आधी आबादी बनेगी प्रगति का आधार: मंत्री सुदिव्य कुमार ने शहरी स्वयं सहायता समूहों से किया संवाद
![]()
हजारीबाग: नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने गुरुवार को हजारीबाग में आयोजित राज्य स्तरीय "शहरी स्वयं सहायता समूहों के साथ परिचर्चा" कार्यक्रम में भाग लिया। DAY-NULM योजना के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, सीआरपी और सिटी मिशन मैनेजरों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं और विचारों को जाना।
![]()
विभिन्न जिलों से आईं स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से बातचीत करते हुए मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य सरकार आधी आबादी यानी महिलाओं को पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राज्य की प्रगति में योगदान देने के लिए सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उनके सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
मंत्री ने महिलाओं की कार्य कुशलता की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उनकी पहचान मजबूत हुई है और अब उन्हें रोजगार के साथ-साथ सम्मान भी मिल रहा है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करते हुए अन्य महिलाओं को भी इस आंदोलन से जोड़ें और 20 हजार के आंकड़े को 40 हजार तक पहुंचाने में सहयोग करें।
श्री सुदिव्य कुमार ने स्वयं सहायता समूहों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया और कहा कि विभाग उनकी सफलता में आने वाली हर बाधा को दूर करने का प्रयास करेगा। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से नए ब्रांड के रूप में बाजार में आने और ई-मार्केटिंग जैसे माध्यमों से अपने उत्पादों को बेचने का सुझाव दिया।
![]()
कार्यक्रम में उपायुक्त श्रीमती नैंसी सहाय ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करके उनके जीवन स्तर में सुधार किया जा सकता है और इससे देश की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परिचर्चा से प्राप्त सुझावों को नीतियों के निर्माण में शामिल किया जाएगा और समूहों की जरूरतों के अनुसार कार्य योजनाएं बनाई जाएंगी।
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन निदेशालय के निदेशक श्री सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद समेत विभिन्न जिलों के अधिकारी और स्वयं सहायता समूह के सदस्य उपस्थित रहे।
May 09 2025, 19:33