सीएम नीतीश कुमार ने गया में राज्य अतिथि गृह का किया उद्घाटन और खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों का लिया जायजा

Gaya: बिहार के पर्यटन नक्शे पर बोधगया को एक नई पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यहां 136.15 करोड़ की लागत से बने राज्य अतिथि गृह का विधिवत उद्घाटन किया है। महाबोधि मंदिर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर बना यह सात मंजिला भव्य भवन अब वीआईपी मेहमानों और विदेशी पर्यटकों के स्वागत में हर तरह की सुविधा से लैस है। साल 2020 में निर्माण काम शुरू हुआ था। अब 'बौद्ध शैली' में आलीशान गेस्ट हाउस बन कर तैयार हुआ है। कोरोना काल में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को लेकर राज्य सरकार ने खास पहल की थी।

अब यह होटल एक आधुनिक लेकिन आध्यात्मिक स्वरूप में सामने आया है। इसकी डिजाइन महाबोधि मंदिर और लोमष ऋषि गुफा से प्रेरित है। दरअसल, बोधगया में राज्य अतिथि गृह का उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार ने बुधवार को एक बार फिर से किया है। इससे पहले उन्होंने 6 मार्च 2024 को वर्चुअल उद्घाटन किया था। उस समय इस होटल का नाम राज्य अतिथि गृह था। अब इसका नाम महाबोधि अतिथि गृह कर दिया गया। उद्घाटन पर उद्घाटन के पीछे सरकार या फिर जिला प्रशासन की क्या मंशा है। इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। खास बात यह भी है कि इस बार होटल चलाने की विधिवत जिम्मेदारी आईटीसी को दी गई है। अब वही इस होटल को करार के तहत संचालित करेगा।

छत से राज्य अतिथि गृह का लिया जायजा
CM ने होटल की छत से राज्य अतिथि गृह का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि होटल अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया गया है। पास में ही महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र है। उसी बगल में होटल बनाया गया। अब इसमें बाहर से आने वाले अतिथि रुक सकेंगे। यह बोधगया के लिए बहुत अच्छा
हो गया। सीएम ने राज्य अथिति गृह के बाद सीएम महाबोधि मंदिर का दर्शन किया और फिर वे वहां से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों का निरीक्षण करने बिपार्ड पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य अतिथि निवास से सीधे महाबोधि मंदिर पहुंचे। फिर वहां से बिपार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स और उसकी तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों को निर्देश भी दिया कि, 4 मई से खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन होना है, बिहार के 5 जिले इसकी मेजबानी करेंगे, जिसमें गया जिला भी शामिल है। गया में आईआईएम बोधगया और गया के बिपार्ड में आयोजन होना है। बड़े स्तर पर खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारी गया में हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस का निरीक्षण किया। स्विमिंग पूल-स्पा की मिलेगी सुविधा अतिथि गृह की सुविधाएं ऐसी है कि जैसे किसी 5 स्टार होटल की सुविधा हो। यहां 2 प्रेसिडेंशियल सुइट, 8 वीआईपी सुइट, 80 डबल रूम, 10 सिंगल रूम, 30 बेड का डॉरमेट्री, स्विमिंग पूल, स्पा, जिम, बार, बिजनेस सेंटर और दो रेस्टोरेंट है। 150 लोगों का कॉन्फ्रेंस हॉल भी है। तेज वाई-फाई, हाई-टेक सिक्योरिटी है। पर्यटन को बूस्ट मिलेगा। बोधगया इंटरनेशनल डेस्टिनेशन बनेगा। बिहार पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि इस होटल के संचालन से बोधगया में ठहरने की उच्च स्तरीय सुविधा उपलब्ध है। इससे विदेशी बौद्ध अनुयायियों के साथ ही सरकारी प्रतिनिधियों के लिए प्रीमियम दर पर यह प्राथमिक ठिकाना बन सकेगा।
आम लोगों के लिए मुख्य रास्ता होगा प्रतिबंधित
मुख्यमंत्री के आगमन के लेकर गया और बोधगया में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था हुई। सुबह के दस बजे से लेकर एक बजे तक गया डोभी रोड आम अवाम के लिए प्रबंधित है। गया डोभी रोड केवल वीवीआईपी के लिए सुबह 10 बजे से लेकर 11 बजे तक खुला रहेगा। आम लोगों को बोधगया रिवर साइड रोड का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य को जाना होगा। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री गया एयरपोर्ट से 5 मिनट पहले ही निकल गए।
May 03 2025, 11:43