*"मिशन शक्ति 5.0" के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण हेतु जागरूकता चौपाल आयोजित*
![]()
*गोण्डा।विकास खण्ड मुजेहना ग्राम पंचायत दुल्हापुर बनकट में "मिशन शक्ति 5.0" अभियान के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया, इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक द्वारा की गई, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन की प्रमुख उपस्थिति रही। इनके साथ-साथ जिले के अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा पंचायत राज विभाग के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ने महिलाओं एवं बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्हें आत्मरक्षा, अधिकारों एवं कानूनी सहायता के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन महिलाओं के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस चौपाल में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने "मिशन शक्ति 5.0" की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं बल्कि एक सामाजिक परिवर्तन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ सकता है जब उसकी महिलाएं शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर हों। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों को शिक्षित करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वावलंबी बनें।
चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं जैसे "मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना", "वन स्टॉप सेंटर", "महिला हेल्पलाइन 1090", "चाइल्ड हेल्पलाइन 1098" आदि की जानकारी दी और महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कर्मियों द्वारा आत्मरक्षा के प्रदर्शन किए गए एवं जागरूकता रैली भी निकाली गई। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्कूलों की बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें महिलाओं की शक्ति और संघर्ष को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा यह संदेश दिया गया कि महिलाएं अब अबला नहीं, बल्कि सबला हैं और समाज के हर क्षेत्र में अपना योगदान दे सकती हैं। "मिशन शक्ति 5.0" जैसे अभियान महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल हैं। इस चौपाल कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया गया। उप निदेशक कृषि ने किसानों को बीज वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रश्मि वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, उप जिलाधिकारी सदर गोंडा अशोक कुमार गुप्ता, तहसीलदार सदर गोंडा मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रोवेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, खण्ड विकास अधिकारी मुजेहना सत्य प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारी का उपस्थित रहे।
3 hours ago