाएं सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संबंधी समस्त आवश्यक सामग्री मुहैया कराएं, जिससे परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों को किसी भी प्रकार की सुविधा न हो, इसके साथ ही नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट इस आशय का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर परीक्षा संबंधी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने परीक्षा हेतु नामित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिये कि सभी केंद्रों पर महिला परीक्षार्थियों के लिए सुरक्षा हेतु कार्मिक तैनात रखें, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका केंद्रों पर शुद्ध पेयजल एवं सफाई व्यवस्था पूर्ण करें, मुख्य चिकित्सा अधिकारी परीक्षार्थियों के लिए केंद्र पर गर्मी से बचाव हेतु ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराएं। अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग यह सुनिश्चित कर लें कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, तकनीकी समस्या के कारण केंद्र पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर से विद्युत आपूर्ति पूर्ण कराएं। बैठक में परीक्षा के आयोजन के तैयारी की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 02, 03 एवं 04 जुलाई को कुल 05 पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम पाली का समय पूर्वाहन 09:30 से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय अपरान्ह 02:30 से 05:00 बजे तक निर्धारित है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 31560 परीक्षार्थियों (6312 परीक्षार्थी प्रति पाली) द्वारा कुल 05 पालियों में प्रतिभाग किया जाना है। परीक्षा के आयोजन हेतु जनपद में स्थापित 19 परीक्षा केंद्रों पर 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक, 19 सह केंद्र व्यवस्थापक तथा 526 कक्ष निरीक्षक नामित किए गए हैं। शासन के निर्देशानुसार उक्त परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुचितापूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
11 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
5.9k