जिला पंचायत सभागार के परिसर में "वृक्ष उत्पादक मेला" का किया गया भव्य आयोजन
![]()
गोण्डा। 19 सितम्बर,2025
जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में "वृक्ष उत्पादक मेला" का भव्य आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सांसद गोण्डा एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने की।
इस अवसर पर गोण्डा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं प्रगतिशील किसानों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक तरबगंज श् प्रेम नारायण पाण्डेय, विधायक करनैलगंज अजय सिंह, तथा एमएलसी गोण्डा/बलरामपुर अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह सम्मिलित हुए।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की एवं वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
भाजपा जिला महामंत्री जसवंत लाल सोनकर सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं व तकनीकी जानकारियों को किसानों के साथ साझा किया।
इस मेले में गोण्डा ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित हुए। इन किसानों ने वृक्ष आधारित खेती, बागवानी, वानिकी उत्पादों के विपणन एवं प्रसंस्करण संबंधी अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने सुझाव दिए कि सरकार को स्थानीय स्तर पर वृक्ष उत्पादों की खरीद, मूल्य निर्धारण एवं प्रसंस्करण केंद्रों की स्थापना पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
"वृक्ष उत्पादक मेला" के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन सांसद गोण्डा एवं केंद्रीय राज्य मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर विभागीय योजनाओं, तकनीकी जानकारियों एवं किसानों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों की सराहना की।
कार्यक्रम में अन्य जनपदों से पधारे प्रगतिशील किसानों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन किसानों को दिया गया, जिन्होंने वृक्ष आधारित कृषि प्रणाली को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी आय में भी वृद्धि की है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को वृक्ष आधारित कृषि प्रणाली की ओर प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण में उनकी सहभागिता को बढ़ाना रहा। मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष उत्पादन केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए भी एक प्रभावी साधन है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और प्रकृति के संरक्षण में सहभागी बनें।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं प्रेरणादायक उद्बोधनों के साथ हुआ। "वृक्ष उत्पादक मेला" ने किसानों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां उन्होंने ज्ञान का आदान-प्रदान किया और भविष्य की दिशा तय की।उन्होंने पर्यावरणीय संरक्षण एवं वानिकी विकास के तकनीकी पहलुओं पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम ने किसानों को वृक्ष उत्पादन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पर्यावरण एवं समृद्धि हेतु वानिकी, भा.वा.अ.शि.प. – पारिस्थितिक पुनर्स्थापन केंद्र, प्रयागराज के अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर गोंडा अशोक कुमार गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकार विनय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक प्रेम ठाकुर सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sep 19 2025, 17:42