लक्ष्य, संकल्प और निरंतर कर्म ही स्वामी विवेकानंद का संदेश: सीएम योगी
* राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम ने 10 युवाओं व मंगल दलों को किया सम्मानित, खेल, पर्यावरण व जल संरक्षण पर बढ़ेगा फोकस
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लक्ष्य पर एकाग्रता, संकल्प पर दृढ़ता और कर्म में निरंतरता ही स्वामी विवेकानंद का मूल संदेश है। जब तक इन तीनों का समन्वय नहीं होगा, तब तक सफलता संभव नहीं है। इच्छाशक्ति और संकल्प के साथ युवा हर परिस्थिति में बदलाव के वाहक बन सकते हैं।
मुख्यमंत्री सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद और माता जीजाबाई को नमन किया तथा 10 युवाओं, तीन युवक मंगल दल और तीन महिला मंगल दल को राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी और लघु फिल्म का भी अवलोकन किया।
सीएम योगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ का मंत्र आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने नरेंद्र से स्वामी विवेकानंद बनने की यात्रा को साधक से युग प्रवर्तक की यात्रा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का विश्वास था कि भारत युवा शक्ति और आध्यात्मिक चेतना के बल पर विश्व गुरु बनेगा और आज यह संकल्प साकार होता दिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आवाज आज पूरी दुनिया सुन रही है।
* खेल, पर्यावरण और जल संरक्षण पर जोर
सीएम ने कहा कि अगली बार से स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड में खेल, पर्यावरण और जल संरक्षण के कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। युवक व महिला मंगल दल गांवों में खेल मैदान, जल संरक्षण, नदी व कुओं के पुनरुद्धार और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाएं। उन्होंने जुलाई 2026 में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य भी दोहराया।
* नशे के खिलाफ अभियान और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और इसके खिलाफ अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा समाज और राष्ट्र को खोखला करता है। सीएम ने बताया कि मिशन रोजगार के तहत यूपी में अब तक नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और निवेश व ओडीओपी के माध्यम से दो करोड़ युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब सिफारिश, अवैध वसूली और ‘महाभारत के रिश्ते’ नहीं चलेंगे, ऐसा करने वालों को जेल जाना पड़ेगा।
* तकनीक के साथ नैतिकता जरूरी
सीएम योगी ने युवाओं से एआई, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और ड्रोन जैसी नई तकनीकों से जुड़ने का आह्वान किया, साथ ही कहा कि तकनीकी प्रगति के साथ नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता भी आवश्यक है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
Jan 12 2026, 16:52
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.5k