एचईसी ठेका मजदूरों के समर्थन में आजसू पार्टी, प्रबंधन को आंदोलन तेज करने की चेतावनी
रांची, 17 जुलाई 2025: हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (एचईसी) के ठेका मजदूरों की चल रही हड़ताल को अब आजसू पार्टी का भी समर्थन मिल गया है। पार्टी ने एचईसी प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि पिछले 17 दिनों से चल रहे एचईसी सप्लाई मजदूर संघर्ष समिति के आंदोलन का उचित समाधान नहीं निकाला गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मजदूरों के निमंत्रण पर आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत और झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर आज एचईसी मुख्यालय पर प्रदर्शन में शामिल हुए और मजदूरों की मांगों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
![]()
आउटसोर्सिंग के फैसले पर विरोध
डॉ. देवशरण भगत ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एचईसी प्रबंधन ने 1400 ठेका मजदूरों को आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से रखने का निर्णय लिया है, जिसका मजदूर कड़ा विरोध कर रहे हैं। उन्होंने एचईसी प्रबंधन से "सप्लाई कामगारों का शोषण करने का प्रयास न करने" की अपील की।
प्रवीण प्रभाकर ने दोहराया कि ठेका मजदूरों का हक नहीं छीनने दिया जाएगा और आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से झारखंडी मजदूरों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजसू ने झारखंड राज्य इसलिए बनाया है ताकि गरीबों और मजदूरों को उनका हक मिले। प्रभाकर ने यह भी जोड़ा कि स्थानीय विस्थापित मजदूरों के हितों को नजरअंदाज कर एचईसी का जीर्णोद्धार पूरा नहीं माना जा सकता। उन्होंने जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को केंद्र सरकार तक उठाने की बात कही।
मजदूरों की मुख्य मांगें
संघर्ष समिति ने नेहरू पार्क से एचईसी मुख्यालय तक जुलूस निकाला और घंटों प्रदर्शन के साथ-साथ सभा भी की।
सभा की अध्यक्षता करते हुए दिलीप सिंह ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से काम करने वाले मजदूरों को प्रबंधन अब आउटसोर्सिंग के हवाले करना चाहता है। उन्होंने कहा कि "आज के समय में एक भी मजदूर ने आउटसोर्सिंग का फॉर्म नहीं भरा है।" दिलीप सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रबंधन पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं करता और चार महीने का बकाया वेतन नहीं देता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
सभा को रंथु लोहरा, मनोज पाठक, उवैस आज़ाद, वाई त्रिपाठी, राजेश शर्मा, मोईन अंसारी, शारदा देवी, शांति देवी, रोहित पाण्डेय, प्रेम नाथ शाहदेव, फिरोज अंसारी सहित कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया।
Jul 17 2025, 20:04