रालोद ने मनाई चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि, पदाधिकारियों ने विधानसभा तक निकाला पैदल मार्च
![]()
लखनऊ। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा स्व. चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अपने प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हवन-पूजन किया और कार्यालय परिसर में स्थापित चौधरी साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात रालोद कार्यकर्ताओं ने "चौधरी चरण सिंह अमर रहें" के नारों के साथ पैदल मार्च करते हुए विधान सभा पहुंचे, जहां मुख्य द्वार पर स्थित उनकी प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए अनिल दुबे ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना सम्पूर्ण जीवन देश के दलितों, पिछड़ों, किसानों और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने न केवल उन्हें राजनीति में भागीदारी दिलाई बल्कि ग्रामीण भारत की आत्मा को भारतीय राजनीति की मुख्यधारा से जोड़ा। उनका जीवन हर जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है। गोष्ठी का संचालन व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने किया।
रालोद के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने जानकारी दी कि इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम हैदर, आदित्य विक्रम सिंह, महासचिव संतोष यादव, कोषाध्यक्ष बी.एल. प्रेमी, अम्बुज पटेल, महेश पाल धनगर, मनोज सिंह चौहान, रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, पी.के. पाठक, प्रमोद शुक्ला, अमन पांडेय समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे और चौधरी साहब को श्रद्धांजलि दी।
May 29 2025, 15:14