डीएम अध्यक्षता में हुई विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक
![]()
सीके सिंह(रूपम),सीतापुर। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। संचारी रोग नियन्त्रण अभियान 01 से 31 जुलाई तक तथा दस्तक अभियान 11 से 31 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिये कि सभी अधिकारी निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार गतिविधियां संचालित करायें। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिये कि मच्छर जनित रोग जिस स्थान से मिले, वहां वेक्टर कन्ट्रोल हेतु व्यापक गतिविधियां तत्काल संचालित करायी जायें तथा मरीजों को तत्काल समुचित उपचार दिया जाये। मलेरिया के खैराबाद, बिसवां, गोंदलामऊ एवं हरगांव विकास खण्डों में अधिक प्ररकण तथा डेंगू के हरगांव में सबसे अधिक प्रकरण मिलनें पर जिलाधिकारीरं ने निर्देश दिये कि संवेदनशील गांवों को चिन्हित करते हुये फागिंग, स्वच्छता एवं एंटीलार्वा छिड़काव की गतिविधियां व्यापक रूप से संचालित की जायें। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण करना सुनिश्चित करें। जिला मलेरिया अधिकारी को भी निर्देशित किया कि मलेरिया एवं डेंगू के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण हेतु कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्वच्छता, फागिंग, एण्टीलार्वा का छिड़काव, झाड़ियों का कटान आदि से संबंधित गतिविधियां पूर्ण मनोयोग से संचालित कराएं। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुये कहा कि संक्रामक रोगों यथा डेंगू, मलेरिया, ए0ई0/जे0ई0एस0 आदि के प्रभावी नियंत्रण द्वारा हम किसी की जान बचा सकते हैं। बेहतर अन्तर्विभागीय समन्वय से गतिविधियां संचालित करने से निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।
जिलाधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को प्रदर्शन में सुधार के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि इण्डीकेटर्स में प्रदर्शित की गयी कमियों की जांच कराते हुये तत्काल उचित कार्यवाही की जाये, जिससे प्रदर्शन में सुधार हो। विद्यालयों में भी व्यापक स्तर पर गतिविधियां एवं जागरूकता अभियान संचालित कराये जाने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा की संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान शासन की प्राथमिकताओं में अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसकी उच्च स्तर से भी नियमित रूप से समीक्षा भी होती है। अभियान की गतिविधियां धरातल पर प्रदर्शित होनी चाहिए। सभी गतिविधियों का अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया जाए। गतिविधियों के जी0पी0एस0 युक्त फोटोग्राफ प्रेषित किये जायें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभियान में लापरवाही करने वालो के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
दस्तक अभियान की मानीटरिंग भी नियमित रूप से की जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए एक महत्त्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना, रोगों के प्रसार को रोकना और समुचित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, इसलिए इसे बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय से व्यापक स्तर पर संचालित कराया जाये।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी निधि बंसल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सुरेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी डा0 निरीश चन्द्र साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।
Jul 14 2025, 17:14