संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2025 (पॉलीटेक्निक) का परिणाम घोषित, काउन्सिलिंग 27 जून से
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश हेतु आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2025 का परिणाम आज परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jeecup.admissions.nic.in पर जारी कर दिया गया। परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा 5 जून से 13 जून के बीच कंप्यूटर आधारित पद्धति से संपन्न हुई थी।
इस परीक्षा में कुल 4,25,993 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3,31,193 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इनमें से 3,31,174 अभ्यर्थी काउंसिलिंग के लिए अर्ह पाए गए हैं। सचिव के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों की संख्या में 8% की वृद्धि दर्ज की गई है।
परिणाम में ग्रुप टॉपर्स:
ग्रुप A: शुभ दीक्षित (झांसी), ग्रुप B: अनुज प्रताप (चन्दौली), ग्रुप C: दशरथ यादव (जौनपुर), ग्रुप D: आशीष तिवारी (अयोध्या), ग्रुप E: तेजवीर सिंह (आगरा), ग्रुप F: अंजिली शर्मा (गोरखपुर), ग्रुप G: हर्ष श्रीवास्तव (बस्ती), ग्रुप H: सत्यपाल पाण्डेय (आजमगढ़), ग्रुप I: अभिनव चौहान (गाजीपुर)।
काउंसिलिंग प्रक्रिया 27 जून से प्रारंभ होकर 14 अगस्त 2025 तक 5 चरणों में चलेगी, जिसमें मुख्य और विशेष दोनों राउंड शामिल हैं। प्रवेश इंजीनियरिंग, फार्मेसी एवं अन्य एक-दो-तीन वर्षीय पाठ्यक्रमों में होगा। प्रदेश की 150 राजकीय/अनुदानित पॉलीटेक्निक संस्थाओं को काउंसिलिंग सहायता केंद्र नामित किया गया है, जहाँ अभ्यर्थी विकल्प भरने, दस्तावेज सत्यापन एवं मार्गदर्शन के लिए जा सकते हैं। विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
Jun 24 2025, 10:45