SCO मीटिंग की सफलता देख अमेरिका ने बदला सुर, ट्रंप के वित्त मंत्री का बड़ा बयान
#donaldtrumpaidescottbessentsoftenstoneindiaus_ties
चीन में हो रहे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक की तस्वीरों को देखने का बाद ऐसा लग रहा है, अमेरिका की आंखे खुल गई है। तियानजिन में हुए एससीओ सम्मेलन की सफलता के ठीक अगले दिन अमेरिका ने भारत के साथ संबंधों पर सकारात्मक सुर अपनाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भारत-यूएस संबंधों को लेकर कहा है कि दोनों लोकतंत्रों की बुनियाद मज़बूत है और वे अपने मतभेदों को सुलझाने में सक्षम हैं। जल्द ही वाशिगंटन और नई दिल्ली के रिश्ते पटरी पर लौट आएंगे।
“रूस-चीन से ज्यादा हमारे करीब है भारत”
बेसेंट ने फॉक्स न्यूज के साथ इंटरव्यू में भारत के साथ संबंधों पर बात की है। उनसे सवाल हुआ कि क्या ट्रंप के 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद भारत का झुकाव चीन और रूस की तरफ हो गया है। इस पर उन्होंने अमेरिका और भारत के व्यापारिक मतभेद दूर होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि दो महान देश मिलकर चीजें सुलझा लेंगे। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला लोकतंत्र है। उनके मूल्य चीन की तुलना में हमारे मूल्यों के बहुत करीब हैं और रूस की तुलना में भी वह हमारे करीब है।
एससीओ को लेकर क्या है यूएस की राय?
बेसेंट ने हाल ही में व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के साथ शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भागीदारी पर भी बात की। बेसेंट ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक से अमेरिका के लिए चिंता की बात को नकार दिया। उन्होंने कहा कि एससीओ एक दीर्घकालिक बैठक है और यह काफी हद तक औपचारिक है। वर्षों से हो रही इस बैठक का कोई खास असर जमीन पर देखने को नहीं मिलेगा।
भारत की रूस से तेल खरीद की आलोचना
हालांकि, भारत की रूस से तेल खरीद की आलोचना की। अमेरिका का मानना है कि भारत रूस से तेल खरीद कर उसे यूक्रेन जंग के लिए आर्थिक सहायता कर रहा है। बेसेंट ने कहा कि भारतीय रूसी तेल सस्ते में खरीदकर रिफाइन कर बेच रहे हैं, जिससे युद्ध प्रयासों को फंड मिल रहा है। यह टिप्पणी ट्रंप प्रशासन द्वारा भारत पर लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ के संदर्भ में आई, जो रूसी तेल आयात और धीमी व्यापार वार्ता पर आधारित हैं।
एससीओ सम्मेलन के बाद बदले यूएस के सुर
बेसेंट का ये बयान एससीओ सम्मेलन के बाद आया है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बेहद गर्मजोशी से मुलाकात की। भारत का रूस के साथ-साथ चीन के करीब जाना पश्चिमी देशों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
Sep 02 2025, 12:24