औरंगाबाद: ज्योति सिंह की राजनीतिक पारी पर अक्षरा सिंह ने दी शुभकामनाएं, खुद के राजनीति में आने पर कहा - अभी 'काम करे दा'
औरंगाबाद: भोजपुरी सिने जगत की लोकप्रिय अदाकारा और गायिका अक्षरा सिंह ने शनिवार को औरंगाबाद में एक मॉल का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत में अपनी राजनीतिक योजनाओं और पूर्व सह-कलाकार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पर खुलकर बात की।
राजनीति में आने के सवाल पर अक्षरा ने फिलहाल इससे इनकार किया। उन्होंने भोजपुरी में कहा, "अरे अभी पहिले कर लेवे दा आपन काम, अभी बहुते काम बा, काम करे दा, हमर काम के सपोर्ट करी। आगे देखल जाई।" इसका अर्थ है कि अभी उनका पूरा ध्यान अपने काम पर है और जब काम से फुर्सत मिलेगी, तब ही वह इस बारे में सोचेंगी। उन्होंने अपने प्रशंसकों से अपने काम को समर्थन देने की अपील की।
ज्योति सिंह को दीं शुभकामनाएं
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के राजनीति में कदम रखने पर पूछे गए सवाल पर अक्षरा सिंह का जवाब सकारात्मक रहा। उन्होंने कहा, "हर महिला को, समाज की हर महिला को आगे बढ़ना चाहिए। ज्योति सिंह भी आगे बढ़ रही हैं। वह बहुत अच्छी कलाकार हैं और अब राजनीति में आकर अच्छा कर रही हैं।" उन्होंने ज्योति सिंह को अपनी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं दीं और उनके सफल होने की कामना की।
औरंगाबाद से खास रिश्ता और एक अजीब संयोग
अक्षरा सिंह ने औरंगाबाद के लोगों से मिले प्यार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों से उन्हें ढेर सारा प्यार मिलता है और जब भी यहां से बुलावा आता है, वह बेहिचक चली आती हैं। उन्होंने लोगों से मिले स्नेह के लिए अपना आभार भी व्यक्त किया।
बातचीत के दौरान यह भी सामने आया कि अक्षरा सिंह के साथ औरंगाबाद में एक अजीब संयोग जुड़ा है। बताया जाता है कि जिस भी मॉल का उद्घाटन वह यहां करती हैं, वह बाद में बंद हो जाता है। पिछले साल भी उन्होंने जिस मॉल का उद्घाटन किया था, वह भी अब बंद हो चुका है।
Sep 07 2025, 17:37