झारखंड में 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, स्वस्थ नारी से बनेगा सशक्त परिवार
रांची - झारखंड में 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का राज्य स्तरीय शुभारंभ आज अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, श्री अजय कुमार ने किया। उन्होंने इस दौरान 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत से बने झारखंडी व्यंजन वैश्विक पहचान बना सकते हैं। उन्होंने महिलाओं से इन व्यंजनों की विधि सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की।
अजय कुमार ने कहा कि 2 अक्टूबर तक चलने वाले 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान के तहत, राज्य के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इस अभियान की सफलता का जिम्मा आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहियाओं पर है, जिन्हें अधिक से अधिक महिलाओं को जांच के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि झारखंड में रोजाना 4000 स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की कमी के बावजूद, झारखंड शिशु मृत्यु दर और मातृत्व मृत्यु दर में राष्ट्रीय औसत से बेहतर है, लेकिन संस्थागत प्रसव में सुधार की जरूरत है।
![]()
स्वस्थ थाली का महत्व
अपर मुख्य सचिव ने लोगों को चीनी, मैदा और तेल का सेवन कम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी थाली में सभी तरह की रंगीन सब्जियां और फल शामिल करने चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वस्थ रहेंगी तो उनके बच्चे भी स्वस्थ रहेंगे। पोषण माह में कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
'बिना स्वस्थ महिला के झारखंड अधूरा': समाज कल्याण सचिव
समाज कल्याण विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार ने कहा कि एक विकसित झारखंड की कल्पना बिना स्वस्थ महिलाओं के नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पिछले पोषण अभियानों में झारखंड का प्रदर्शन अच्छा रहा है, और इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने सहियाओं और आंगनबाड़ी सेविकाओं को महिलाओं की प्राथमिक जांच कराने और जरूरत पड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजने का निर्देश दिया।
इस दौरान, खूंटी और रामगढ़ की दो सहियाओं को उनके लोकल फ़ूड व्यंजन बनाने में बेहतर प्रदर्शन के लिए 21,000 और 10,000 रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ‘पोषण के पाँच सूत्र’ और ‘पहले हजार दिन’ पर आधारित पोस्टर भी जारी किए गए।
Sep 19 2025, 10:18