उत्तर प्रदेश में 44 सहायक लेखाधिकारियों को मिली पदोन्नति, बने लेखाधिकारी
![]()
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त विभाग के अंतर्गत कार्यरत 44 सहायक लेखाधिकारियों को लेखाधिकारी पद पर पदोन्नति देकर बड़ी प्रशासनिक राहत दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से प्रदेश में लेखा प्रणाली के संचालन में न केवल दक्षता बढ़ेगी, बल्कि कर्मचारियों के मनोबल को भी बल मिलेगा।
इस पदोन्नति के आदेश जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश लेखा एवं लेखा परीक्षा परिसंघ में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिसंघ के अध्यक्ष सुशील कुमार बच्चा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए शासन का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कार्मिकों को यह उपलब्धि मिलने से संगठन को नई ऊर्जा मिली है।
अध्यक्ष सुशील कुमार बच्चा ने आगे बताया कि परिसंघ की ओर से शासन से अनुरोध किया गया है कि विभाग में शेष रिक्त पदों के लिए भी जल्द समिति की बैठक बुलाकर पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, बल्कि योग्य कार्मिकों को समय पर सम्मान भी मिल सकेगा।
पदोन्नति प्राप्त करने वाले अधिकारियों में शरद कुमार शुक्ला, यदुवेश चतुर्वेदी, हरीश कुमार चौधरी, विशाल कुमार साहू, मनोज कुमार श्रीवास्तव और प्रदीप गौतम सहित कई अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सरकार की सकारात्मक पहल बताया।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा समय-समय पर किए गए ऐसे फैसले कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने का काम करते हैं और कार्य संस्कृति में सुधार लाते हैं। साथ ही इससे सेवा के प्रति उत्तरदायित्व और कार्यक्षमता में भी इजाफा होता है। पदोन्नति को लेकर विभागीय स्तर पर भी उत्साह का माहौल है।
May 15 2025, 15:20