सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई सम्पन्न
*केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रत्येक दशा में पहुंचाना सुनिश्चित करें सभी सम्बन्धित अधिकारीगण-सांसद सुलतानपुर*
सुलतानपुर, सांसद सुलतानपुर श्री राम भुआल निषाद की अध्यक्षता एवं सांसद संसदीय क्षेत्र अमेठी किशोरी लाल शर्मा की सह-अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (डीडीसीएमसी) दिशा की बैठक नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मा० सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह,सदस्य विधान परिषद देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी,विधायक इसौली मो० ताहिर खान, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारम्भ में जिलाधिकारी द्वारा मा० सांसद सुलतानपुर, सांसद अमेठी,सदस्य विधान परिषद,विधायक जगदीशपुर तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विधायक इसौली का पुष्पगुच्छ एवं ओ0डी0ओ0पी0 का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अध्यक्ष की अनुमति से बैठक का संचालन करते हुए गत दिशा बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन के सम्बन्ध में कृत कार्यवाही की आख्या प्रस्तुत की गई। ऐसे प्राथमिक विद्यालयों जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, उन्हें हटाने हेतु अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को जुलाई तक पूरा करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके उपरान्त केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में सदस्य विधान परिषद देवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अमृत सरोवर निर्माण की प्रगति के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास, टेक होम राशन इकाइयों, प्रेरणा कैंटीन, उचित दर की दुकानों एवं महिला उद्यमिता को और अधिक प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उन्होंने उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूह की योजना को और अच्छे ढंग से लागू करते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर व सशक्त बनायें।
विधान परिषद सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ने समिति की ओर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत निर्मित एवं अनुरक्षित सड़कों की गुणवत्ता, समयबद्ध मरम्मत तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, नमामि गंगे, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद/समिति के अध्यक्ष व सह-अध्यक्ष महोदय ने निर्देशित किया कि किसी भी योजना के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारी मुझसे भी प्रस्ताव ले लिया करें।
विधान परिषद सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ने कृषि क्षेत्र की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि अवसंरचना निधि, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ई-नाम, किसान क्रेडिट कार्ड तथा कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) जैसी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक किसानों तक पहुँचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं के अन्तर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मातृ वंदना योजना, मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम तथा टीकाकरण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र लाभार्थियों को सभी स्वास्थ्य सेवाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराया जाए। विधान परिषद सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी से टीएचआर प्लांट का निरीक्षण करने के निर्देश दिये।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान समग्र शिक्षा, पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन), विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा विद्यार्थियों के नामांकन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। विधायक इसौली द्वारा प्राथमिक विद्यालयों में बेहतर शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये। ब्लाक प्रमुख दूबेपुर प्रतिनिधि द्वारा प्राथमिक विद्यालयों शौचालय को और बेहतर करने की बात कहीं।
पेयजल, सिंचाई, पंचायत, ग्रामीण विकास, नगर विकास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांगजन कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, रोजगार सृजन, कौशल विकास, डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) सहित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। सांसद अमेठी महोदय ने जिला पूर्ति अधिकारी को योजनाओं की समीक्षा करने व जानकारी हेतु निर्देशित किया गया।
सांसद ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक बिन्दु पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समस्त जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का मूल उद्देश्य लोगों का अधिक से अधिक कल्याण करना है, इसलिये सभी ईमानदारी पूर्वक कार्य करते हुए आम जनमानस को लाभ पहुंचायें।
सांसद अमेठी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर अपने सुझाव दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि दिशा समिति की बैठक में प्राप्त सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि दिशा समिति में प्राप्त सुझावों एवं निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। इस अवसर पर समिति के सभी सम्मानित सदस्यगण व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Jun 27 2026, 19:01
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k