1 सितंबर से दिल्ली-वॉशिंगटन फ्लाइट सर्विस बंद, जानें एअर इंडिया के इस फैसले की वजह
#air_india_to_suspend_delhi_washington_flights_from_september_1
एयर इंडिया 1 सितंबर 2025 से दिल्ली और वाशिंगटन, डी.सी. के बीच अपनी सेवाएं बंद कर देगी। एअर इंडिया ने सोमवार को घोषणा की कि वह एक सितंबर 2025 से दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद कर रही है। यह फैसला कई परिचालन कारणों की वजह से लिया गया है, जिसमें पूरे हवाई मार्गों की विश्वसनीयता और संचालन की मजबूती सुनिश्चित करना शामिल है।
दरअसल, एयर इंडिया के इस फैसले के पीछे दो वजह है। एअर इंडिया के 26 Boeing 787-8 विमानों में अपग्रेड का काम चल रहा है, जिससे कई विमान लंबे समय तक उड़ान के लिए उपलब्ध नहीं हो सकेंगे। एअर इंडिया ने पिछले महीने अपने 26 बोइंग 787-8 विमानों की रिट्रोफिटिंग (नया और उन्नत बनाना) की प्रक्रिया शुरू की है। यह एक बड़ा और विस्तृत कार्यक्रम है, जिसका मकसद यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना है। इस प्रक्रिया के कारण एक ही समय में कई विमान लंबे समय तक सेवा से बाहर रहेंगे और यह स्थिति कम से कम 2026 के अंत तक बनी रहेगी।
वहीं, पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद है, जिससे लंबी दूरी की उड़ानों में दिक्कत हो रही है। इससे उड़ानों को लंबा मार्ग तय करना पड़ता है, जिससे उड़ानों का संचालन और अधिक जटिल और मुश्किल हो जाता है।
जिन यात्रियों ने 1 सितंबर 2025 के बाद की बुकिंग की है, उनसे संपर्क किया जाएगा और उन्हें दो विकल्प दिए जाएंगे। दूसरी फ्लाइट में बुकिंग और पूरा पैसा वापस भी लेने का विकल्प मिलेगा।एअर इंडिया के यात्री अभी भी वॉशिंगटन तक वन स्टॉप वाली उड़ानों का विकल्प चुन सकते हैं। ये उड़ानें अमेरिका के चार बड़े शहरों – न्यूयॉर्क (जॉन एफ. कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा), नेवार्क (ईडब्ल्यूआर), शिकागो और सैन फ्रांसिस्को के जरिए उपलब्ध होंगी।
इसमें एअर इंडिया की साझेदारी अलास्का एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस और डेल्टा एअर लाइंस के साथ है, जिससे यात्री एक ही टिकट पर पूरी यात्रा कर सकेंगे और उनका सामान सीधे अंतिम गंतव्य तक भेजा जाएगा। एयर इंडिया भारत और उत्तरी अमेरिका के छह शहरों के बीच नॉन-स्टॉप उड़ानों का संचालन जारी रखेगी, जिनमें कनाडा के टोरंटो और वैंकूवर भी शामिल हैं।
बता दें कि अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से एअर इंडिया की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इस हादसे ने भारतीय एविएशन सिस्टम और एयर इंडिया की सुरक्षा प्रक्रियाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए। 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जाने वाला विमान हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित 279 लोगों की मौत हो गई थी।
5 hours ago