बिहार मे चरम पर अपराध,अचेत अवस्था में हैं सीएम नीतीश कुमार : नेता प्रतिपक्ष
डेस्क : बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को "भयावह" बताते हुए कहा कि अपराधियों को सरकार ने खुली छूट दे दी है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार "अचेत अवस्था" में हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि, "पटना जैसे राजधानी शहर में एक दिन में पांच-पांच गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। हालात इतने खराब हैं कि हर जिले में व्यापारी वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। गोलीबारी और हत्याएं हो रही हैं, लेकिन एक भी समीक्षा बैठक नहीं की जा रही है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री तक सही जानकारी नहीं पहुंचाई जाती। "नीतीश कुमार को सिर्फ लिखा-पढ़ी का एक कागज थमा दिया जाता है। अधिकारी उन्हें भ्रमण पर ले जाते हैं और वापस भी ले आते हैं। निरीक्षण के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं निभाई जाती हैं।" तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अफसरशाही चल रही है। अधिकारी कहते हैं तो सीएम नीतीश उठते हैं, अधिकारी बोलते हैं तो सीएम नीतीश बैठते हैं।
वहीं चिराग पासवान से नीतीश कुमार की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि "यह उनका निजी मामला है, हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है।" तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि सत्ता पक्ष का काम अब सिर्फ "लालू यादव और तेजस्वी यादव को गाली देना" रह गया है। उन्होंने कहा कि, "अगर हम कुछ बोलते हैं तो हमें 2005 से पहले की याद दिलाई जाती है। अब 2005 में जन्मा बच्चा भी 20 साल का हो गया है। उसके भविष्य के बारे में सोचिए।"
May 19 2025, 17:53